
नेपाल में रात 1.57 बजे बेहद तेज भूकंप के झटके आए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.3 मापी गई है। इसका केंद्र जमीन में 10 किलोमीटर बताया जाता है। भूकंप से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई शहर हिल उठे। अभी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सुमाली नदी में एक नाव पलटने से तीन बच्चों की मौत हुई। डीएम अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि नाव पलटने से 7 लोग डूब गए थे जिसमें से 4 लोगों को बचाया गया और उनमें से 3 लोग अब स्वस्थ्य हैं, पर एक अभी भी भर्ती हैष लेकिन उसकी हालत स्थिर है। हमें 3 बच्चों का शव मिला है।
नोएडा में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने 2 दिन के अंतराल में डेंगू के 21 नए मरीजों की पुष्टि की है। जिले में अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 159 हो गई है। 1 सप्ताह में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस इस महीने विधानसभा में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ निंदा प्रस्ताव यानी हालिया घटनाक्रम की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पेश करने पर विचार कर रही है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू होने वाला है और तृणमूल तब प्रस्ताव लाने की योजना बना रही है।
हालांकि इसकी सीधे तौर पर पुष्टि करने से इनकार करते हुए राज्य के संसदीय कार्य और कृषि मंत्री सोवन्देब चट्टोपाध्याय ने कहा कि सदन के आगामी सत्र में पेश किए जाने वाले कई विधेयकों के साथ-साथ विशिष्ट मुद्दे पर एक प्रस्ताव भी होगा।
सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के एक और विधायक ने मंगलवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। भाजपा-आईपीएफटी सरकार में वन एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रहे मेवार कुमार जमातिया ने विधानसभा अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती को इस्तीफा देने और पार्टी छोड़ने के तुरंत बाद आईएएनएस से कहा कि वह अपने अगले कदम के बारे में एक या दो दिन में फैसला करेंगे।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस सब-इंस्पेक्टर (जेकेपीएसआई) परीक्षा के पेपर लीक मामले में जम्मू, पठानकोट, रेवाड़ी और करनाल में सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने गिरफ्तार आरोपी यतिन यादव और सीआरपीएफ कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह समेत अन्य के ठिकानों पर छापेमारी की। सीबीआई ने अब तक कुल 61.79 लाख रुपये की नकदी बरामद की है साथ ही सीबीआई अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
कर्नाटक के कोप्पल जिले के गंगावती कस्बे में हुई सांप्रदायिक झड़प की घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान गांव हुली हैदर निवासी नागराज हनुमंतप्पा गद्दी (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गांव से गायब नागराज किराए के मकान में रह रहा था, जहां उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने कहा कि नागराज का भाई हिंसा के सिलसिले में बेल्लारी जेल में बंद है।
समाजवादी पार्टी ने राज्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर मुरादाबाद के आयुक्त आंजनेय कुमार सिंह को हटाने की मांग की है, ताकि रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। सपा प्रदेश प्रमुख नरेश उत्तम पटेल के हस्ताक्षर वाले पत्र में पार्टी ने कहा है कि आंजनेय कुमार सिंह लंबे समय तक रामपुर के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे और उन्होंने सपा नेता मोहम्मद आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ प्रतिशोध की भावना पैदा की थी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि उनके रूसी समकक्ष (विदेश मंत्री) सर्गेई लावरोव के साथ द्विपक्षीय वार्ता समग्र वैश्विक स्थिति के साथ-साथ विशिष्ट क्षेत्रीय चिंताओं को दूर करेगी। लावरोव के साथ बैठक के बाद अपनी टिप्पणी में, जयशंकर- जो रूस की दो दिवसीय यात्रा पर हैं- ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर हमारी सरकारें निरंतर संपर्क में हैं।
हिमाचल प्रदेश के शिमला में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, “बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी? आप कब तक मोदी जी का चेहरा सामने रखकर राजनीति करेंगे? पता नहीं मोदी जी को महसूस हो रहा है कि नहीं, लेकिन उनका खुद का काम नीचे आ रहा है। अगर लोगों को उनके 2014 के भाषण सुना दें तो हमें कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”
भारत के अरुणाचल प्रदेश समेत कोलकाता, कोहिमा, पटना, पुरी और रांची में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखना शुरू हो गया है। वहीं, बाकी शहरों में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। चंद्रग्रहण शाम 6 बजकर 20 मिनट पर खत्म हो जाएगा। चंद्रग्रहण का सूतक काल 8 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजकर 20 मिनट से शुरू हुआ।
चंद्रग्रहण दोपहर दो बजकर 39 मिनट से शुरू हो गया है। यह शाम 6 बजकर 19 मिनट पर खत्म होगा। भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में पूर्ण चंद्रग्रहण तो अन्य हिस्सों में आंशिक ग्रहण दिखाई देगा। एक साल में अधिकतम पांच ग्रहण लग सकते हैं।
अहमदाबाद में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने आभूषण की दुकान के दो कर्मचारियों से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए, जब वह घर जा रहे थे।
एनसीपी के जयंत पाटिल ने आज राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात करने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। एनसीपी नेता सुप्रिया सुले के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने पर एनसीपी ने राज्य मंत्री अब्दुल सत्तार के इस्तीफे की मांग की है।
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “EWS को 10% का आरक्षण ठीक है। जाति आधारित जनगणना भी अगर एक बार हो जाएगी तो 50% आरक्षण की सीमा को बढ़ाया जा सकेगा। इससे आबादी के आधार पर मदद दी जा सकेगी। हम बिहार में इस चीज को करवा रहे हैं, ये देशभर में होना चाहिए। ताकि 50% की सीमा को बढ़ाया जा सके।”
नोटबंदी के 6 साल आज पूरे हो गए। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार को अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर घेरा है। कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस से बात करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा, “8 नवंबर 2016 का दिन सबको याद होगा, आज भारत की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने के फैसले की छठी बरसी है। नोटबंदी के 50 दिन के बाद आज तक सरकार ने नोटबंदी का नाम तक नहीं लिया है। हिंदुस्तान के इतिहास की सबसे बड़ी ऑर्गेनाइज्ड लूट 8 नवबंर 2016 को नोटबंदी के माध्यम से सरकार ने की।”
उन्होंने कहा, “पिछले 6 साल में अर्थव्यवस्था में जो कैश-इन-सर्कुलेशन है, वो 72% बढ़ा है। 2016 में अर्थव्यवस्था में कैश सर्कुलेशन 17.97 लाख करोड़ था, जो आज 30.88 लाख करोड़ हो चुका है। कैशलेस से लेस कैश होते-होते कैश सर्कुलेशन 72% बढ़ा है।”
नोटबंदी पर सरकार के दावे धराशायी:
कालाधन कम नहीं हुआ, स्विस बैंक में भारतीयों का धन 14 साल के उच्चतम स्तर पर
फेक करंसी भी कम नहीं हुई, RBI की 2021-22 की रिपोर्ट अनुसार 500 के नकली नोटों में 102% की बढ़त, 2000 के नकली नोटों में 55% की बढ़त
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने अहमदाबाद में कहा, “मोरबी ब्रिज गिरने की घटना ने गुजरात के नाम को शर्मसार कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सरकार की ओर से किसी ने भी इस घटना के लिए माफी नहीं मांगी है। किसी ने इसकी जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा नहीं दिया।”
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा के हंदवाड़ा के वातायिन इलाके में आज बस दुर्घटना में लगभग 20 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
इंग्लैंड के क्रिकेटर बेन स्टोक्स ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल आसान नहीं होगा। दोनों ग्रुप में टॉप 2 रहना काफी मुश्किल था। एडिलेड में काफी अलग डायमेंशन का मैदान है, हमें अलग तरह के मैदान में खेलने के आदत है। यहां हमें अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “महाराष्ट्र में यात्रा की शुरुआत, गुरपुरब के शुभ अवसर पर गुरुद्वारा यादगारी बाबा जोरावर सिंह जी, फतेह सिंह जी में अरदास से की। गुरु नानक जी के प्रेम, शांति और भाईचारे की सीख को दिल से लगाकर हम भारत जोड़ने का यह संकल्प पूरा करेंगे। सभी देशवासियों को गुरपुरब की लाखों बधाइयां।”
साल का आखिरी चंद्रग्रहण आज लगेगा। चंद्रग्रहण को भारत के कई हिस्सों में देखा जा सकेगा। चंद्रग्रहण का सूतक काल भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर शुरू हो जाएगा। भारत में चंद्रग्रहण शाम 5 बजकर 20 मिनट से दिखाई देना शुरू होगा और शाम 6 बजकर 20 मिनट पर समाप्त हो जाएगा।
चंद्रग्रहण और सूर्यग्रहण से पहले के समय को सूतक काल कहा जाता है। चंद्रग्रहण के दौरान सूतक काल 9 घंटे पहले लागू हो जाता है, जबकि सूर्यग्रहण के दौरान सूतक काल 12 घंटे पहले लग जाता है। ग्रहण के दौरान सूतक काल का काफी महत्व होता है।
ज्योतिषियों के अनुसार, सूतक काल में कुछ कामों को करना वर्जित माना जाता है इसलिए सूतक काल शुरू होने से पहले कुछ कामों को निपटा लेना चाहिए। वह कौन से काम हैं इस बारे में जान लीजिए।
कहा जाता है कि सूतक काल में खाना नहीं बनाना चाहिए। इसलिए सूतक से पहले ही खाना बनाकर रख लें। मान्यता है कि सूतक काल को दूषित काल माना जाता है, इसलिए इस समय खाना बनाने से बचना चाहिए। यह नियम वृद्ध, बीमार और गर्भवती महिलाओं पर लागू नहीं होता।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Nov 2022, 8:07 AM IST