
सीआरपीएफ की दो महिला अधिकारियों को पहली बार महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। आईजी सीमा धुंडिया सीआरपीएफ के बिहार सेक्टर की प्रमुख होंगी और आईजी एनी अब्राम रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के प्रमुख के रूप में काम करेंगी।
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 5,093 लोगों ने पोस्टल बैलेट के जरिए वोट डाला। पोस्टल बैलेट द्वारा मतदान 1 नवंबर को शुरू हुआ और 11 नवंबर से पहले पूरा हो जाएगा।
राजधानी शिलांग के नजदीक मेघालय सीएम कोनराड संगमा के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। खुद सीएम ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के कारण उमियम झील के निकट आपात स्थिति में उतारा गया।
टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 5 रन से हरा दिया है। एडिलेड में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 184 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। बारिश के कारण बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रनों का लक्ष्य दिया गया। जबाव में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 6 विकेट खोकर 145 रन ही बना सकी। भारत के लिए विराट कोहली ने 44 गेंदों पर 64 रनों की शानदार पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से हसन महमूद ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके।
टी20 WC में 108 रन पर बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट गई है, अर्शदीप और पांड्या 2-2 विकेट लिए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ बांग्लादेश को तीसरा झटका लगा है, अफीफ हौसेन भी पवेलियन लौट गए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ बांग्लादेश को पहला झटका लग गया है। दोबारा मैच शुरू होने के कुछ ही देर बाद लिटन दास आउट हो गए। केएल राहुल की हिट ने लिटन दास को रनआउट किया। बारिश आने से पहले लिटन दास ही 27 बॉल में 60 रनों की तूफानी पारी खेल रहे थे, उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए।
एडिलेड में बारिश रुक गई है। कुछ ही देर में मैच शुरू होगा। बांग्लादेश के लिए लक्ष्य को घटा दिया गया है। अब मैच 16 ओवर का होगा। डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार, अब बांग्लादेश को जीत के लिए 16 ओवर में 151 रन बनाने हैं। बांग्लादेश की टीम 7 ओवर में 66 रन बनाकर वह खेल रही है, यानी आखिरी 9 ओवर में 85 रनों की जरूरत है।
बारिश के कारण फिलहाल मैच रोक दिया गया है। बांग्लादेश ने सात ओवर में 66 रन बना लिए हैं। वह इस समय डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर भारत से 17 रन आगे है। अगर मैच यहां से नहीं खेला गया तो बांग्लादेश की टीम मैच जीत जाएगी।
185 रन का पीछा करते हुए बांग्लादेश की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। भारत के लिए पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार कर रहे हैं। वहीं, बांग्लादेश के लिए शान्तो और लिटिन दास ने पारी की शुरुआत की है।
नोएडा - ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हुआ है। इस भीषण हादसे में एक खड़े ट्रक के पीछे से एक लग्जरी कार ने टक्कर मारी है। जिसमें एक महिला की मौत हो गई है और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 184 का स्कोर बनाया है। भारत की ओर से एक बार फिर विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं, उन्होंने 64 रनों की पारी खेली है। टीम इंडिया की ओर से केएल राहुल ने 50, सूर्यकुमार यादव ने 30 रनों की पारी खेली।
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में दिनेश कार्तिक सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए हैं। भारत का स्कोर 150/5 हो गया है, विराट कोहली ने अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है।
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ जारी मैच में विराट कोहली अर्धशतक जड़ दिया है। इसके साथ ही भारत का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है।
टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की पारी लड़खड़ाती नजर आ रही है। सूर्या के बाद हार्दिक पंड्या भी आउट हो गए हैं। इसके साथ ही भारत का चौथा विकेट गिर गया है। हार्दिक सिर्फ पांच रन बना पाए। विराट कोहली के साथ दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं और भारत को आखिरी पांच ओवर में बड़े स्कोर की जरूरत है।
टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने 16 बॉल में 30 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में सूर्या ने चार चौके जमाए और करीब 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन ने उन्हें आउट कर दिया है।
टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा है। केएल राहुल 32 बॉल में 50 रनों की पारी खेलने के बाद आउट हो गए हैं। उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के जड़े। केएल राहुल ने 156 के स्ट्राइक रेट से रन बरसाए टीम इंडिया का स्कोर 9.2 ओवर में 2 विकेट पर 78 हो गया है।
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ खेल रही टीम इंडिया को पहला झटका लगा है। कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 2 रन के स्कोर पर आउट हो गए हैं। पिछले ही ओवर में रोहित शर्मा को जीवनदान मिला था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, “केंद्र सरकार को अपनी गलती के लिए किसानों से माफी मांगनी चाहिए। आपकी वजह से आज पंजाब में पराली जल रही है। जब किसान तैयार थे, पंजाब सरकार तैयार थी, दिल्ली सरकार तैयार थी, अगर आपने सहयोग किया होता तो आज पंजाब में पराली की घटनाएं आधी हो चुकी होती।”
मोरबी बार एसो. के वरिष्ठ वकील एसी ने कहा, “मोरबी ब्रिज गिरने की घटना में (ओरेवा कंपनी के) 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मोरबी बार एसोसिएशन और राजकोट बार एसोसिएशन ने उनका मामला नहीं लेने और उनका प्रतिनिधित्व नहीं करने का फैसला किया है। दोनों बार एसोसिएशन ने यह प्रस्ताव पारित किया है।”
कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व ऊर्जा मंत्री नितिन राउत तेलंगाना के हैदराबाद के वासवी अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। वह भारत जोड़ी यात्रा के दौरान कथित तौर पर पुलिस द्वारा धक्का दिए जाने के बाद गिर गए थे। उनकी दाहिनी आंख, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
तमिलनाडु के चेन्नई में भारी बारिश के बाद शहर में कई स्थानों पर भारी जलभराव हो गया है। जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 56वां दिन है। 56वें दिन की शुरूआत आज सुबह तेलंगाना के हैदराबाद शहर से हुई। यात्रा में अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता पूजा भट्ट भी कुछ समय के लिए शामिल हुई।
तमिलनाडु में कई जगहों स्कूलों को आज बंद रखा गया है। क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा के कारण चेन्नई, रानीपेट और तिरुवल्लूर में स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे और वेल्लोर, कांजीपुरम, विलुपुरम और चेंगलपट्टू में स्कूल बंद रहेंगे।
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 354 (बहुत खराब) श्रेणी में है और नोएडा में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 406 (गंभीर) श्रेणी में है।
उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से अस्पतालों में TB और चेस्ट इंफेक्शन के मरीज बढ़े हैं। SN मेडिकल कॉलेज के TB और चेस्ट विभाग के प्रोफेसर डॉ.गजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया,"दिवाली के बाद तेजी से प्रदूषण का स्तर बढ़ा और मौसम भी बदला है जिस वजह से मरीजों की संख्या बढ़ी है।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 02 Nov 2022, 7:33 AM IST