
RCB के हाथों मिली हार के बाद धोनी की टीम सीएसके ट्रॉफी की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। बैंगलोर ने आज खेले गए मैच में चेन्नई को 13 से हरा दिया। इस मैच में बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 173 रन बनाए थे, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 160 रन ही बना पाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन यूरोपीय देशों की अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में बुधवार को पेरिस पहुंचे। वह अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे और उसके बाद वह वापस भारत के लिए उड़ान भरेंगे।
मोदी ने कोपेनहेगन से पेरिस के लिए उड़ान भरी, जहां उन्होंने अपने समकक्षों मेटे फ्रेडरिकसेन (डेनमार्क), कैटरीन जैकब्सडॉटिर (आइसलैंड), जोनास गहर स्टोर (नॉर्वे), मैग्डेलेना एंडरसन (स्वीडन) और सना मारिन (फिनलैंड) के साथ दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया।
जम्मू के सांबा सेक्टर में चक फकीरा सीमा चौकी के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटी एक पाकिस्तानी सुरंग का पता चला है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा, "मंगलवार को बीएसएफ द्वारा चक फकीरा बॉर्डर चौकी के एओआर (एरिया ऑफ रिस्पॉन्सिबिलिटी) में एक विशेष सुरंग जांच अभ्यास किया गया था। अभ्यास के दौरान, एक ताजा खोदी गई सुरंग का पता चला है।"
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे एवं ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे भूमि घोटाले में दो तत्कालीन डीएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र में तैनात महिला आईएएस निधि केसरवानी को निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री योगी ने ट्विटर के माध्यम से लिखा कि भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री ने तत्कालीन जिलाधिकारी गाजियाबाद को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू करने हेतु प्रकरण भारत सरकार को संदर्भित करने के आदेश दिए हैं।
गाजियाबाद में डीएम रहते हुए दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान निधि केसरवानी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। इसको संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन डीएम निधि केसरवानी को निलंबित करने तथा दो अन्य डीएम के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मामले की विभागीय जांच के साथ ही मुकदमा दर्ज करने के आदेश भी दिए हैं।
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में साम्प्रदायिक हिंसा की घटनाएं सामने आईं। कांग्रेस ने राज्य के शांत माहौल और गंगा-जमुनी तहजीब को छिन्न-भिन्न करने का आरोप भाजपा से जुड़े लोगों पर लगाया है, साथ ही बुरहानपुर की एक प्रतिमा को अंग-भंग करने के आरोपी का भी भाजपा के नेता रिश्ता होने का आरोप लगाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री पी सी शर्मा और पार्टी के प्रदेश महामंत्री व मीडिया प्रभारी के के मिश्रा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग राज्य का माहौल बिगाड़ने में लगे हैं।
पूर्व मंत्री यादव ने बीते दो मई को बुरहानपुर जिले में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि, इस घटना को अंजाम देने के लिए सामने आए आरोपी के घृणित चेहरे ने भाजपाई चरित्र को तार-तार कर दिया है। यदि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भाजपा नेता का रिश्तेदार आरोपी नहीं पकड़ा जाता तो साम्प्रदायिक हिंसा पनप सकती थी।
भारतीय मूल के कंजर्वेशन बायोलॉजिस्ट डॉ कमल बावा को अमेरिकी नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज के लिये चयनित किया गया है।
इस 170 साल पुरानी एकेडमी में कमल बावा का चयन विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखकर किया गया है।
कमल बावा बेंगलुरु स्थित अशोका ट्रस्ट फॉर रिसर्च इन इकोलॉजी एंड एंनवॉयरमेंट (अत्री) के संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। वह ब्रिटेन की अति प्रतिष्ठित रॉयल सोसाइटी (2015) और अमेरिकन फिलोसॉफिकल सोसाइटी (2019) के भी चयनित फेलो हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के 49वें मैच में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ेगी। चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीत लिया है, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले बैटिंग करेगी।
‘हनुमान चालीसा’ के पाठ को लेकर विवादों में आयी अमरावती की निर्दलीय सांसद नवनीत कौर राणा व विधायक रवि राणा को भले ही मुंबई सत्र न्यायालय ने जमानत प्रदान कर दी, लेकिन राणा दंपत्ति को बुधवार की रात भी जेल में ही बितानी होगी। क्योंकि जमानत के कागजात जेल की डाक पेटी में नहीं पहुंच सके।
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार दोपहर को बारिश के साथ ओले गिरे।
सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड में चल रही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। झारखंड के गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने राज्य की ग्राम पंचायतों में ओबीसी आरक्षण निर्धारित किये बगैर चुनाव कराने के सरकार के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने अदालत से चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उनकी याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी कि झारखंड में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है इसलिए बीच में इस पर रोक नहीं लगायी जा सकती।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी के दिग्गज डेविड वार्नर ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स में शीर्ष तीन बल्लेबाजों को आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। ये तीन बल्लेबाज मिशेल मार्श, पृथ्वी शॉ और वो खुद हैं।
पिछले 24 घंटे के भीतर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नामचीन वेल्हम गर्ल्स हाईस्कूल की छह छात्राओं समेत 16 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
अप्रैल 2022 माह के लिए रक्षा मंत्रालय के पेंशनभोगियों को पेंशन का भुगतान न करने के संबंध में मीडिया और सोशल मीडिया में जो चिंता व्यक्त की गई है। उसको लेकर रक्षा मंत्रालय ने लिखित बयान जारी कर कहा कि मासिक पेंशन प्राप्त करने के लिए सभी पेंशनभोगियों को वार्षिक पहचान सम्बन्धी औपचारिकता पूरी करनी होगी, जो आमतौर पर नवंबर 2021 के महीने में पेंशन वितरण एजेंसियों के रूप में कार्य करने वाले सभी बैंकों द्वारा की जाती है। कोविड की वजह से सरकार ने 30 नवंबर, 2021 को तयशुदा देय वार्षिक पहचान सम्बन्धी औपचारिकता पूरा करने के लिए तिथि को 31 मार्च, 2022 तक बढ़ा दिया था।
31 मार्च, 2022 तक लीगेसी प्रणाली से स्पर्श (01.01.2016 के बाद सेवानिवृत्त होने वाले) में स्थानांतरित हुए 4.47 लाख पेंशनभोगियों सहित पांच लाख से अधिक पेंशनभोगियों को मासिक पेंशन का सफलतापूर्वक वितरण कर रहा है।
जेजे अस्पताल, मुंबई ने बताया कि अमरावती के सांसद नवनीत राणा को दोपहर करीब 1.20 बजे पुलिस गर्दन दर्द की शिकायत के साथ यहां लाई थी। उसे हड्डी रोग विभाग रेफर कर दिया गया है। मूल्यांकन किया जा रहा है।
आरबीआई द्वारा रेपो रेट में बढ़ोतरी के ऐलान का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। सेंसेक्स 800 और निफ्टी 240 अंक टूटा
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार को अचानक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बेंचमार्क पॉलिसी रेट बढ़ा दिया। आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी ने रेपो रेट में 40 बेसिस पॉइंट या 0.4% की बढ़ोतरी की गई है। यानी अब रेपो रेट 0.4% हो गया है।
हैदराबाद में बुधवार की सुबह तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। ऐसे में कुछ हिस्सों में फंसे लोगों को बचाने के लिए प्रशासन ने नाव के साथ रेस्क्यू टीम रवाना किया है।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि यह 1 दिन का आंदोलन नहीं है, यह तब तक चलता रहेगा जब तक कि अवैध लाउडस्पीकर नहीं उतारे जाते। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पूरा पालन होना चाहिए। लाउडस्पीकर पर अजान जारी रही तो हनुमान चालीसा भी जारी रहेगी। राज्य में कोई दंगे नहीं होने चाहिए और औरंगाबाद में भी जब मेरे भाषण के दौरान अजान सुनाई थी तो मैंने पुलिस से कहा कि इसे बंद करिए।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि मुझे बताया गया है कि 1400-1500 मस्जिदों में से 135 मस्जिदों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय नियम को तोड़कर लाउडस्पीकर पर अज़ान लगाई गई।महाराष्ट्र पुलिस बताए कि आप इन 135 मस्जिदों पर क्या कार्रवाई करेंगे। आप हमारे कार्यकर्ताओं को पकड़ रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम देख रहे हैं कि कोर्ट ने जैसे कहा है वैसे कार्रवाई हो रही है या नहीं। या सिर्फ हमारे ऊपर कार्रवाई होगी। हम महाराष्ट्र में शांति चाहते हैं। अगर मंदिरों पर(गैरकानूनी लाउडस्पीकर) है तो उसे भी निकालो। ये विषय सामाजिक है, ये धार्मिक विषय नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि ‘One Rank, One Pension’ के धोखे के बाद अब मोदी सरकार 'All Rank, NO Pension' की नीति अपना रही है। सैनिकों का अपमान देश का अपमान है। सरकार को पूर्व सैनिकों की पेंशन जल्द से जल्द देनी चाहिए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि 'भाजपा जानबूझकर राजस्थान को निशाना बना रही है।' उन्होंने यह बात लेक सिटी में 13-15 मई तक होने वाले कांग्रेस के 'चिंतन शिविर' की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उदयपुर पहुंचने के बाद कही।
अशोक गहलोत ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा, "भाजपा जानबूझकर राजस्थान को निशाना बना रही है और इसलिए जोधपुर में हिंसा हुई। उन्हें राजस्थान को निशाना बनाने के लिए अपने उच्चाधिकारियों से आदेश मिल रहे हैं।"
लाउडस्पीकर विवाद के बीच नवी मुंबई के सनपाड़ा पुलिस ने महाराष्ट्र नव-निर्माण सेना के सिटी हेड योगेश शेटे को हिरासत में लिया है। इसके अलावा लाउडस्पीकर विवाद के बीच 250 से ज्यादा MNS कार्यकर्ता गिरफ्तार किया गया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा कि सिवनी (मप्र) में बजरंग दल (आरएसएस) के लोगों ने दो आदिवासियों की पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरएसएस-भाजपा का संविधान व दलित-आदिवासियों से नफरत का एजेंडा आदिवासियों के प्रति हिंसा को बढ़ावा दे रहा है। हमें एकजुट होकर नफरत से भरे इस एजेंडे को रोकना होगा।
राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा कि हिंसा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा, दंगा किसी कीमत पर नहीं हो। कहीं तनाव होगा तो कार्रवाई की जाएगी। इसमें जो भागीदार बनते हैं चाहे वो किसी भी धर्म का हो, पार्टी का हो, जाति या वर्ग का हो सभी के साथ समान व्यवहार किया जाएगा।
लाउडस्पीकर को लेकर राज ठाकरे के बयान पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में शांति है, महाराष्ट्र में कोई भी गैरक़ानूनी लाउडस्पीकर नहीं चल रहा है। आप माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पूरे देश में लाउडस्पीकर का क़ानून बना है, उसका महाराष्ट्र में पालन हो रहा है:
भारत में पिछले 24 घंटों में 3,205 नए कोविड मामले सामने आए, 2,802 रिकवरी और संक्रमित लोगों में से 31 की मौत दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले 19,509 हैं।
महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर को लेकर विवाद बढ़ गया है। एमएनएस चीफ राज ठाकरे के आह्वान पर अमल करते हुए एमएनएस कार्यकर्ताओं ने ठाणे और नवी मुंबई में साढ़े पांच बजे हनुमान चालीसा का पाठ किया।
तेलंगाना: हैदराबाद शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई। बारिश के बाद सड़कों के किनारे जलभराव देखा गया।
राजस्थान: जोधपुर शहर में कर्फ्यू जारी है। क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़कों पर पुलिस की तैनाती की गई है। तस्वीरें आज सुबह की हैं।
भविष्य में अब ट्विटर का इस्तेमाल करने पर यूजर्स को चार्ज देना होगा। एलन मस्क ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। एलन मस्क ने अपने ट्वीट में कहा है कि, "कैजुअल यूजर्स के लिए Twitter हमेशा मुफ्त रहेगा। लेकिन कमर्शियल और सरकारी यूजर्स को इसके लिए थोड़ी सी लागत चुकानी पड़ सकती है।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 04 May 2022, 8:07 AM IST