
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सीवर में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चित्तरंजन (26) और अब्दुल सलाम (18) के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, घटना शहर के बवाना इलाके में उस समय हुई, जब कचरा बीनने वाले अब्दुल सलाम ने बवाना में बालाजी चौक के पास गंगा टोली रोड पर सीवर का ढक्कन हटाकर बेकार प्लास्टिक इकट्ठा करने के लिए अंदर घुस गया। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) बृजेंद्र कुमार यादव ने कहा, "जब वह कुछ समय बाद बाहर नहीं आया, तो उसके छोटे भाई साहिल (12) ने शोर मचाया और लोगों से मदद मांगी।"
भीमा कोरेगांव मामले की जांच कर रही जांच समिति ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार को 5 और 6 मई को गवाह के तौर पर समन जारी कर मुंबई में सुनवाई के दौरान गवाह के तौर पर मौजूद रहने को कहा है।
राजधानी में एक ऑनलाइन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया गया और इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस बारे में दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को जानकारी दी। आरोपियों की पहचान तरुण (33), दीपक (39) और दिनेश खत्री (24) के रूप में हुई है। इनके पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, एक कैलकुलेटर, दो नोटबुक, दो पेन और 1,09,260 नकदी जब्त की गई।
भलस्वा लैंडफिल साइट पर लगी भीषण आग पर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को आपराधिक लापरवाही बता एफआईआर की मांग की है। एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि, इस महीने की चौथी बार भलस्वा लैंडफिल पर भीषण आग लगी, जिसको बुझाने की प्रक्रिया अभीतक जारी है। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। लोगों में डर बना हुआ है कि यदि आग का एक छोटा गोला भी नीचे गिर गया तो पूरी कॉलोनी में आग लग जाएगी। यह सब भाजपा की लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा है। पिछले एक साल में लगभग 14 बार आग लग चुकी है लेकिन भाजपा कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। और जब उनसे कूड़े के पहाड़ों पर सवाल करो तो वह जवाब देने से मना कर देते हैं।
कर्नाटक में पीएसआई (पुलिस सब-इंस्पेक्टर) भर्ती घोटाले में राज्य सरकार ने एडीजीपी अमृत पॉल का बुधवार को तबादला कर दिया है। भाजपा सरकार द्वारा तबादला, ऐसे समय में हुआ है, जब सीआईडी के अधिकारियों ने पीएसआई की भर्ती प्रक्रिया में व्याप्त बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले घोटाले की जांच तेज कर दी है, जिससे कई सवाल खड़े हो गये हैं।
सरकार ने एक अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आर हितेंद्र को एडीजीपी, भर्ती के रूप में प्रतिनियुक्त किया है।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल से जब पूछा गया कि क्या मुंबई पुलिस की ईओडब्ल्यू अमरावती की सांसद नवनीत राणा और बिल्डर-फिल्म फाइनेंसर यूसुफ लकड़ावाला की जांच करेगी तो उन्होंने कहा कि हम यूसुफ लकड़वाला और नवनीत राणा के बीच संबंधों की जांच करेंगे।
दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे में राजधानी में कोरोना के मामलों में बड़ा उछाल आया है। इस दौरान 1367 नए केस मिले हैं, जबकि एक शख्स की मौत हुई है। संक्रमण दर 4.5% पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कैथेड्रल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, इंदिरा नगर में एक-एक छात्र के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दोनों को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि पीएम ने आज की सीएम के साथ बैठक में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों का मामला राज्यों पर छोड़ दिया। उन्होंने कीमतें बढ़ाई हैं। अभी केंद्र पश्चिम बंगाल सरकार से पेट्रोल पर 25% अधिक ले रहा है। उनका यह दावा एकतरफा और भ्रामक है।
विजय सांपला को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने फगवाड़ा से पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया था।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि आज सीएम सभी जिला कलेक्टरों के साथ बैठक करेंगे। वह भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य करने के आदेश दे सकते हैं। इस पर बैठक के बाद अंतिम फैसला होगा।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पीएम मोदी को पहले कर्नाटक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश की बीजेपी सरकारों से पेट्रोल-डीजल पर कर कम करने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने उच्चतम उत्पाद शुल्क लगाया और 27 लाख करोड़ रुपये एकत्र किए, सब्सिडी देनी ही चाहिए। यूपीए के दौरान, मनमोहन सिंह ने हर साल 1 लाख करोड़ रुपये की ईंधन सब्सिडी दी थी।
नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मस्जिदों में लाउडस्पीकर की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती, जबकि उनका इस्तेमाल अन्य जगहों पर किया जा रहा है? हमें बताया जा रहा है कि हलाल मांस नहीं बेचा जाना चाहिए। क्यों? हम यह नहीं कह रहे हैं कि मंदिरों, गुरुद्वारों में माइक नहीं लगाने चाहिए। आपको केवल वह सब पसंद नहीं है जो हम करते हैं।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पुलिस और प्रशासन के साथ वर्चुअल मीटिंग में कहा कि आत्महत्या के मामले को रेप केस में बदल दिया गया। बीजेपी और माकपा दोनों ही बंगाल को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। हम बंगाल को हाथरस या उन्नाव नहीं बनने देंगे।
नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर में सेहरी और इफ्तार के समय बिजली कटौती जानबूझकर हमें परेशान करने के लिए की जा रही है। आप हमारी भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। यदि आपका इरादा हमारी भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का नहीं है, तो सेहरी और इफ्तार के समय बिजली दें और दिन के अन्य घंटों में काटें। मेरी राय में, पीपुल्स अलायंस फॉर गुप्कर डिक्लेरेशन (पीएजीडी) को बीजेपी और उसकी बी और सी टीमों में वोटों के बंटवारे को रोकने के लिए एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय नावान्न में विभिन्न योजनाओं और बढ़ रही गर्मी को लेकर सभी जिले के डीएम और एसपी के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। सीएम ने कहा, "पाड़ा (इलाका) समाधान और दुआरे सरकार फिर से शुरू किया जाएगा। जिसके लिए फिर से आवेदन लिए जाएंगे।"
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंह देव ने कहा, “अभी यहां चिंता की बात नहीं है। कोरोना के लिए करीब 14 हजार बिस्तर रिजर्व हैं। कोरोना गाइडलाइंस को जिंदगी का हिस्सा मान कर चलना चाहिए। हम लोग समझदार हैं तो प्रशासन के बोलने का इंतजार नहीं करना चाहिए।”
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं कि पिछले 2 साल में सदी की सबसे बड़ी महामारी में आपका नेतृत्व और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। महामारी को न केवल नियंत्रण करने में बल्कि विश्व में सबसे बेहतर रिकवरी रेट लाने में भारत को सफलता मिली है।”
उन्होंने कहा, “पिछले 2 सप्ताह से एनसीआर के कुछ जनपद गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में कोविड मामलों में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिली है, राज्य में बाकी स्थिति नियंत्रण में है। इस समय प्रदेश में कुल 1384 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से सिर्फ 19 अस्पताल में हैं।”
उत्तर प्रदेश के एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा, “उत्तर प्रदेश में अब तक 4,258 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं और निर्धारित मानकों के अनुसार 28,186 की आवाज़ कम की गई है।”
उत्तर प्रदेश के मेरठ के एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई है। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला ने कहा, “24-25 मरीज रोज आ रहे हैं लेकिन सबको माइल्ड लक्षण हैं कोई चिंता का विषय नहीं है। हम लोगों से अपील करेंगे कि वो थोड़ी सावधानी बरतें और भीड़-भाड़ इलाके में मास्क जरूर पहनें।”
दिल्ली के ज्ञान सरोवर स्कूल के पास भलस्वा लैंडफिल साइट में आग लगने के बाद स्कूल को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। सामुदायिक आयोजक नारायण ने बताया, "आग लगने से धुएं के कारण यहां बच्चों को रखना सुरक्षित नहीं है। हमने एक हफ्ते तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।"
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते ममलों के बीच सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश में कोरोना वायरस की स्थिति पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में वर्चुअल कोरोना समीक्षा बैठक में भाग लिया।
बैठक में पीएम मोदी ने कहा, “पिछले 2 हफ्तों से मामले जो बढ़ रहे है उससे हमें अलर्ट रहना है। 2 साल के भीतर में देश ने हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर ऑक्सीजन सप्लाई तक कोरोना से जुड़े हर पक्ष में जो आवश्यक है उसे देने का काम किया है। तीसरी लहर में स्थितियां अनियंत्रित होने की खबर नहीं आई।”
पीएम मोदी ने कहा, “हमारे वैज्ञानिक और विशेषज्ञ नेशनल और ग्लोबल स्थिति को लगातार मॉनिटर कर रहे हैं। संक्रमण को शुरुआत में ही रोकना हमारी प्राथमिकता पहले भी थी, आज भी यही रहना चाहिए। टेस्ट,ट्रैक, ट्रीट की हमारी स्ट्रैटेजी को भी हमें उतने ही प्रभावी तौर पर लागू करना है।”
एसडीएमसी मेयर मुकेश सूर्यन ने कहा, “कई बार अवैध अतिक्रमण की शिकायत हो चुकी है। हम इस क्षेत्र का निरीक्षण करने आए हैं। हम अवैध रूप से अतिक्रमण की गई संपत्तियों पर कार्रवाई करेंगे, उनमें से कुछ की पहचान कर ली गई है। जल्द शुरू होगा अतिक्रमण अभियान।”
चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में आग लगी। मौके पर दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। प्रमुख सचिव-स्वास्थ्य, डॉ. जे राधाकृष्णन ने बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आग पुरानी इमारतों में से एक में लगी, नए तीन ब्लॉक आग से सुरक्षित हैं। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, “महाराष्ट्र के अमरावती से सांसद नवनीत राणा का अंडरवर्ल्ड कनेक्शन सामने आया है। उसने जेल में मारे गए यूसुफ लकड़ावाला से 80 लाख रुपये का कर्ज लिया था। लकड़ावाला को ईडी ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था और उसके 'डी' गिरोह से संबंध थे।”
उन्होंने कहा, “नवनीत राणा के अलावा लकड़ावाला के लेन-देन की जांच की गई। ईडी उनसे कब पूछताछ करेगी? कोई उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा है। इससे साफ है कि हाल ही में महाराष्ट्र में हुई घटनाओं में अंडरवर्ल्ड का कनेक्शन था।”
उत्तराखंड के देहरादून के जिलाधिकारी डॉ.आर.राजेश के मुताबिक, कोरोना संक्रमण की बढ़ती दर को देखते हुए शहर में बिना मास्क के बाहर निकलने वालों से 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, “तमिलनाडु के तंजावुर में हुए हादसे से गहरा दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएंगे। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में कल कोरोना वायरस के लिए 5,05,065 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 83,59,74,079 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते ममलों के बीच सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश में कोरोना वायरस की स्थिति पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 2,927 नए मामले सामने आए हैं, 2,252 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 32 लोगों की मौत हुई है।
देश में भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में बिजली संकट गहरा गया है। सबसे अधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में कोयले का स्टॉक जरूरत के अनुपात में महज 26 फीसदी ही बचा है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, झारखंड समेत देश के कई राज्यों में बिजली के संकट को देखते हुए कटौती शुरू हो गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Apr 2022, 8:03 AM IST