
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में उसके समन का पालन नहीं करने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ यहां एक अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट थाना क्षेत्र के मोहल्ला खुराडा में फिरौती के लिए नौ साल के लड़के का अपहरण करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय सुहैल और 23 वर्षीय अब्दुल्ला के रूप में हुई।
झारखंड के साहिबगंज जिले के उधवा स्थित गंगा घाट से वन विभाग के कर्मियों ने एक मरी हुई डॉल्फिन बरामद की। जैसे ही वन विभाग को मरी हुई डॉल्फिन मिलने की सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने उत्तराखंड में बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने राज्य के उच्च हिमालय क्षेत्र में कहीं-कहीं बहुत ही हल्की वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त करते हुए कहा कि 2,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।
4 से 5 फरवरी तक उच्च हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी होने की संभावनाएं हैं। 6 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, जनपदों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।
महाराष्ट्र में आरोपी भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ और 2 अन्य आरोपियों को उल्हासनगर अदालत में लाया गया। भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने कल महेश गायकवाड़(शिवसेना शिंदे गुट के नेता) को उल्हासनगर में गोली मार दी थी।
पीएमएलए कोर्ट रांची ने झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को फ्लोर टेस्ट में भाग लेने की अनुमति दे दी है। उन्हें 31 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित भूमि घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।
BJP के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "...यह भारत रत्न अपने वोट को बांधने के लिए दिया जा रहा है।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 'न्याय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा, "...यह लड़ाई देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है। अगर इस लड़ाई में आप असफल हुए तो समझ लीजिए कि आप स्थायी रूप से PM मोदी के ग़ुलाम हो जाएंगे। अगर भाजपा से आप डट कर मुकाबला नहीं करेंगे तो आने वाले दिनों में युवाओं, महिलाओं, SC, ST, OBC को तकलीफ होगी, अभी इन्हें तकलीफ हो रही है लेकिन आगे और होगी..."
उत्तर प्रदेश के बदायूं में शनिवार को सरकारी आवास में महिला जज ज्योत्सना राय का शव फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी होने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएम-एसएसपी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए।
बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जज ज्योत्सना राय शनिवार को जब न्यायालय नहीं पहुंचीं। उनके आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा नहीं खुला तो उनके कर्मचारियों ने पुलिस और कंपाउंड में रहने वाले अन्य जजों को बताया, इससे तत्काल सभी लोग मौके पर पहुंच गए।
एक्ट्रेस और मॉडल पूनम पांडे जिंदा हैं। एक्ट्रेस ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा है कि वे जिंदा है और उनकी सर्वाइकल कैंसर से मौत नहीं हुई है। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के प्रति 'जागरूकता' का दावा करते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।''
उल्हासनगर फायरिंग पर शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "एक विधायक के घर में ये फायरिंग हो रही है और खुलेआम विधायक बोलता है कि मुख्यमंत्री शिंदे ने मुझे मजबूर किया फायरिंग करने के लिए..."
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "हिंदुस्तान में 'अडानी' नाम लिया जाता है तो लोगों को बात एक सेकंड में समझ आ जाती है... जो आपकी पूंजी है वो नरेंद्र मोदी अपने मित्र अडानी को एक के बाद एक दिए जा रहे हैं। हम जमीन अधिकरण बिल लाए... प्रधानमंत्री मोदी ने जमीन अधिकरण बिल को रद्द किया... सब लोगों के खिलाफ कहीं न कहीं अन्याय हो रहा है... अडानी के लिए न्याय किया जा रहा है और बाकि लोगों के लिए अन्याय किया जा रहा है..."
कांग्रेस महासचिव(संचार) जयराम रमेश ने कहा, "...ममता बनर्जी के मन में कोई संदेह नहीं होना चाहिए। 11 दिन भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में रहेगी... उन्होंने(ममता बनर्जी) कांग्रेस पार्टी के बारे में बहुत सारी बातें कही हैं... मैं यही कहूंगा कि वे बार-बार कह रही हैं कि वे INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं... हमारा एक ही निशाना होना चाहिए। हम लोग भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं... INDIA गठबंधन राष्ट्रीय स्तर के लिए है, विधानसभा स्तर के चुनाव के लिए नहीं है।"
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अंतर्गत नालागढ़ के झाड़माजरी के पास एनआर अरोमा परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगी। मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं. आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Feb 2024, 8:05 AM IST