
कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर मणिपुर विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य सरकार द्वारा 'प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों को करोड़ों रुपये का भुगतान किए जाने' को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया था। मामले को निर्वाचन आयोग द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का रुख करने का फैसला किया है।
दरअसल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चुनाव आयोग को शिकायत की थी कि 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन' (गतिविधि के निलंबन) के तहत गत एक फरवरी को उग्रवादी संगठनों को लगभग 15 करोड़ रुपये और एक मार्च को लगभग 95 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जो आचार संहिता का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। इस प्रतिनिधिमंडल में मणिपुर के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक जयराम रमेश और वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद शामिल थे। हालांकि चुनाव आयोग ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ये आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 10 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा और 8.5 लाख रुपये मूल्य के 175 ग्राम सोना रखने के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने दिल्ली के सीमा शुल्क विभाग के मामले की जांच अपने हाथ में ले ली, जिसमें उन्होंने 12 जनवरी को मोहम्मद शाहजान को गिरफ्तार किया था।
एनआईए इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें शुक्रवार को दिल्ली के चांद बाग इलाके के निवासी अब्दुल वाहिद की गिरफ्तारी भी शामिल है। शुरूआत में सीमा शुल्क अधिकारी मामले की जांच कर रहे थे। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एनआईए को सौंप दी गई।
गुरुग्राम से चिकित्सा की पढ़ाई के लिए यूक्रेन गए 91 छात्रों में से 76 शनिवार दोपहर तक देश लौट चुके हैं। गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि जिला प्रशासन यूक्रेन से भारत लौटने वाले छात्रों की आवाजाही पर नजर रख रहा है।
यादव ने कहा, "जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार उनके माता-पिता सहित जिले के छात्रों से संपर्क कर रहे हैं, जो अभी तक युद्धग्रस्त देश से वापस नहीं लौटे हैं, ताकि वे उम्मीद न हारे।"
अधिकारी ने कहा कि भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। गुरुग्राम के 76 छात्रों को अब तक यूक्रेन से निकाला गया है।
सनसनीखेज फर्जी स्टांप पेपर का मामला सामने लाने और सरकारी खजाने के हजारों करोड़ रुपये बचाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता जयंत मुकुंद तिनेकर पर शनिवार को कर्नाटक के बेलगावी जिले में हमला किया गया। पुलिस अभी तक हमले के सही कारणों का पता नहीं लगा पाई है। 62 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता पर 8 लोगों के एक गिरोह ने लोहे की राड से हमला किया है। तिनेकर को गंभीर रूप से घायल करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। बाद में ट्रक चालकों ने उसे बेलगावी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गिरोह ने खानापुर-बेलगावी हाईवे पर उसका पीछा कर हमला कर दिया। तिनेकर अपनी कार में कहीं जा रहे थे कि तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उनकी मदद के लिए पहुंचे लॉरी ड्राइवरों ने उन्हें बचाया।
आखिरी चरण के चुनाव से पहले यूपी में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। प्रयागराज से बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। आजमगढ़ के गोपालपुर विधानसभा में हुई सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा के दौरान मयंक जोशी ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। मंच पर अखिलेश यादव ने मयंक जोशी को सदस्यता दिलाई।
मणिपुर में 60 में से 22 सीटों पर भारी सुरक्षा के बीच चल रहे विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम दौर में शनिवार को दोपहर दो बजे तक 68 प्रतिशत से अधिक मतदान हुए। इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि सेनापति जिले के करोंग में पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया, जबकि थौबल जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने दम तोड़ दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस को करोंग में उस समय गोलियां चलानी पड़ीं, जब कुछ लोगों ने मतदान केंद्र से ईवीएम छीनने की कोशिश की और मतदान कर्मियों की पिटाई की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, "हमने सभी भारतीय छात्रों को यूक्रेन में सतर्क और सुरक्षित रहने के लिए कहा है। सभी छात्र किसी सुरक्षित जगह पर रहें और अनावश्यक जोखिम ना उठाएं। विदेश मंत्रालय और हमारे दूतावास छात्रों से लगातार संपर्क में हैं।"
देश की जनता को महंगाई का झटका लगा है। मदर डेयरी ने दूध के दाम 2 रुपये बढ़ा दिए हैं। कीमतें कल यानी 6 मार्च, 2022 से लागू होंगी।
अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में कहा कि जो लोग गर्मी निकाल रहे थे वे छ: चरणों में ही ठंडे पड़ गए हैं, उनके घरों से झंडे उतार लिए गए। छठे चरण में ही समाजवादी पार्टी ने छक्के छुड़ा दिए हैं। ये बाबा मुख्यमंत्री को छ: चरणों के मतदान के बाद नींद नहीं आ रही है।
युद्ध के बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने अब तक 10 हजार रूसी सैनिकों को मार गिराया है। इसके अलावा 39 प्लेन, 40 हेलीकॉप्टर, 269 टैंक भी तबाह कर दिया हैं।
दोनेत्स्क के मारियुपोल और वोल्नोवाखा शहर में सीजफायर की अवधि शुरू हो गई। यहां से लोगों को निकाला जा रहा है। इसके अलावा इन शहरों में फूड और मेडिसिन पहुंचाई जा रही है। यह शहर युद्ध की वजह से पूरी तरह से कट गए थे।
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर एक विशेष विमान मुंबई हवाईअड्डे पर पहुंचा। एक छात्र ने बताया, "मैं खारकीव में फंसा हुआ था। वहां के हालात बहुत ज्यादा खराब हो चुके हैं। हम चाहते हैं कि ये युद्ध जल्द खत्म हो जाए।"
यूक्रेन में रूस लगातार कहर बरपा रहा है। रूसी सेना यूक्रेन पर घातक हमले कर रही है। राजधानी कीव के पास मरखलेवका गांव पर रूसी सेना ने हवाई हमला किया है। यूक्रेनी की मीडिया के अनुसार, इस हमले में एक बच्चे समेत 6 लोगों की जान चली गई है।
रोहन बोपन्ना और दिविज शरण ने युगल मुकाबले में फ्रेडरिक नीलसन और मिकेल टॉरपेगार्ड को 6-7, 6-4, 7-6 से हराया।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का 10वां दिन है। इस बीच नागरिकों के लिए मानवीय गलियारे खोलने के लिए रूस ने यूक्रेन में संघर्ष विराम की घोषणा की। रूस ने मारियुपोल और वोल्नोवाखा निवासियों के लिए मानवीय गलियारे खोलने के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की है।
यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुका में रूसी सेना ने आम जनता पर गोलीबारी की है।यूक्रेन की मीडिया ने दावा किया है। गोलीबारी में 17 साल की एक लड़की समेत 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हो गए।
मणिपुर विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में मतदान जारी है। खंगाबोक में लोग मतदान केंद्र के बाहर अपनी बारी आने का इंतज़ार करते दिखे।
गोवा फोन टैपिंग मामले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, “इस देश में जो विपक्ष के नेता हैं और खासकर जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं वहां के बहुत से नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं। कल ही गोवा में कांग्रेस की ओर से फोन टैप मामले में जनता को बड़ी जानकारी मिली है।”
रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के विद्रोही क्षेत्र दोनेत्स्क में ड्रोन से बड़ा हमला किया है। खबरों के मुताबिक, पूर्वी यूक्रेन पर ड्रोन से हमला किया गया है। यह हमला आइदर बटालियन की पोस्ट पर किया गया है। हमले में आइदर बटालियन पोस्ट तबाह हो गई है।
जम्मू-कश्मीर के सांबा के थाना प्रभारी ने बताया कि सांबा जिले के मानसर इलाके के पास आज सुबह-सुबह हुई एक दुर्घटना में कुल पांच लोगों की मौत हुई और एक घायल हो गया।
आक्रमण शुरू होने के बाद से रूस ने यूक्रेन पर सप्ताह में 500 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। पेंटागन के एक अधिकारी ने कहा कि रूस प्रतिदिन लगभग दो दर्जन की दर से सभी प्रकार की मिसाइलों को लॉन्च कर रहा है
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर एक स्पेशल फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। एक छात्रा ने बताया, "हमारे लिए वहां रहना बहुत कठिन था, हम भारत सरकार का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमें वहां से निकालकर यहां वापस लाए। वापस आकर हम बहुत खुश हैं।"
यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध का आज 10वां दिन है। जंग के बीच यूक्रेन ने जर्मनी से हथियारों की मदद मांगी है।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का 10वां दिन है। यूकेन की राजधानी की और खारकीव समेत कई शहरों में रूसी बमाबारी जारी है। खारकीव में कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है। इसके बाद लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Mar 2022, 8:04 AM IST