
भाकपा माओवादी नक्सलियों ने शुक्रवार की शाम झारखंड के लातेहार और चतरा जिले के सीमावर्ती इलाके में अमानत नदी पर निर्माणाधीन पुल की साइट पर हमला बोलकर भारी उत्पात मचाया है। साइट पर काम में लगी एक पोकलेन मशीन, एक जेसीबी और एक टैंकर को आग के हवाले कर दिया गया।
तेलंगाना के महबूबनगर जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार वैन ने खड़े ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
हादसा हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर बालानगर चौराहे के पास हुआ। पीड़ित पास के टांडा के दिहाड़ी मजदूर थे जो सब्जियां और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए बालानगर के साप्ताहिक बाजार में आए थे। जब वे घर लौटने वाले थे, तो एक तेज रफ्तार वैन ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें वे बैठे थे।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की महसी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेश्वर सिंह को उप जिलाधिकारी को धमकाने के 21 साल पुराने मामले में दो वर्ष की सजा सुनाई गई।
गणतंत्र दिवस पर पंजाब की झांकी को केंद्र सरकार की इजाजत नहीं मिलने पर आप और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को राज्य बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ की आलोचना की। सीएम ने जाखड़ के आरोपों को झूठा करार देते हुए पलटवार किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत में शुक्रवार को पिछले 24 घंटों में 761 नए कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। वहीं, 12 लोगों की मौत हो गई है।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे की अवधि में एक दर्जन नई मौतें हुईं, जिनमें केरल में पांच, कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में दो और यूपी में एक मौत हुई। गुरुवार को दो मौतें हुईं, जिनमें से एक केरल और एक कर्नाटक से थी। इस बीच सक्रिय मामलों की कुल संख्या गुरुवार के 4,423 से गिरकर 4,334 हो गई।
दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार आप सांसद संजय सिंह को राज्यसभा के पुनर्नामांकन के लिए फॉर्म और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है।
वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में इस साल टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाना है और इसके लिए आईसीसी ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। भारत पाकिस्तान का मुकाबला 9 जून को होगा
पाकिस्तान के सुन्नी उलेमा काउंसिल के केंद्रीय उप महासचिव और अहले सुन्नत वल जमात के प्रवक्ता अल्लामा मसूद-उ-रहमान उस्मानी की इस्लामाबाद के गोरी टाउन गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
बहराइच जिले की एक विशेष अदालत ने यहां महसी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेश्वर सिंह को 21 वर्ष पुराने एक मामले में दो वर्ष की सजा सुनाई है। SDM को धमकाने के पुराने मामले में सुनवाई करते हुए एसीजीएम एमपी एमएलए की कोर्ट ने यह सजा सुनाई है।
आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकित किए जाने के बाद दिल्ली महिला आयोग (DCW) प्रमुख स्वाति मालीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अयोध्या हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने और इसका नाम 'महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्याधाम' रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
अंडरवर्ल्ड डॉन और भारत के मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम की आज चार संपत्तियां नीलाम होने वाली हैं। यह चारों संपत्ति दाऊद इब्राहिम के परिवार के स्वामित्व वाली हैं। यह संपत्तियां सिर्फ 19 लाख रुपये से ज्यादा के आरक्षित मूल्य पर बेची जाएंगी।
मध्य जापानी प्रान्त इशिकावा में आए शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 92 हो गई है, जबकि कम से कम 242 लोग लापता हैं। वहीं, बढ़ती क्षति की चिंताओं के बीच बचाव कार्य तेज हो गए हैं।
जापानी समाचार एजेंसी क्योदो के अनुसार कुल लापता व्यक्तियों में से सबसे अधिक प्रभावित वाजिमा शहर में 40 लोगों की सूचना मिली है।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, लापता लोगों की सुरक्षा की पुष्टि और खोज में तेजी लाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभागों के साथ सहयोग करते हुए आत्मरक्षा बलों ने भी लगभग 4,600 कर्मियों के साथ अपने प्रयास तेज कर दिए हैं।
पश्चिम बंगाल में आज ईडी टीम पर हुए हमले पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "सत्तारूढ़ पार्टी के गुंडों ने ईडी अधिकारियों पर जो हमले किया, इससे यह स्पष्ट होता है कि राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बुरा होता जा रहा है। आज वे घायल हुए हैं, कल उनकी हत्या भी हो सकती है।"
कांग्रेस नेता वाईएस शर्मिला ने कहा, "मैंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की क्योंकि मैं कल कांग्रेस पार्टी में शामिल हुई थी। पार्टी मुझे कुछ जिम्मेदारियां देने के बारे में सोच रही है, जिस पर हमारी चर्चा हुई और मैंने कहा कि मुझे दी गई कोई भी जिम्मेदारी को मैं लेने के लिए तैयार हूं।"
पश्चिम बंगाल में ईडी टीम पर हुए हमले पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, "संदेशखाली में जो कुछ हुआ वो उकसावे का नतीजा था। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के निर्देश पर केंद्रीय एजेंसियां किसी न किसी टीएमसी नेता को परेशान करने, नकारात्मक बातें फैलाने और लोगों को भड़काने के लिए उनके घर जा रही हैं। हमें ऐसी जानकारी मिल रही है। बीजेपी ने सुवेंदु अधिकारी को चोर कहा था, लेकिन उनके आवास पर कोई छापेमारी नहीं हुई, वे केवल टीएमसी नेताओं के आवास पर छापेमारी करते हैं।"
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एसटीएफ ने माफिया और शार्प शूटर विनोद कुमार उपाध्याय का एनकाउंटर कर दिया है। गोरखपुर पुलिस ने विनोद कुमार उपाध्याय पर 1 लाख रुपये का ईनाम रखा था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Jan 2024, 7:54 AM IST