
गाज़ीपुर बॉर्डर (दिल्ली-यूपी) पर किसान आंदोलन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, "गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड की जाने वाली है। कुछ घटनाएं भी हुई हैं। उसी के मद्देनज़र गाज़ीपुर का पूरा आंदोलन स्थल सीसीटीवी की नज़र में रहेगा। 500 वॉलंटियर भी तैनात किए गए हैं।"
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की गंभीर हालत को देखते हुए रांची से एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया है। एयरोपोर्ट से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें एम्स ले जाया गया, जहां उनका इलाज होगा। बता दें कि चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव की दो दिन पहले अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उनके फेफड़ों में पानी जम गया है, जिससे उनको सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है।
कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर जारी किसानों के आंदोलन में शुक्रवार रात संदिग्ध अवस्था में पकड़े जाने के बाद किसान नेताओं की हत्या की योजना का सनसनीखेज खुलासा करने वाले शख्स को हरियाणा पुलिस ने ना तो गिरफ्तार किया है और ना ही उसे हिरासत में लिया है। सोनिपत के एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि पुलिस केवल उससे पूछताछ कर रही है।
किसानों की ट्रैक्टर रैली को लेकर नया ट्विस्ट आ गया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि किसानों ने रैली का कोई रूट लिखित में नहीं दिया है। पुलिस ने कहा कि आंदोलकारी किसान जब 26 जनवरी को प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली के मार्ग के बारे में हमें लिखित रूप में देंगे, तब हम उसका विश्लेषण करेंगे और कोई निर्णय लेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून किसानों पर नोटबंदी जैसा प्रहार हैं। उन्होंने कहा कि मैं खुश हूं कि किसानों ने दिल्ली के दरवाजे पर बैठकर पीएम मोदी के इन कानूनों को लागू करने से रोक दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम को गरीबों की ताकत का अंदाजा नहीं है और हमारा काम कहै कि उन्हें गरीबों, कामगारों और किसानों की ताकत का एहसास कराएं।
राहुल गांधी ने कहा है कि आज देश में गरीबों और कामगारों पर योजनाबद्ध हमले हो रहे हैं। यह सिर्फ नीतियों की खामी नहीं है, बल्कि यह जानबूझकर देश के छोटे और मध्यम उद्योग धंधों और कामगारों को खत्म करने की कोशिश है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि मैं तो आप लोगों से सीधे बात करता हूं और आपके सवालों के जवाब भी देता हूं, लेकिन पीएम तो बंद कमरे में सिर्फ 4-5 उद्योगपतियों से ही बात करते हैं। राहुल गांधी तमिलनाडु के दौरे पर हैं
इस वर्ष बिटिंग रिट्रीट समारोह के आयोजन में 1971 की लड़ाई में पाकिस्तान पर भारत की जीत के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष नई रचना 'स्वर्णिम विजय' को शामिल किया जाएगा।
किसान प्रतिनिधियों और पुलिस की बैठक के बाद योगेंद्र यादव ने कहा कि 26 जनवरी को हम अपने दिल की भावना व्यक्त करने अपनी राजधानी के अंदर जाएंगे। एक ऐसी ऐतिहासिक किसान परेड होगी जैसी इस देश ने कभी नहीं देखी। यह शांतिपूर्वक होगी और इस देश के गणतंत्र दिवस परेड पर या इस देश की सुरक्षा और आन-बान-शान पर कोई छींटा नहीं पड़ेगा।
स्वराज इंडिया के योगेंद्र यादव ने कहा कि किसान 26 जनवरी को दिल्ली में ‘किसान गणतंत्र परेड’ निकालेंगे। बैरिकेड्स खुलेंगे और हम दिल्ली में प्रवेश करेंगे। किसानों और दिल्ली पुलिस मार्ग पर एक समझौते पर पहुंच गए हैं, अंतिम विवरण आज रात तक तय हो जाएगा।
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट लाया गया, जहां से उन्हें विमान से दिल्ली ले जाया जाएगा। लालू यादव की तबीयत बिगड़ने पर राज्य मेडिकल बोर्ड की सलाह पर दिल्ली के एम्स रेफर किया गया है।
रांची के रिम्स अस्पताल ने लालू यादव का अपडेटेड हेल्थ बुलेटिन जारी किया है, जिसमें कहा गया कि उनकी हालत पहले जैसी है और वह स्थिर हैं। उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है, ब्लड रिपोर्ट सामान्य संक्रमण और एचआरसीटी चेस्ट स्कैन निमोनिया को दर्शाता है। राज्य मेडिकल बोर्ड की सलाह पर उन्हें एम्स दिल्ली रेफर किया गया।
कोरोना महामारी के मद्देनजर गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला लिया गया है। पहले चरण में 21 फरवरी को 6 नगरपालिकाओं में चुनाव होगा, जबकि 28 फरवरी को दूसरे चरण में 31 जिला पंचायतों, 231 तालुका पंचायतों और 81 नगरपालिकाओं के लिए मतदान होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज तमिलनाडु के कोयम्बटूर जिले के चिन्नामपालयम गांव में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि पीएम को लगता है कि तमिलनाडु सरकार को नियंत्रित करने के बाद वह लोगों को नियंत्रित कर सकते हैं। लेकिन वह यहां के लोगों के इतिहास और आत्मा को नहीं जानते हैं।
कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल में पीएम मोदी की मौजूदगी में नेताजी जयंती समारोह में जय श्रीराम के नारे लगने पर सीएम ममता बनर्जी ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया है। भाषण के लिए जैसे ही ममता का नाम पुकारा गया, वैसे ही वहीं जय श्रीराम के नारे लगने लगे।
कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने आज कहा कि पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सुरक्षा जांच के दौरान लोगों को परेशान न किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकी किसी तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं, लेकिन हम पूरी तरह से तैयार हैं।
कोविड टीकाकरण के दूसरे चरण के पहले दिन आगरा में उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली। पहले दिन केवल 52 प्रतिशत स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका लगवाया जो लाभार्थियों की लक्षित संख्या से काफी कम था। जिला अधिकारियों के मुताबिक, कुल 3,692 के लक्षित लाभार्थियों की संख्या के मुकाबले शुक्रवार को सिर्फ 1,907 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका लगवाया। टीकाकरण के पहले चरण में जिलेभर में 61 प्रतिशत लाभार्थियों ने टीके लगवाए थे।
बहरहाल, दूसरे चरण के पहले दिन प्राइवेट नर्सिग होम्स के कई डॉक्टरों ने टीके लगवाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) आरसी पांडेय ने कहा कि जिले में अत्यधिक ठंड के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। साथ ही टीकारण अभियान पर भी इसका असर पड़ा है।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ ने ओबीसी कोटे में खाली रह गई सीटों की संख्या सार्वजनिक करने की मांग की है। छात्र संघ ने इस सम्बद्ध में सीधे दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से यह जानकारी मांगी है। इसके साथ ही डूसू ने ओबीसी कोटे से दिए गए कुल प्रवेश संख्या की जानकारी भी देने का आग्रह कॉलेजों से किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ ने ओबीसी कोटे में खाली रह गई सीटों के लिए कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र लिखा है। डूसू उपाध्यक्ष प्रदीप तंवर ने कहा, "आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए इस वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया में मुश्किलें आई हैं। प्रमाण पत्र का नवीनीकरण न होने की स्थिति में कुछ छात्रों का प्रवेश रद्द होने के मामले सामने आए हैं, जबकि उन्हें तत्कालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर मौका मिलना चाहिए था।"
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल उनका इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में शिफ्ट किया जा रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने आगे कहा है कि किसानों के आंदोलन को हिंसक बनाने की साजिश वाले मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि ये निष्पक्ष जांच तभी होगी जब खट्टर सरकार बर्खास्त होगी। क्योंकि जो सरकार किसानों को दिल्ली आने नहीं दे रही थी। जो सरकार किसान विरोधी रही है। जिस खट्टर सरकार ने किसानों पर लाठी चार्ज किए हैं, भला उस सरकार से निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा है कि किसानों के आंदोलन को हिंसक बनाने की साजिश रची जा रही है। बीते दिन जो शख्स आंदोलन स्थल से गिरफ्तार हुआ उसे लेकर हरियाणा के सीएम और पुलिस अलग अलग बयान दे रही है। सच्चाई क्या है ये सबको बताना चाहिए। गौरव वल्लभ ने साथ ही खट्टर सरकार से इस्तीफे की मांग की है।
रांची के रिम्स में उपचार करवा रहे लालू प्रसाद यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। लालू के बेटे तेजस्वी के अनुसार लालू यादव के फेफड़ों में पानी जम गया है और उनका चेहरा फूल गया है। बताया जा रहा है कि लालू यादव की हालत देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया जाएगा। एयर एंबुलेंस से शाम 5:00 बजे दिल्ली एम्स के लिए लालू प्रसाद यादव रांची से रवाना होंगे
जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के हीरा नगर सेक्टर में एक और सुरंग डिडेक्ट हुई। BSF को अपनी एंटी टनलिग ड्राइव में मिली बड़ी कामयाबी। पाकिस्तानी आतंकियों ने तैयार की थी भारत मे घुसपैठ करने के लिए यह टनल। चाइना और फिलिस्तीनी तकनीकी की मदद से पाकिस्तान बना रहा है लगातार यह टनल्स
रांची के रिम्स में उपचार करवा रहे लालू प्रसाद यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। लालू के बेटे तेजस्वी के अनुसार लालू यादव के फेफड़ों में पानी जम गया है और उनका चेहरा फूल गया है। लालू यादव की हालत देखते हुए उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया जा सकता है।
गणतंत्र दिवस पर किसानों के प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड को लेकर दिल्ली पुलिस के साथ किसान संगठनों की आज एक महत्वपूर्ण बैठक होनी है, जिसमें इस परेड के लिए रोड मैप तय कर लिया जाएगा। उत्तरप्रदेश, हरियाणा और दिल्ली पुलिस आपसी सहयोग से इन रास्तों को तय करेगी ताकि परेड शांतिपूर्ण तरीके से हो सके।
पुलिस अधिकारियों की बैठक के बाद किसान संभावित करीब 3 बजे इसकी घोषणा कर सकते हैं।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने आईएएनएस को बताया, गणतंत्र दिवस पर होने वाली किसानों की परेड को लेकर आज पुलिस के साथ बैठक होगी, जिसमें परेड के रास्तों पर फैसला किया जाएगा।
दिल्ली बहुत बड़ी है और किसान विभिन्न जगहों से यहां पहुंचेंगे, जिस वजह से इस परेड के लिए अलग-अलग रूट बनाए जा रहे हैं। दिल्ली के अंदर ही 3 रूट बनाए जाएंगे जो की 30 से 40 किलोमीटर तक के होंगे।
बिहारः पटना के दीदारगंज इलाके के एक स्क्रैप गोदाम में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 14,256 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,06,39,684 हुई। 152 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,53,184 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,85,662 है और कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या 10,300,838 है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तमिलनाडु में आज चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। तमिलनाडु में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी में कोयम्बटूर और तिरुपुर जिले में रोड शो करेंगे और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम क्षेत्र से जुड़े लोगों, औद्योगिक कामगारों, किसानों और बुनकरों से बातचीत करेंगे।
गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल आज सुबह 9.50 बजे विजय चौक से नेशनल स्टेडियम तक जाएगी। रिहर्सल खत्म होने तक विजय चौक पर किसी भी यातायात की अनुमति नहीं है। राजपथ चौराहों पर क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति नहीं
पश्चिम बंगाल: उत्तर 24 परगना में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई।
गणतंत्र दिवस के लिए राजपथ पर आज होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल के मद्देनज़र राजपथ और उसके आस-पास के इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई।
मिज़ोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 4,349 है जिसमें 58 सक्रिय मामले, 4,282 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 9 मौतें शामिल हैं
लालू यादव का परिवार उनका बाहर ले जाकर इलाज कराना चाहता है। तेजस्वी यादव ने कहा कि वह शनिवार को अपने पिता की स्थिति को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा, "हमारा परिवार उनके (लालू प्रसाद यादव) लिए बेहतर इलाज चाहता है। डॉक्टरों को यह विश्लेषण करना है कि सभी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उनका इलाज किस तरह से किया जा सकता है। उनकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। मैं शनिवार को मुख्यमंत्री से इस बारे में मुलाकात करूंगा।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 23 Jan 2021, 8:12 AM IST