
महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले के कनपा गांव के पास एक कार की निजी बस से टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले के कनपा गांव के पास एक कार की निजी बस से टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। बाकी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर निर्माणाधीन अगुवानी-सुल्तानगंज पुल आज गिर गया और नदी में समा गया। इस घटना का संज्ञान लेते हुए सीएम नीतीश कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस पुल का निर्माण करीब 1700 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा था।
तमिलनाडु के मंत्री उधयनिधि स्टालिन ने बालासोर ट्रेन हादसे पर कहा कि हमने उस अस्पताल का निरीक्षण किया जहां ट्रेन हादसे के बाद लोग इलाज करा रहे हैं। हमें पता चला कि अस्पताल में किसी भी तमिल नागरिक को भर्ती नहीं किया गया था। अब तक तमिलनाडु के किसी भी यात्री की जान नहीं गई है, सभी सुरक्षित हैं।
बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर निर्माणाधीन अगुवानी-सुल्तानगंज पुल गिर गया है। पुल गिरने की घटना का स्थानीय लोगों ने वीडियो बना लिया है, जो वायरल हो रहा है। यह दूसरी बार है जब यह पुल गिरा है। इस पुल का निर्माण करीब 1700 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा था।
रेलवे बोर्ड ने ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बोर्ड ने बालासोर हादसे की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है। उन्होंने बताया कि बचाव का काम पूरा हो गया है और ट्रैक बहाली का काम चल रहा है। ट्रैक से जुड़ा काम हो चुका है और ओवरहेड वायरिंग का काम चल रहा है। अस्पतालों में मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ओडिशा ट्रेन हादसे को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि जो (बीजेपी नीत केंद्र सरकार) इतिहास बदल सकते हैं, कोई भी संख्या बदल सकते हैं। लोगों के साथ खड़े होने के बजाय, वे मुझे, नीतीशजी, लालूजी को गाली दे रहे हैं... 2022 में गोधरा में चलती ट्रेन में आग कैसे लग गई?... इतने लोग मारे गए, उन्हें कम से कम माफी मांगनी चाहिए थी।
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन दुर्घटना स्थल पर रेलवे ट्रैक के मरम्मत का काम लगातार हो रहा है। फिलहाल ट्रैक का परीक्षण चल रहा है। रेलवे बोर्ड के अनुसार, आज रात 8 बजे तक कम से कम दो रेलवे लाइनों के चालू होने की उम्मीद है।
भारत सरकार ने मणिपुर में हिंसा की घटनाओं की जांच के लिए गौहाटी उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजय लांबा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एक जांच आयोग का गठन किया है। पूर्व आईएएस अधिकारी हिमांशु शेखर दास और पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक प्रभाकर आयोग में सदस्य बनाए गए हैं।
ओडिशा के बालासोर में ट्रेन दुर्घटना के स्थल पर बहाली का काम चल रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 4. 45 बजे अप-लाइन का ट्रैक लिंकिंग किया गया है। ओवरहेड विद्युतीकरण का काम शुरू हो गया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कहा कि ओडिशा ट्रेन हादसे में पश्चिम बंगाल के 62 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 206 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य के 73 लोग ओडिशा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। जबकि पश्चिम बंगाल के 56 लोगों को ओडिशा के अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। 182 लोगों की पहचान होनी बाकी है।
भारतीय रेलवे ने कहा है कि ओडिशा में बालासोर के पास बहनागा बाजार स्टेशन पर 12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और 12864 एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट के पटरी से उतरने के मामले में दक्षिण पूर्वी सर्कल के रेलवे सुरक्षा आयुक्त 5 और 6 जून को साउथ इंस्टीट्यूट, खड़गपुर में एक वैधानिक जांच करेंगे।
एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना स्थल पर चल रहे बचाव अभियान पर अपडेट देते हुए कहा कि बचाव अभियान कमोबेश पूरा हो गया है। लगभग 300 बचावकर्ताओं वाली कुल 9 टीमें अभी घटनास्थल पर हैं।
ओडिशा के भद्रक के स्टेशन प्रबंधक सुभाष चंद्र साहू ने बताया कि ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ित यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेनभद्रक से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई है। ट्रेन केवल पीड़ित यात्रियों के लिए है। भुवनेश्वर से आगे के लिए इन यात्रियों को ट्रेन बदलनी होगी।
असम में गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों के भीतर वापस गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लौट आई। इंजन में खराबी की वजह से यह फैसला लेना पड़ा। विमान में एक केंद्रीय मंत्री और राज्य के दो बीजेपी विधायक सवार थे।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5-5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें इसका बहुत दुख है। इस घटना में लापरवाही हुई है। इस घटना ने रेलवे के दावे फेल कर दिए। इसकी जिम्मेवारी तय होनी चाहिए। जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए। इस घटना में बिहार के कई लोग घायल हुए हैं। सारी जानकारी ली जा रही है उसके बाद बिहार सरकार निर्णय लेगी।
ओडिशा के बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर ट्रैक ठीक करने का काम जारी है। शाम तक 2 लाइनें बहाल होने की संभावना है।
ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने कहा कि 1,175 घायलों में से 793 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। यह आंकड़ा दोपहर 2 बजे के आसपास अपडेट किया जाएगा।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बालासोर ट्रेन हादसे में घायल यात्रियों से मिलने भद्रक के सरकारी अस्पताल पहुंचे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि रेल दुर्घटना में जख्मी लोगों को उत्तम उपचार मिल पाए इसके लिए दिल्ली AIIMS के नेतृत्व में सभी अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को लेकर वायुसेना के विशेष विमान द्वारा एक टीम भुवनेश्वर पहुंची है। इस टीम के साथ आधुनिक उपकरण भी हैं ताकि इलाज में सहायता हो सके।
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके की झुग्गियों में आग लगी। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही लगभग 11 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग को बुझाया जा रहा है, कूलिंग प्रक्रिया में समय लगेगा। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बालासोर ट्रेन हादसे में घायल लोगों के इलाज के संबंध में भुवनेश्वर एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि घायलों को अच्छा इलाज मिले, उसके लिए दिल्ली AIIMS, RML अस्पताल सभी जगह से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम एयर फोर्स के विशेष विमान द्वारा आधुनिक उपकरण और चिकित्सा के साथ यहां पहुंच चुकी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस हादसे के मूल कारण का पता लगा लिया गया है। पीएम मोदी ने कल घटनास्थल का निरीक्षण किया था. हम आज ट्रैक को बहाल करने की कोशिश करेंगे। सभी शव निकाल लिए गए हैं। हमारा लक्ष्य बुधवार सुबह तक बहाली का काम खत्म करना है ताकि इस ट्रैक पर ट्रेनें दौड़ना शुरू हो सकें।
ओडिशा सीएमओ के मुताबिक, सीएम नवीन पटनायक ने बालासोर रेल दुर्घटना में मरने वाले राज्य के उन लोगों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए एक-एक लाख रुपये की घोषणा की गई है।
पूर्व MoS रेलवे और कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी बालासोर में उस स्थान पर पहुंचे जहां भयानक ट्रेन दुर्घटना हुई थी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्थिति का जायजा लेने के लिए ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना स्थल का दौरा करने के लिए अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस प्रभारी ए चेल्ला कुमार को नियुक्त किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ओडिशा के भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। मनसुख मंडाविया ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के घायल पीड़ितों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सहायता का जायजा लेने के लिए एम्स भुवनेश्वर और कटक में मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे
दक्षिण पूर्व रेलवे CPRO ने कहा कि जितनी भी बोगी पलटीं थीं उनको हटा दिया है। मालगाड़ी की 3 में से 2 बोगियों को हटा दिया गया है और तीसरे को हटाया जा रहा है। थोड़ी देर में ट्रैक को भी साफ कर दिया जाएगा। अभी OHE का काम किया जा रहा है और दूसरी तरफ से ट्रैक लिंकिंग का कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द कार्य खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। यहां 4-5 डिविजन और 2-3 जोन की टीम काम कर रही है। यहां रेलवे के सारे अधिकारी मौजूद हैं। अभी तक मृतकों की संख्या 288 है।
ओडिशा के बालासोर में ट्रेन दुर्घटनास्थल पर ट्रैक ठीक करने का काम जारी है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, 1000 से अधिक कर्मी काम में लगे हैं। जल्द ही बहाली के लिए 7 से अधिक पोकलेन मशीन, 2 दुर्घटना राहत ट्रेन, 3-4 रेलवे और रोड क्रेन तैनात हैं। दर्घटना में 288 लोगों की मौत हुई है और 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 04 Jun 2023, 8:05 AM IST