
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अब अपने दम निकाय चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारेगी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से नाराजगी के बीच प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने बुधवार को बड़ा ऐलान कर दिया है। कहा कि निकाय चुनाव अपने दम लड़ा जाएगा। इससे पहले बुधवार को अखिलेश यादव की ओर से भी शिवपाल यादव को झटका दिया गया था। दरअसल, रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें शिवपाल यादव का नाम नहीं था। जिसके बाद बुधवार शाम को शिवपाल यादव ने अपने पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की है। इस अवसर पर शिवपाल यादव ने कहा कि प्रगतिशील सामाजवादी पार्टी (लोहिया) अपने पूर्व के अनुभवों से सबक लेते हुए आसन्न स्थानीय निकाय का चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि बिहार में धर्मान्तरण विरोधी कानून की कोई जरुरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यहां हमेशा अलर्ट रहती है, सभी लोग शांति से रहते हैं। पटना में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने जबरन धर्म परिवर्तन कराने के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि यहां इस तरह के कानून की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने साफ लहजे में कहा कि सरकार यहां हमेशा अलर्ट रही है। यहां इस तरह का कोई 'डिस्प्यूट' नहीं है। बिहार में बहुत शांति है। लोग चाहे वे किसी भी धार्मिक समूह के हों शांति से रहते हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को सांबा का दौरा किया और 31 मई को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों द्वारा मारी गई शिक्षिका रजनी बाला के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए, उपराज्यपाल ने कहा कि रजनी बाला घाटी में सबसे प्रिय और प्रशंसित शिक्षकों में से एक थीं।
इस दौरान उपराज्यपाल ने परिवार के सदस्यों को केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस ने आज दावा किया कि लॉरेंस बिश्नोई ही हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। साथ ही पुलिस ने पांच आरोपियों की पहचान कर एक शूटर के मुख्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
टीम इंडिया को 9 जून से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो पांच टी20 मैच की सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान केएल राहुल चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ऋषभ पंत कप्तान होंगे। सीरीज में विराट कोहली और मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा को पहले ही आराम दिया गया है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि मास्को यूक्रेन से जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए तैयार था क्योंकि यूक्रेन के बंदरगाहों में फंसे अनाज को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी के लिए तैयारियां जारी है। हरिद्वार के SSP डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने कहा, "सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी और 5 PAC कंपनी लगाई गई है। डायवर्जन का प्लान तैयार है। आज शाम के बाद से ट्रकों की एंट्री बंद कर दी जाएगी।"
खरीफ की 17 फसलों पर एमएसपी बढ़ा दी गई है। केंद्रीय कैबिनेट ने यह फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज कैबिनेट की बैठक में फ़ैसला लिया गया है कि तिल के दाम में 523 रुपए की बढ़ोतरी होगी। मूंग पर प्रति क्विंटल 480 रुपए की बढ़ोतरी होगी। सूरजमुखी पर 358 रुपए प्रति क्विंटल है। मूंगफली पर 300 रुपए की बढ़ोतरी की है।
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप विमानन नियामक DGCA हवाई अड्डों के लिए कोविड के नए नियम जारी किए हैं जिसमें विमान यात्रा के दौरान मास्क होगा और केवल असाधारण परिस्थितियों में ही मास्क हटाने की अनुमति मिलेगी। उल्लंघन करने वालों को 'नियम तोड़ने वाले यात्री' के रूप में माना जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को 'नो फ्लाई लिस्ट' में रखा जा सकता है।
नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बुधवार को झारखंड पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। रांची शहर के तुपुदाना इलाके से प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के एरिया कमांडर कुंवर उरांव उर्फ जयदीय उर्फ जैना सहित छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दूसरी तरफ लोहरदगा जिले में सर्च ऑपरेशन के दौरान छह आईईडी बम और 421 राउंड कारतूस सहित विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होनेवाले कई सामान बरामद किये गये हैं।
यूपी के चंदौली के चकिया इलाके में बुधवार तड़के बीजेपी विधायक की एसयूवी एक खड़े डंपर से टकरा जाने से बीजेपी विधायक कैलाश खरवार, उनके ड्राइवर और गनर और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुंबई की खार पुलिस ने धारा 353 के तहत दूसरी FIR में सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। बोरीवली कोर्ट ने आज कपल को व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट दी है। सुनवाई की अगली तारीख 16 जून है।
दिल्ली में एक शख्स और दो लड़कियों ने पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी की। उन्हें रोक दिया गया क्योंकि वे एक मोटरसाइकिल पर ट्रिपल सवारी कर रहे थे जो गलत साइड से आ रही थी और सामने नंबर प्लेट भी नहीं थी।
क्रिकेटर मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। उनका बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने लिखा, "इतने सालों तक टीम का नेतृत्व करना सम्मान की बात थी। इसने मुझे निश्चित रूप से एक व्यक्ति के रूप में आकार दिया और उम्मीद है कि भारतीय महिला क्रिकेट को भी आकार देने में मदद मिली।"
भारत की शाख को चोट पहुंचाने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्री की मोदी सरकार को घेरा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि भारत को शर्मिंदा होना पड़ा है। पूरी दुनिया, जिसके मन में भारत की एक अच्छी छवि है, वह भारत के सत्तारूण दल के नफरती चेहरों से, उनके नफरती बयानों से और प्रधनमंत्री की चुप्पी से हैरान रह गया। गृह मंत्री चुप हैं, विदेश मंत्री चुप हैं। इन तीनों नेताओं का बोलने का खूब शौक है। इस मुद्दे पर जब इनकी अपनी पार्टी नफरत फैलाती रही तो यह एक शब्द नहीं बोले।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, “देश में कोयला और बिजली संकट कई महीनों से चल रहा है। सरकार ने राज्यों को बाहर से कोयला खरीदने को कह दिया है और घरेलू कोयले में कटौती शुरू कर दी है। सरकार ने 8 सालों में, कोयले की समस्या खत्म होगी, 24 घंटे बिजली मिलेगी, जैसी सिर्फ कोरी बयानबाजी की है। देश को अंधेरे में रखकर मोदी सरकार किसका विकास कर रही है?"
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के पहाड़ी इलाके में एक यात्री वैन के खाई में गिरने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, जोब राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा कर रही वैन किल्ला सैफुल्ला इलाके के पास खाई में जा गिरी।
महाराष्ट्र बोर्ड के 12वीं क्लास के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। परीक्षा में करीब 14 लाख छात्र शामिल हुए थे। महाराष्ट्र बोर्ड रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mahresult.nic.in, mahahsscboard.in, hscresult.mkcl.org पर भी उपलब्ध हैं। यहां आप नतीजे देख सकते हैं।
महाराष्ट्र के ठाणे के भिवंडी में एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई है। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
आजमगढ़-रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 193.53 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 14.48 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध है।
RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया, “फिलहाल लोग UPI से अपने बचत और चालू खाते से अपने डेबिट कार्ड के माध्यम से लेन-देन कर सकते हैं। यह प्रस्तावित हुआ है कि लोग अपने 'RuPay' क्रेडिट कार्ड से भी UPI के माध्यम से लेन-देन कर सकेंगे। शुरूआत में 'RuPay' क्रेडिट कार्ड UPI प्लेटफॉर्म पर जुड़ सकेंगे।”
उन्होंने कहा, “घर की कीमतों में हुई वृद्धि को ध्यान में रखते शहरी सहकारी बैंकों और ग्रामीण सहकारी बैंकों द्वारा 2011 और 2009 में फिक्स किए गए इंडिविजुअल होम लोन की सीमा को 100 फीसदी से संशोधित किया जा रहा है।”
दिल्ली के जामिया नगर की इलेक्ट्रिक मोटर पार्किंग में आग लग गई। इसके बाद दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया है। आग में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं, और कई ई-रिक्शा जलकर राख हो गए। यह जानकारी दिल्ली अग्निशमन सेवा ने दी है।
रिजर्व बैंक ने एक बार फिर से रेपो रेट बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। अब रेपो रेट 0.50 फीसदी बढ़कर 4.90 फीसदी हो गया है। यह करीब एक महीने के अंतराल में रेपो रेट में लगातार दूसरी बढ़ोतरी है। इसका सीधा असर अपकी जेब पर पड़ेगा। लोन अब महंगा हो जाएगा। इसके साथ ही अपकी EMI बढ़ जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे 19 जून को दिल्ली पहुंचेंगे। वह यहां अपने नए संगठन 'राष्ट्रीय लोकांदोलन' के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेंगे।
उत्तर प्रदेश के कानपुर हिंसा मामले में CSI ने हिंसा प्रभावित क्षेत्र में जाकर साक्ष्य एकत्रित किया। ACP त्रिपुरारी पांडे ने बताया, "सभी साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा है। ये देख रहे हैं कि पत्थर किधर से चला था और साक्ष्य में क्या-क्या चीजें छुटी थी, वो सब एकत्रित की जा रही है।"
उत्तर प्रदेश के बांदा जेल के डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह को "जेल परिसर में निरीक्षण में बाधा डालने और गंभीर अनियमितताओं का दोषी पाए जाने के बाद" तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में कल कोरोना वायरस के लिए 3,13,361 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 85,35,22,623 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
देश में कोरोना संक्रमितों संख्या में एक बार फिर बड़ी उछाल देखने को मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के के 5,233 नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 3,345 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 7 लोगों की मौत हो गई।
लालू प्रसाद यादव 2009 के आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में बिहार के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पलामू में विशेष MP, MLA अदालत में पेश हुए। सुनवाई के बाद उनके वकील धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कोर्ट ने सभी बातों को सुना और सभी याचिका को देखते हुए कोर्ट ने 6,000 रुपये का फाइन लेकर उन्हें बरी किया और मामले को निष्पादित किया।
ईरान के विदेश मंत्री डॉ. हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर जानकारी दी, "ये यात्रा हमारे ऐतिहासिक संबंधों और साझेदारी को और बढ़ावा देगी।"
दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्रालय के दफ्तर में देर रात आग लग गई। यह आग रूम नम्बर 82 A और B में लगी थी जो कि टेलीफोन एक्सचेंज का दफ्तर बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची दमकल की 7 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Jun 2022, 8:04 AM IST