
उत्तराखंड में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में एनएचएम के मिशन डायरेक्टर आर राजेश कुमार ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सख्त चिट्ठी लिखी।
एनएचएम के मिशन डायरेक्टर आर राजेश कुमार ने लिखा है कि आप सब को ये जानकारी है कि डेंगू रोग राज्य में एक प्रमुख जन स्वास्थ्य समस्या के रूप में परिलक्षित हो रहा है। डेंगू रोग को महामारी का रूप लेने से रोकने के लिये आपको समय-समय पर राज्य स्तर ने उचित दिशा निर्देश व सहयोग प्रदान किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखण्ड शासन द्वारा डेंगू रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु दिये गये दिशानिर्देश आपको आवश्यक कार्रवाई करने हेतु प्रेषित किये गये थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्रिटेन की अपनी समकक्ष लिज ट्रस से फोन पर बात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का पद संभालने पर ट्रस को बधाई दी। उन्होंने व्यापार सचिव और विदेश सचिव के रूप में अपनी पिछली भूमिकाओं में भारत-यूके द्विपक्षीय संबंधों में उनके योगदान की भी सराहना की। दोनों नेताओं ने भारत और यूके के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी येन-केन-प्रकारेण उनकी सरकार को गिराने का षड्यंत्र रच रही है। वह इसके लिए हर तरीके के हथकंडे अपना रही है। यहां तक के लिए उनके पिता और 82-84 वर्षीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी फंसाने की कोशिश की जा रही है।
हेमंत सोरेन ने ये बातें शनिवार को रांची में अपने बड़े भाई स्व. दुर्गा सोरेन की 54वीं जयंती पर रांची के लोआडीह में उनके स्मारक स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान कहीं। इस कार्यक्रम में सांसद शिबू सोरेन, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, सांसद महुआ माजी और स्व. दुर्गा सोरेन की पत्नी विधायक सीता सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के हरिनगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को हमसफर एक्सप्रेस हादसे की शिकार हो गई है। ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गई, हालांकि इस दुर्धटना में यात्री के किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। यह ट्रेन दिल्ली से बिहार के कटिहार आ रही थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से कटिहार आ रही हमसफर एक्सप्रेस की दो बोगियां हरिनगर स्टेशन के समीप पटरी से उतर गई। इस दुर्घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है।
इधर, दुर्घटना की खबर के बाद रेलवे के अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।
असम पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कामतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (केएलओ) से जुड़े दो लोगों को शनिवार को कोकराझार जिले से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिले के सेरफंगुरी इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान विष्णु राय और तापस राय के रूप में की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी केएलओ लिंकमैन ने कथित तौर पर एक स्थानीय व्यवसायी सुनील मंडल से पैसे निकालने का प्रयास किया। मंडल ने पुलिस में बिष्णु राय और तापस राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और दावा किया कि वे केएलओ की ओर से पैसे की मांग कर रहे थे। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया।
कन्हैया कुमार ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, साहेब, आप सांप्रदायिक कीचड़ के चैंपियन हो। लेकिन आप जितना मर्जी जोर लगा लो, हम उसमें उतरेंगे ही नहीं। हम तो रोजगार और रोटी का सवाल लेकर चल रहे हैं, जब तक आप जवाब नहीं देते हम अडिग रहेंगे।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोला पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत विधायक अरविंद गिरी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सीएम योगी ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि देते हुए और उनके परिवार वालों को सांत्वना दी।
इस बारे में दिवंगत विधायक के परिजनों ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनसे कहा कि विधायक गिरी जी के जो सपने अधूरे रह गए उन्हें पूरा करेंगे। साथ ही उन्होंने इस दुख की घड़ी में पार्टी और सरकार परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। विधायक के भाई जनार्दन गिरि ने बताया के मुख्यमंत्री के आने और उनकी सांत्वना से परिवार को बहुत संबल मिला है। विधायक आवास से निकलने के बाद मुख्यमंत्री ने छोटी काशी के शिव मंदिर में दर्शन किए।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जारी है। पदयात्रा के दौरान अलग-अलग तबके के लोग राहुल गांधी से मुलाकात कर रहे हैं। इस बीच राहुल गांधी ने कन्याकुमारी के नेसामोनी मेमोरियल क्रिश्चियन कॉलेज में डिसेबल राइट्स एक्टिविस्ट के साथ बातचीत की। इसके बाद कारवां अब आगे बढ़ रहा है।
दिल्ली में भी लंपी वायरस के मामले में मिलने लगे हैं। अभी तक राजधानी में 173 केस सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा मामले वेस्ट और साउथ दिल्ली में देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली में लंपी वायरस के कुल 173 केस सामने आ चुके हैं।
हरियाणा में दो घटनाओं में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पहली घटना में महेंद्रगढ़ जिले के झगडोली गांव में मूर्ति विसर्जन के लिए ले जा रहे 20 में से 9 लोग नहर में तेज धारा की चपेट में आ गए। जबकि चार की मौत हो गई, अन्य को जिला प्रशासन ने बचा लिया और अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी घटना में सोनीपत जिले में दो लोग यमुना नदी में डूब गए।
महाराष्ट्र: मुंबई के प्रभादेवी इलाके में आग लगी। घटना स्थल पर दमकल की 4 गाड़ियां मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जारी है। पदयात्रा के दौरान अलग-अलग तबके के लोग राहुल गांधी से मुलाकात कर रहे हैं। इस बीच राहुल गांधी ने कन्याकुमारी के नेसामोनी मेमोरियल क्रिश्चियन कॉलेज में डिसेबल राइट्स एक्टिविस्ट के साथ बातचीत की।
कांग्रेस ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आज आधे दिन का गुजरात बंद का आह्वान किया। इस दौरान अहमदाबाद और भरुच समेत कई शहरों में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
उत्तर प्रदेश में बच्चा चोर गिरोह से जुड़ी अफवाहों के बाद अब कई अनजान लोगों पर हमले हो रहे हैं। देवबंद में एक शख्स को शंका के आधार पर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई तो। वहीं प्रयागराज में एक शख्स की बेरहमी से पिटाई कर दी गई।
एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा कि बच्चा चोर गिरोह का सक्रिय होने महज एक अफवाह है। उन्होंने कहा कि लोग कानून को अपने हाथ में ना लें। अगर किसी को शक हो रहा है तो वो तुरंत 112 पर कॉल कर सूचना दे। पुलिस भरोसा दिलाती है कि सूचना के 10 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में एसएसबी के कमांडेंट महेंद्र प्रताप ने कहा कि हमारे पास मौसम विभाग ने पहले से ही चेतावनी दे रखी थी कि 9 और10 तारीख को काफी बारिश होने की संभावना है। इसलिए हमारी टीम अलर्ट थी। रात में नेपाल के तरफ बादल फटने से काली नदी का जलस्तर बढ़ गया। हमारी टीम ने गांव वालों को अलर्ट किया।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “देश को कमजोर प्रधानमंत्री की जरूरत है, ताकतवर प्रधानमंत्री देख लिया है। कमजोर..कमजोर की मदद करेगा ताकतवर..ताकतवर की मदद कर रहा है। मैं चाहता हूं देश में खिचड़ी सरकार बने क्योकिं गुजरात, हैदराबाद और उत्तर प्रदेश की खिचड़ी मुख़्तलिफ होती है।”
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ बादल फटने से भारी तबाही मची है। बताया जा रहा है कि भारत-नेपाल सीमा के पास बीती रात करीब 1 बजे बादल फटा। डीएम ने बताया कि बादल फटने से करीब 30 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, वहीं, एक महिला की मौत हो गई।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का पोस्टर लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाया गया। पोस्टर पर लिखा है, यूपी+बिहार= गई मोदी सरकार।'
राहुल गांधी 'भारत जोड़ो यात्रा' में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “हमारे 42 फीसदी युवा बेरोजगार हैं। क्या भारत का भविष्य सुरक्षित है? हम उन सबके लिए चलते हैं। हम नौकरी के लिए चलते हैं।”
लंपी वायरस के मद्देनजर दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने आज संबंधित विभागों की बैठक बुलाई है। राष्ट्रीय राजधानी में पशुओं को बीमारी से बचाने की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के सिविल अस्पताल में बिजली न होने की वजह से डॉक्टरों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में बच्चों की डिलीवरी कराई। पीड़िता के भाई ने बताया, "बिजली जाने की वजह से अंधेरे में मेरी बहन की डिलीवरी हुई। यहां जनरेटर वगैहर सब है लेकिन उसके बाद भी ऐसा हुआ"
सोनभद्र के सीएमओ अशोक कुमार ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि बिजली जाने और जनरेटर चालू करने के बीच के समय में यह डिलीवरी हुई थी। ऐसा आगे न हो इसलिए हमने प्रसव केंद्र में एक इनवर्टर की व्यवस्था कर दी है। यहां सोलर पैनल भी है जो काफी सयम से खराब है जिसकी सूचना अभी मिली है। इसको जल्द ठीक कराया जाएगा।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज चौथा दिन है। कन्यकुमारी के मुलगुमूदु में सुबह 7 बजे तिरंगा झंडा फहराया गया और फिर झंडे को सलामी दी गई है। इसके बाद राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चौथे दिन की पदयात्रा की शुरुआत की। पदयात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हो रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Sep 2022, 8:11 AM IST