
छत्तीसगढ़ के रायपुर हवाईअड्डे पर आज एक राजकीय हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर बताया कि हादसे में दोनों पायलट कैप्टन पांडा और कैप्टन श्रीवास्तव की मौत हो गई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
दिल्ली पुलिस ने आप विधायक अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले आज मदनपुर खादर में नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हंगामा और पथराव होने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने शपथ लेने के बाद कहा कि मैंने अर्थव्यवस्था को ऊपर उठाने की चुनौती ली है और मुझे इसे पूरा करना ही होगा। प्रदर्शनकारियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि वे रुकें। भारत-श्रीलंका संबंधों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह बहुत बेहतर हो जाएगा।
चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए उदयपुर जाने से पहले दिल्ली में कुली एसोसिएशन ने राहुल गांधी से मुलाक़ात की। इस दौरान कुली ने राहुल गांधी से अपनी परेशानी भी साझा की। राहुल गांधी ने कुली की चिंताओं को सुना।
न्यूजीलैंड की टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी ने गुरुवार 12 मई को इस बात का ऐलान किया है। उनकी नियुक्ति टेस्ट प्रारूप में इंग्लैंड के खराब परिणामों के बाद हुई है। ब्रेंडन मैकुलम के टेस्ट हेड कोच बनाए जाने के अलावा भी टीम में कई बदलाव देखे गए हैं। टीम के कप्तान को भी बदल दिया गया है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1032 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि मैं दिल्ली जा रहा हूं वहां राहुल जी के नेतृत्व में AICC के सदस्य ट्रेन से उदयपुर रवाना होंगे, ट्रेन में चर्चा होगी, कल से चिंतन शिविर शुरू होगा, करीब 400 प्रतिनिधि पहुंचेंगे। राजनीति, अर्थव्यवस्था, कृषि मुद्दों और युवा सहित 6 विषयों पर चर्चा होगी।
आम आदमी को एक और झटका लगा है। खाने-पीने के सामान से लेकर तेल के दाम बढ़ने से महंगाई 18 महीने के पीक पर पहुंच गई हैं। गुरुवार को जारी किए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) आधारित रिटेल महंगाई दर मार्च में बढ़कर 7.79% हो गई।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। बडगाम जिले के चदूरा तहसील कार्यालय के पास आतंकवादियों की ओर से फायरिंग की घटना सामने आई है। इस दौरान आतंकवादियों ने एक कर्मचारी राहुल भट पर गोलियां चलाईं। इस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया है।
उदयपुर में कांग्रेस के चिंतन शिविर से पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने मीडिया को संबोधित किया। गहलोत ने बताया कि बीते 7 सालों से देश के जो हालात है वो चिंताजनक है। जहां संविधान की धज्जियां उड़ रही हो। देश में तनाव का माहौल है वो वाकई में चिंताजनक है।
अशोक गहलोत ने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है... इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और बेअंत सिंह शहीद हो गए, लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग पूछते हैं कि पिछले 70 सालों में क्या हुआ। अशोक गहलोत ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देखने वाले खुद मुक्त हो जाएंगे।
गहलोत ने कहा कि देश में अजीब बातें हो रही हैं; ईडी और सीबीआई घरों में घुस रही है और 7 दिनों तक बिना ऑर्डर के बाहर नहीं आती है। पूरा मीडिया इस समय दबाव में है। देश में सीबीआई, इनकम टैक्स, ईडी का तांडव हो रहा है वो परेशान करने वाला है।
अशोक गहलोत ने कहा कि तीन दिन तक यहां चिंतन होगा। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मजबूती से सामने आएंगे, देशवासी चिंतित हैं, उन्हें कांग्रेस पर विश्वास है, यह 'नव संकल्प शिविर' सामान्य नहीं है।
अशोक गहलोत ने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में हम आगे बढ़ेंगे। देशवासियों को हमसे कांग्रेस पार्टी से कई उम्मीदें हैं। मुझे विश्वास है कि ये शिविर सफल रहेगा। ये कोई मामूली चिंतन शिविर नहीं है। मुझे विश्वास है कि इस शिविर के माध्यम से देश को एक मैसेज देने में कांग्रेस सफल होगी।
उदयपुर में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने देश को बताया कि आखिर ‘नव संकल्प का चिंतन क्यों’?
देश में बढ़ती आर्थिक असमानता के चलते 142 सबसे बड़े अमीरों की सम्पति तो एक साल में ₹30 लाख करोड़ बढ़ गई पर देश के 84% घरों की आय घट गई। 15 लाख हर खाते में आना तो दूर, बचत का पैसा भी लुट गया।
गर्त में गिरती अर्थव्यवस्था के चलते 1 अमेरिकी डॉलर के मुक़ाबले हमारे रुपये की क़ीमत गिर कर ₹77.56 हो गई, जो 75 साल में सबसे बड़ी गिरावट है। दूसरी और देश का क़र्ज़ साल 2014 में ₹ 55 लाख करोड़ से बढ़ कर साल 2022 में ₹135 लाख करोड़ हो गया। मोदी सरकार हर रोज़ ₹4,000 करोड़ का क़र्ज़ लेती है। देश के हर नागरिक पर ₹1,00,000 का क़र्ज़ है।
महंगाई ने आम जनजीवन नर्क बना दिया है। साल 2014 में ₹410 में मिलने वाला रसोई गैस सिलेंडर अब ₹1,000 का हो गया; पेट्रोल ₹71/लीटर था, आज ₹105.41/लीटर हो गया; डीज़ल ₹56/लीटर था, आज ₹95.87/लीटर हो गया। अकेले पेट्रोल-डीज़ल पर टैक्स लगा मोदी सरकार ने तो ₹27 लाख करोड़ कमाये, पर जनता को क्या मिला? यही हाल आटा, दाल, खाने का तेल, सब्ज़ी, साबुन, टूथपेस्ट, TV, फ्रिज और रोज़ ज़रूरत की हर वस्तु का है।
देश में बेरोज़गारी की दर 8% से अधिक है। भारत सरकार, सरकारी उपक्रमों व प्रांतीय सरकारों में मिलाकर 30 लाख से ज्यादा पद ख़ाली पड़े हैं। सेनाओं में 2,55,000 पद ख़ाली हैं। निजी क्षेत्र में लघु और छोटे उद्योग तालाबंदी की कगार पर हैं। 2 करोड़ रोज़गार हर साल देना तो दूर, करोड़ों रोज़गार चले गए हैं।
किसान व खेती को प्राइवेट कंपनियों को सौंपने का षड्यंत्र जारी है। पहली बार खेती पर GST लगाया गया - खाद हो, ट्रैक्टर व खेती के उपकरण हों, कीटनाशक दवाई हो। खाद की सब्सिडी काटी जा रही है और DAP व यूरिया की क़ीमतें आसमान छू रही है। MSP गारंटी क़ानून पर चर्चा ही नहीं। मनरेगा का बजट काट दिया है। किसान की आय साल 2022 तक दुगना होना तो दूर, उपज की क़ीमत भी नहीं मिल रही।
दलित व आदिवासी सब प्लान ख़त्म कर दिया गया। उनके आरक्षण व दलित पक्षधर क़ानूनों पर हमला बोला जा रहा है। PSU’s बेच कर दलितों व पिछड़ों का आरक्षण ख़त्म किया जा रहा है। दलितों पर अत्याचार चरम सीमा पर है। यहां तक कि दलित कल्याण को टारगेटेड केंद्रीय योजनाएं कुल बजट का मात्र 4.4प्रतिशत रह गई हैं। अब तो केंद्र सरकार पिछड़े वर्गों की संख्या का सेन्सस तक जारी करने से इनकार कर रही है।
देश की भूभागीय अखंडता पर हमला बोला गया है। चीन ने दुस्साहस कर लद्दाख़ में भारत माता की सरज़मीं पर क़ब्ज़ा कर रखा है। अरुणाचल की सीमा पर अतिक्रमण कर चीन आए दिन नये ठिकाने बना रहा है। डोक़लाम में चीन द्वारा किए नए सड़क निर्माण, तोपख़ाने व सैनिक ठिकानों का निर्माण हमारी अखंडता को सीधी चुनौती है। पर मोदी सरकार चीन को हमारी सरज़मीं से वापस खदेड़ने में असक्षम साबित हुई है। सरकार केवल चीनी ऐप बैन कर झूठी वाहवाही लूट रही है और उल्टा चीन से वस्तुओं का आयात बढ़कर 97 बिलियन डॉलर हो गया है।
उत्तर प्रदेश के मदरसों में सुबह राष्ट्रगान गाना अब अनिवार्य हो गया है। इस संबंध में राज्य की योगी सरकार ने एक आदेश जारी किया है।
बीजेपी विधायक मोहसिन रजा ने कहा, “ज्ञानवापी मामले में न्यायालय के फैसले के अनुपालन में हम काम करेंगे। विरोध करने वाले लोग देश के क़ानून और संविधान में विश्वास रखें। हम इस निर्णय का स्वागत करते हैं। सांप्रदायिक सौहार्द, शांति व्यवस्था बिगाडने वाले और उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।”
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने ताजमहल के 22 बंद दरवाजों को खोलने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। याचिकाकर्ता के वकील का कहना है कि लखनऊ बेंच का कहना है कि यह मामला न्यायिक नहीं बल्कि विवादास्पद है, आप इसपर डिबेट कर सकते हैं। हमारी 4 अपील थी, पहली फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई जाए, दूसरी बंद कमरों को खोला जाए, तीसरी इससे जुड़े एक्ट का पुनर्लेखन और चौथी बेसमेंट में बने वॉल जो बंद हैं उनकी स्टडी करने की इजाज़त दी जाए, इन चारों अपील को ख़ारिज किया गया है। हमें इसपर रिसर्च करने को कहा गया है हमारा अगला क़दम होगा कि हम हिस्ट्री अकादमी को अपरोच करें।
भारतीय शेयर बाजार में गिरावटच थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार का कारोबार खत्म होने पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 1200 अंकों की गिरावट के साथ 53,000 अंको के नीचे 52,944 अंकों पर बंद हुआ है तो नेशनल स्टॉक एक्चेंज का निफ्टी 352 अंकों की गिरावट के साथ 15,814 अंकों पर बंद हुआ है।
श्रीलंका की एक अदालत ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और उनके बेटे, सांसदों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित 14 अन्य लोगों के देश छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ताजमहल केस में याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि यह याचिका ताजमहल के इतिहास के संबंध में एक अध्ययन के लिए 226 के तहत एक निर्देश की मांग करती है। दूसरी प्रार्थना ताजमहल के अंदर बंद दरवाजों को खोलने की है। याचिकाकर्ता ने गैर-न्यायसंगत मुद्दे पर फैसला देने का आह्वान किया है।
राज्यसभा की 57 सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने इसका ऐलान किया है।
ताजमहल मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। याचिकाकर्ता ने ताजमहल के बंद 22 कमरों में जाने की मांग की है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि आप एक समिति के माध्यम से तथ्यों की खोज की मांग कर रहे हैं। यह आपका कोई अधिकार नहीं है और यह आरटीआई अधिनियम के दायरे में नहीं है। कोर्ट ने कहा कि हम आपकी दलीलों से आश्वस्त नहीं हैं।
कोर्ट की टिप्पणी पर याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि क्या मैं इसे फिर से एक नई अपील के साथ दाखिल कर सकता हूं?
अदालत ने कहा कि हमने पाया है कि यह याचिका आगरा में स्थित ताजमहल के इतिहास के संबंध में एक अध्ययन के लिए 226 के तहत एक निर्देश की मांग करती है। दूसरी प्रार्थना ताजमहल के अंदर बंद दरवाजों को खोलने की है। अदालत ने कहा कि हमारी राय है कि याचिकाकर्ता ने हमें पूरी तरह से गैर-न्यायसंगत मुद्दे पर फैसला देने का आह्वान किया है। हम रिट याचिका पर विचार करने में सक्षम नहीं हैं।
वाराणसी ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे मामले में वाराणसी कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। मुस्लिम पक्ष की कोर्ट कमिश्नर बदलने की मांग खारिज हो गई है। कोर्ट कमिश्नर बरकरार रहेंगे। कोर्ट ने आदेश दिया है कि मस्जिद के अंदर सर्वे जारी रहेगा। 17 मई से पहले यह सर्वे होगा। कोर्ट के इस फैसले अब मस्जिद के अंदर कोर्ट कमिश्नर के जाने का रास्ता साफ हो गया है।
ज्ञानवापी मामले में हिंदू पक्ष के अधिवक्ता मदन मोहन यादव ने कहा, “कोर्ट ने फैसला दिया है कि कमिश्नर अजय मिश्रा नहीं बदले जाएंगे और साथ में ताला खोलकर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने 17 मई तक रिपोर्ट मांगी हैं। अगर कार्रवाई में कोई विरोध करता है तो उस पर एफाईआर करने के आदेश दिए हैं।”
उन्होंने कहा, “कोर्ट ने फैसला दिया है कि कमिश्नर अजय मिश्रा नहीं बदले जाएंगे और साथ में ताला खोलकर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने 17 मई तक रिपोर्ट मांगी हैं। अगर कार्रवाई में कोई विरोध करता है तो उस पर एफआईआर करने के आदेश दिए हैं।”
मध्य प्रदेश के भोपाल में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस नें वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
दिल्ली के मदनपुर खादर में एमसीडी की बुलडोजर कार्रवाई पर बवाल हो गया है। पहले स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। इसके बाद भीड़ ने एमसीडी टीम और पुलिस पर पथराव कर दिया। मौके पर मौजूद आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर में आजम खान की पत्नी तजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम ने MP MLA कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में कल वारंट जारी हुए थे।
कृष्ण जन्मभूमि विवाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट मथुरा कोर्ट को आदेश दिया कि कोर्ट 4 महीने में सभी अर्जियों का निपटारा करे। सुन्नी वक्फ बोर्ड और अन्य पक्षकारों के सुनवाई में शामिल ना होने पर हाई कोर्ट ने एकपक्षीय आदेश जारी करने का निर्देश दिया। इस मामले में जस्टिस सलिल कुमार राय की सिंगल बेंच में सुनवाई हुई। भगवान श्रीकृष्ण विराजमान के वाद मित्र मनीष यादव की अर्जी पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया।
सुप्रीम कोर्ट ने एलआईसी आईपीओ शेयर आवंटन को रोकने से इनकार कर दिया है। अंतरिम राहत नहीं दी गई। कोर्ट ने कहा कि वित्त अधिनियम 2021 को धन विधेयक के रूप में पारित करने को चुनौती देने वाले मुद्दे को संविधान पीठ के समक्ष लंबित मामले के साथ टैग करें।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ताजमहल मामले की सुनवाई के लिए 2 बजे तक का समय दे दिया है। लंच के बाद मामले की फिर सुनवाई होगी।
इससे पहले सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट से कहा कि कृपया मुझे उन कमरों में जाने की अनुमति दें। इस पर कोर्ट ने कहा कि कल आप आकर हमें माननीय जजों के चैंबर में जाने के लिए कहेंगे? कोर्ट ने कहा कि कृपया जनहित याचिका प्रणाली का मजाक न बनाएं।
दिल्ली के मदनपुर खादर में अतिक्रमण विरोधी अभियान के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी की। मौके पर मौजूद आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान ने कहा कि मैं जेल जाने को तैयार हूं अगर यह गरीब लोगों के घरों को बचाता है। यहां कोई अतिक्रमण नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई अतिक्रमण होता है तो मैं उन्हें (नागरिक निकाय) विध्वंस में समर्थन दूंगा।
ज्ञानवापी मामले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि यह सब राजनीतिक लाभ लेने के लिए हो रहा है, ये मुद्दे देश को तोड़ देंगे। राम मंदिर के बाद अब शांति की जरूरत है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जासूसी के आरोप में भारतीय वायुसेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम देवेंद्र शर्मा बताया गया है। इस पूरे मामले में पाक की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ होने का अंदेशा है।
राजस्थान के उदयपुर के फतेह नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की घटना सामने आई है। मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं, आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में ग्रामीण 100 रुपए देकर पीने का पानी ले रहे हैं। देवरी नवीन के सरपंच रामकुमार सैयम ने बताया, "पानी की समस्या की वजह से गांव वाले निजी बोरवेल से पानी ले रहे हैं। इसका शुल्क 100 रुपए है जिसमें से 50 रु.गांव वाले देते हैं और 50 रुपये हमारी तरफ से दिया जाता है।"
मध्य प्रदेश के राजगढ़ के करेड़ी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने एक दुकान और 2-3 मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। पुलिसवालों पर पथराव भी किया गया है। अभी स्थिति नियंत्रण में है। अस्पताल में भर्ती लोगों की हालत सामान्य है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 May 2022, 7:43 AM IST