
पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री डॉ अमित मित्रा ने जीएसटी परिषद के फैसले पर कहा कि केंद्र ने आज जन-विरोधी कदम के तहत टीकों, मास्क, हैंड सैनिटाइज़र, ऑक्सीजन, कोरोना टेस्ट किट, रेमेडिसविर आदि पर जीएसटी लगाया। मेरी बात को नजरअंदाज किया गया, इसलिए मैंने एक पत्र के जरिए अपनी असहमति दर्ज की है।
बीजेपी से टीएमसी में वापस गए मुकुल रॉय के बेटे सुभ्रांशु रॉय को केंद्र द्वारा प्रदान की गई 'वाई श्रेणी' सुरक्षा आज वापस ले ली गई है। उन्हें अब राज्य पुलिस का सुरक्षा कवर दिया गया है। खास बात ये है कि एक दिन पहले ही वह अपने पिता मुकुल रॉय के साथ बीजेपी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
कर्नाटक के सीएम येदुरप्पा ने नेतृत्व परिवर्तन की हलचल के बीच आज शिकारीपुरा के बेकिन काल मठ के मल्लिकार्जुन मुरुघ राजेंद्र से मुलाकात की। मठाधीश ने उन्हें अपना समर्थन देते हुए कहा कि सरकार के कामकाज में किसी को भी हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन कोरोना से ज्यादा खतरनाक होगा। हमें संकट से निपटने में बीएस येदियुरप्पा के प्रभावी प्रयासों की सराहना करनी चाहिए। शिवमोग्गा के धर्मगुरू उनके साथ हैं।
राजस्थान के जोधपुर में पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए लोगों को पासपोर्ट दिखाने के बाद कोरोना वैक्सीन की डोज़ लगाई गई। एक व्यक्ति ने बताया, "वैक्सीन लगाने के लिए सरकार का बहुत धन्यवाद। हमारा आधार कार्ड नहीं बन रहा है फिर भी सरकार ने हमारे पासपोर्ट के आधार पर हमें वैक्सीन लगाई।"
सीपीएम के राज्यसभा सांसद एलाराम करीम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर लक्षद्वीप में रहने वाले जर्मन नागरिक रूलन मोसले की रहस्यमय गतिविधियों के खिलाफ एनआईए जांच का आदेश देने और उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है जो उसकी रक्षा कर रहे हैं।
कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने बताया कि आज सोपोर में हुए आतंकी हमले में दो पुलिसकर्मियों और दो नागरिकों की जान चली गई। हमले में चार अन्य पुलिस कर्मी और एक नागरिक घायल हुए हैं। आज के हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों की पहचान की गई है।
पश्चिम बंगाल में मुकुल रॉय के टीएमसी में जाने से लगे झटके से उबरने की कोशिश कर रही बीजेपी को एक और झटका लगता दिख रहा है। टीएमसी से बीजेपी में आए राजीव बनर्जी ने आज शाम टीएमसी के राज्य सचिव कुणाल घोष से मुलाकात कर अटकलों को हवा दे दिया है। हालांकि, इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने इसे एक शिष्टाचार भेंट करारा दिया है।
पंजाब के लुधियाना के एडीसी संदीप कुमार ने बताया कि भीखी गांव में 18 साल आयु वर्ग से ऊपर की 100% आबादी का टीकाकरण किया जा चुका है। एसडीएम पायल मनकंवल सिंह चहल ने कहा कि अधिकारियों के समन्वित प्रयासों के कारण यह लक्ष्य हासिल किया गया, जो अब और गांवों में 100% टीकाकरण के लिए तैयार हैं।
कर्नाटक सरकार ने 14 जून की सुबह 6 बजे से 21 जून की सुबह 6 बजे तक आर्थिक और अन्य गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की अनुमति दी है। हालांकि, इस दौरान वीकेंड और नाइट कर्फ्यू जारी रखने का प्रस्ताव है।
भारत बायोटेक ने कहा है कि वर्तमान में कोवैक्सीन के तीसरे चरण के परीक्षण की प्रभावकारिता और सुरक्षा दोनों के डेटा का विश्लेषण और संकलन किया जा रहा है। कंपनी अंतिम विश्लेषण के आधार पर तीसरे चरण के परीक्षण के डेटा को जल्द ही सार्वजनिक करेगी।
महाराष्ट्र के मंत्री और मुंबई शहर के संरक्षक मंत्री असलम शेख ने कहा कि मुंबई क्षेत्र में भवनों के निर्माण के लिए बेहतर योजना बनाने की जरूरत है। एक बेहतर आवास नीति की भी आवश्यकता है ताकि लोग अपना घर खरीद सकें या रहने के लिए सरकारी मकान किराए पर ले सकें।
जीएसटी काउंसिल ने कोरोना वैक्सीन पर 5 फीसदी जीएसटी को बरकरार रखा है। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्मला सीतारमण ने बताया किया कि केन्द्र सरकार 75 फीसदी कोरोना वैक्सीन की खरीद कर रही है। उस पर जीएसटी भी दे रही है, लेकिन जब इसे सरकारी अस्पतालों के माध्यम से आम जनता को मुफ्त में दिया जाएगा तो इसका जनता पर कोई असर नहीं होगा। देश में ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों को देखते हुए काउंसिल ने इसके इलाज में काम आने वाली Amphotericin B दवा पर जीएसटी की दर शून्य कर दी है।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, “हमने बीजेपी का साथ इसलिए छोड़ा क्योंकि वह अपनी सोच से भटक गई थी। बीजेपी एकतंत्रीय फैसले लेने लग गई थी। हमने उनसे कृषि बिल नहीं लाने के लिए बोला था लेकिन उन्होंने हमारी नहीं सुनी।”
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने कहा, “कल राजस्थान में 4,95,668 लोगों को वैक्सीन की डोज़ दी गई। इनमें से 4,84,334 लोगों को पहली डोज और 14,334 लोगों को दूसरी डोज़ दी गई। अब तक 1,91,38,753 लोगों को डोज़ दी गई। 1,56,77,916 लोगों को पहली डोज और 34,60,837 लोगों को दूसरी डोज़ दी गई।”
आरजेडी नेता मनोज झा ने मुकुल रॉय के बीजेपी छोड़ने पर कहा, “मुकुल रॉय बीजेपी में बड़े पद पर थे। बीजेपी दूसरी पार्टियों को मंथन करने की सलाह देती है, अब उनके लिए मंथन करने का वक्त है। बहुत सारे नेता भाजपा में सहज नहीं है।”
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल शिमला के सीनियर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जनक राज ने कहा, “पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है, उनके ऑक्सीजन पैरामीटर, रक्तचाप और अन्य रिपोर्ट सामान्य हैं।”
राहुल गांधी गांधी ने ट्वीट करके कहा कि महामारी, महंगाई और बेरोजगारी देखकर भी बैठा है मौन, जन-जन देश का जानता है जिम्मेदार कौन।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल छह महीने के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में अपने दूसरे स्थान पर सोमवार को अहमदाबाद का दौरा करेंगे। वह अहमदाबाद में आप पार्टी के राज्य मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले 26 फरवरी को, केजरीवाल ने सूरत का दौरा किया था, जहां उन्होंने 70 सदस्यीय निकाय में 27 सदस्यों के साथ मुख्य विपक्षी दल बनकर स्थानीय निकाय में पार्टी के प्रवेश के बाद एक मेगा रोड शो किया था।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि केंद्र सरकार 75% वैक्सीन खरीद रही है और उसपर GST भी भर रही है। लोगों को सरकारी अस्पतालों में जो ये 75% वैक्सीन फ्री में उपलब्ध कराई जा रही है, जनता पर उसका कोई असर नहीं होगा
भारत मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक शुभांगी भूते ने कहा, “मुंबई में अगले दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई समेत पूरे कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है और एक-दो जगह पर बहुत मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।”
न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता मुकुल रॉय ने केंद्रीय सुरक्षा वापस लेने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है। गृह मंत्रालय ने अभी तक इसका जवाब नहीं दिया है।
उन्होंने कहा, “महामारी अधिनियम के अंतर्गत महामारी में फ्रंटलाइन कोविड वर्कर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। हम सरकार से CrPC और IPC टैग के साथ एक केंद्रीय सुरक्षा कानून लाने की मांग करते है और सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में सेफ्टी स्ट्रक्चर होना अनिवार्य हो।”TMC नेता मुकुल रॉय ने केंद्रीय सुरक्षा वापस लेने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.जे.ए.जयलाल ने कहा, “इंडियन मेडिकल एसोसिएशन को ये देखकर दुख है कि कोरोना की दूसरी वेव में 724 डॉक्टरों ने कोरोना के इलाज में अपनी जान गंवाई। कई जगह पर कोरोना वार्ड में काम कर रहे डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई और उनको फ्रैक्चर आए।”
मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामनी के मुताबिक, “उत्तर भारत पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 14-15 जून तक आ जाएगा। उत्तर भारत में 13 और 14 जून को भारी बारिश होगी। मानसून इस साल जल्दी आ रहा है क्योंकि उसके सिस्टम जल्दी बने हैं।”
दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा, “हमने यहां दमकल की कुल 30 गाड़ियां भेजी। आग पर काबू पा लिया गया है अभी कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है। हादसे में किसी की जान नहीं गई है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है।”
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में आतंकवादी हमले में दो पुलिस कर्मियों और दो नागरिकों की जान चली गई है। इस हमले में दो अन्य पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं। कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने बताया कि इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का हाथ है।
दिल्ली के लाजपत नगर के सेंट्रल मार्केट में कपड़े के शोरूम में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। दमकल विभाग की 30 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 44वीं जीएसटी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री व केंद्र और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, “शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2022 और उसके बाद के चुनाव साथ लड़ेंगे।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मुझे खुशी है कि दिल्ली के 9 अस्पतालों में 22 ऑक्सीजन प्लांट शुरू किए जा रहे हैं इनकी संयुक्त क्षमता करीब 17 टन है।”
दिल्ली के 9 अस्पतालों में लगे 22 नए पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “यूके में तीसरी वेव का प्रकोप बढ़ता जा रहा है जबकि वहां पर 45% वैक्सीनेशन हो चुका है। इसके मद्देनज़र हमें पूरी तैयारी करनी होगी।”
दिल्ली के लाजपत नगर के सेंट्रल मार्केट में एक कपड़े के शोरूम में आग लग गई है। दमकल विभाग की 16 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
26 जून को देशभर में राजभवन के बाहर संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदर्शन पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, “आंदोलन को 7 महीने पूरे होने पर राज्यपाल को एक ज्ञापन जाएगा और यह ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम होगा। 7 महीने पूरे हो गए हैं, सरकार बात नहीं कर रही है तो राष्ट्रपति को हस्तक्षेप करना चाहिए यह ज्ञापन जाएगा।"
राहुल गांधी ने कहा, “देश के कमजोर वर्ग को अबकी बार भी मनरेगा से राहत मिल रही है। लॉकडाउन से हुई आर्थिक तंगी से निबटने के लिए इस योजना को और मजबूत करना जरूरी है। सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है और जनहित हमारी जिम्मेदारी है।”
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में कल कोरोना वायरस के लिए 19,20,477 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 37,62,32,162 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस महामारी की दूसरी वेव में 719 डॉक्टरों की मौत हुई। बिहार में सबसे ज्यादा 111 डॉक्टरों और दिल्ली में 109 डॉक्टरों की मौत हुई।
अखिल भारतीय किसान सभा के इंद्रजीत सिंह ने कहा, “संयुक्त किसान मोर्चा 26 जून को देशभर में राजभवनों के बाहर विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगा, जब तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हमारे आंदोलन के 7 महीने पूरे हो जाएंगे। इस दिन को खेती बचाओ, लोकतंत्र बचाओ दिवस के रूप में मनाया जाएगा।”
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 178 नए मामले सामने आए और एक मौत हुई। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 14,921 है जिसमें 3,501 सक्रिय मामले, 11,358 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 62 मौतें शामिल हैं।
देश में लगातार दूसरे दिन तेल के दाम बढ़ गए हैं। पेट्रोल का रेट 27 पैसे प्रति लीटर और डीजल का भाव 23 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। दिल्ली में पेट्रोल 96.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86.98 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 Jun 2021, 8:16 AM IST