
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जब बीजेपी पूरे भारत में संघर्ष कर रही है और उनकी स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है, तो ममता बनर्जी ने उन्हें ऑक्सीजन की आपूर्ति करने का फैसला किया है। ममता बनर्जी बीजेपी की ऑक्सीजन सप्लायर बन गई हैं। ऐसे में बीजेपी उनसे खुश है।
डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अदनोम गैब्रेयसस ने कहा कि ओमाइक्रोन संस्करण के उद्भव ने वैश्विक ध्यान आकर्षित किया है। छह में से पांच डब्ल्यूएचओ क्षेत्रों के कम से कम 23 देशों ने अब ओमाइक्रोन के मामलों की सूचना दी है, और हमें उम्मीद है कि यह संख्या बढ़ेगी।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सरकार ने धारा 370 को खत्म कर राज्य का बंटवारा कर दिया है। हमने कहा कि उनके पास संविधान में संशोधन करने की शक्ति है लेकिन जम्मू-कश्मीर विधानसभा के माध्यम से और संसद या राज्यपाल शासन के माध्यम से नहीं। हम शुरू से कहते रहे हैं कि उनका तरीका गलत था। यह जम्मू-कश्मीर विधानसभा का अधिकार था।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यूपी टीईटी पेपर लीक कांड पर भाजपा पर बरसे और कहा कि यह पेपर लीक जानबूझकर कराया गया है। सरकार, नौकरी नहीं देना चाहती है।
अखिलेश यादव आज फिर एक बार बुंदेलखंड के दौरे पर बांदा और महोबा पहुंचे थे। जीआईसी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने यूपी सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि, "यह सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है, इसीलिए लीक करती है क्योंकि नौकरी नहीं देना चाहती है। हमारे टीईटी, बीएड, बीटीसी और शिक्षामित्र भटक रहे हैं। इसलिए समाजवादी की सरकार लाइए और नौकरी पाइए। यह बुलडोजर वाली सरकार याद रखे कि लोगों पर बुलडोजर नहीं चलता।"
अखिलेश ने कहा, "बुंदेलखंड से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत मिला। जनता ने लोकसभा में भी समर्थन दिया लेकिन भाजपा सरकार ने यहां के लिए कुछ नहीं किया। सरकार ने आय दोगुनी करने के वादे पूरे नहीं किए। आज महंगाई आसमान छू रही है।"
दिल्ली में जनता को राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाले वैट में कटौती कर दी है, जिससे पेट्रोल यहां 8 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है। वहीं अब कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की है कि मंहगाई पर अंकुश लगाने की दिशा में सरकार को डीजल पर भी तुरंत प्रभाव से वैट की दरों को कम करना चाहिए। दरअसल दिल्ली सरकार की कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया। अब पेट्रोल राजधानी में आठ रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है, नए रेट आज आधी रात से लागू हो जाएंगे।
कांग्रेस की 12 दिसंबर को दिल्ली में में होने वाली 'महंगाई हटाओ रैली' को दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। ये रैली अब जयपुर होगी। कांग्रेस ने इस फैसले के खिलाफ मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि 'मोदी सरकार ने लोकतांत्रिक औचित्य का ढोंग भी खो दिया है। कांग्रेस न तो उनकी रणनीति से डरने वाली है और न ही लोगों के मुद्दों को उठाने की अपनी प्रतिबद्धता से एक इंच भी पीछे हटने वाली है। जयपुर में 12 दिसंबर को 'महानगई हटाओ रैली' का आयोजन किया जाएगा।'
अभिनेता से नेता बने और मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) के अध्यक्ष कमल हासन, (जिन्हें चेन्नई के एक निजी अस्पताल में कोविड -19 से संक्रमित होने के बाद भर्ती कराया गया था) पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। अस्पताल ने एक स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा कि कमल हासन को 3 दिसंबर तक आइसोलेट रहेंगे और 4 दिसंबर से काम फिर से शुरू करने के लिए सक्रिय और पूरी तरह से फिट होंगे।
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बस और ट्रक की टक्कर में चार यात्रियों की मौत हो गई, वहीं 14 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुलताई थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर यह हादसा हुआ। टपट्टन से मुलताई की तरफ आने वाली बस महाराष्ट्र जा रहे ट्रक से नरखेड़ के पास टकरा गई।
पंजाब किसान संगठन के नेता बलकरण सिंह बरार ने कहा कि पंजाब के किसानों के वापस जाने संबंधित खबर को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कहा जा रहा है कि पंजाब के किसान अब वापस जाने वाले हैं। एसी कोई बात नहीं है, ऐसी अफवाहों पर मत जाइए। जबतक MSP की मांग और दूसरे मुद्दे पूरे नहीं हो जाते हैं, हम कहीं नहीं जाने वाले हैं।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, “कोई भी घरेलू यात्री जिसने कोविड की दोनों डोज़ लगाए हैं तो वह बिना RT-PCR रिपोर्ट के भी यात्रा कर सकता है। अगर किसी यात्री का 10-15 दिनों का यात्रा इतिहास ओमिक्रोन प्रभावित क्षेत्र का हो, तो उसे 7 दिनों तक क्वारंटीन रहना होगा।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “पहले रेलवे में नौकरी एक सम्मान की बात होती थी, आज रेलवे में नौकरी ही नहीं होती, जल्द ही, पहले-सा रेलवे ही नहीं होगा! जनता से अन्याय बंद करो।”
मुंबई में एनसपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, “हमारी ममता बनर्जी के साथ बातचीत हुई। आज की स्थिति में राष्ट्रीय स्तर पर समान विचारधारा वाले दलों को एक साथ आना चाहिए और सामूहिक नेतृत्व के लिए एक मजबूत विकल्प तैयार करना चाहिए। हम 2024 के आम चुनाव के बारे में भी सोच रहे हैं।”
वहीं ममता बनर्जी ने कहा, “मैं महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और शरद पवार से मुलाक़ात करने के लिए आईं थीं। आज देश में जैसा फासीवाद चल रहा है, इसके ख़िलाफ़ देश में एक मज़बूत वैकल्पिक फोर्स बनाना चाहिए। इसलिए मैं शरद पवार के पास राजनीतिक चर्चा करने के लिए आईं हुईं हूं।”
कृषि कानूनों की वापसी के बाद किसान आंदोलन खत्म करने के मुद्दे पर किसान संगठनों में मतभेद की खबरों को बीकेयू नेता राकेश टिकैत ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन खत्म नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश भर के मुकदमें जब तक वापस नहीं होंगे, एमएसपी पर गारंटी कानून नहीं बनेगा तब तक आंदोलन वापस नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि चार तारीख को एसकेएम की मीटिंग है। उसी मीटिंग में आंदोलन पर फैसला होगा, आगे की रणनीति तय होगी।
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के फैसले को फिलहाल टाल दिया गया है। DGCA की ओर से आज जारी नोट में कहा गया है, 'बदले वैश्विक परिदृश्य के चलते स्थिति पर गहराई से नजर रखी जा रही है और सभी हितधारकों से चर्चा के बाद इंटरनेशनल यात्री सेवाओं को फिर से प्रारंभ करने का फैसला लिया जाएगा और इसे उचित समय पर सूचित किया जाएगा।'
केरल उच्च न्यायालय ने बुधवार को कोट्टियूर 'दुष्कर्म' मामले में केरल के 53 वर्षीय पूर्व कैथोलिक पादरी रॉबिन वडक्कुमचेरी की निचली अदालत की सजा को 20 साल से घटाकर 10 साल कर दिया है। बुधवार को न्यायमूर्ति नारायण पिशारदी ने आरोप को धारा 376 (2) से धारा 376 (1) में बदलकर सजा को कम कर दिया, जिससे पूर्व पादरी की सजा 10 साल की हो गई। साथ ही आरोपी द्वारा दायर अपील का निपटारा करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।
वडक्कुमचेरी कन्नूर के पास एक कैथोलिक चर्च के पादरी के रूप में सेवा कर रहा था और चर्च समर्थित स्कूल का प्रबंधक था, जहां पीड़िता 11वीं कक्षा की छात्रा थी।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्य के स्थापना दिवस पर नागालैंड के लोगों को बधाई दी है। उनके अलावा, अन्य राजनीतिक नेताओं ने भी इस अवसर पर लोगों को बधाईयां दी हैं। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा "नागालैंड के स्थापना दिवस पर बधाई। नागा जनजातियों की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं हमारी 'विविधता में एकता' को समृद्ध करती हैं। मैं 2017 में अपनी यात्रा के दौरान लोगों की गर्मजोशी को याद करता हूं। राज्य के लोगों के उज्जवल भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि नागालैंड के लोग भारत के विकास में भरपूर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा "नागालैंड के स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर, राज्य के अद्भुत लोगों को बधाई। नागा संस्कृति वीरता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। नागालैंड के लोग भारत के विकास में समृद्ध योगदान दे रहे हैं। मैं आने वाले वर्षो में नागालैंड की प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं।"
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे के बीच लंदन और एम्स्टर्डम से आई फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे चार यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन यात्रियों के पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। ओमिक्रॉन की आशंका को देखते हुए सभी यात्रियों के सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, "वर्तमान में इस संबंध में मंत्रालय द्वारा कानून बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।"
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, “असम में NRC को अपडेट करने की योजना के लिए 1602.66 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत में से 1602.52 करोड़ रुपये असम सरकार को जारी कर दिए हैं।”
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “बॉर्डर पर किसानों की मृत्यु हुई क्या इसकी जानकारी सरकार को नहीं है? 700 लोगों का अगर सरकार के पास आंकड़ा नहीं है तो सरकार ने कोरोना से मृत लोगों का आंकड़ा कहां से लिया। सरकार जनगणना के आधार पर गिनती करे और मृत किसानों को मुआवजा दे।”
यूपी के एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा, “UPTET पेपर लीक मामले में 34 लोग गिरफ़्तार किए गए हैं। इनके पास से मिले दस्तावेज़ों से साफ हो गया कि ये प्रश्नपत्र परीक्षा में आने वाले थे। जिस व्यक्ति को TET के प्रश्नपत्र छापने की ज़िम्मेदारी मिली थी उसके मालिक को गिरफ़्तार किया गया है।”
उन्होंने कहा, “उसी क्रम में कार्रवाई करते हुए UPTET 2021 के परीक्षा नियंत्रक व सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकरण संजय कुमार उपाध्याय को भी गिरफ़्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि प्रश्नपत्र लीक कराने में इनकी संलिप्तता थी।”
अखिलेश यादव ने कहा, “यह दमदार सरकार चलाने वाले लोग नहीं हैं ये दमदार झूठ बोलते हैं। बुंदेलखंड के नौजवानों को नौकरी, रोजगार में पीछे छोड़ दिया। अगर किसी ने सपनों को मारा है तो ये झूठ बोलने वालों ने किया है। किसानों को खाद और डीएपी नहीं मिल रहा है। सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किया।”
बांदा में रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। ये वही लोग हैं जिन्होंने कहा था कि चप्पल पहनने वाले लोगों को हम हवाई यात्रा करवाएंगे और पेट्रोल-डीज़ल इतना मंहगा हो गया है कि गरीब की गाड़ी नहीं चल सकती है।”
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर महीने में सकल जीएसटी राजस्व 1,31,526 करोड़ रुपये का हुआ। इस महीने का जीएसटी संग्रह पिछले महीने के संग्रह से ज्यादा है।
प्रधानमंत्री मोदी 4 दिसंबर को देहरादून, उत्तराखंड का दौरा करेंगे और लगभग 18,000 करोड़ रुपये की लागत से कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें लगभग 8300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा शामिल है। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी है।
दिल्ली में भी पेट्रोल और डीजल सस्ता हो गया है। केजरीवाल सरकार ने तेल पर वैट घटा दिया है। इसके साथ ही राजधानी में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 8 रुपये तक घट गई हैं।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा पुलिस अधिकारी विजय राणा ने कहा, “एक परिवार फरीदाबाद से बरैली जा रहा था। रास्ते में इनोवा कार से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोगों की मृत्यु हुई है, 3 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आगे की जांच की जा रही है।”
राज्यसभा की निलंबित TMC सांसद डोला सेन ने कहा, “BJP जब विपक्ष में थी तो उन्होंने कई बार सदन की कार्यवाही को बाधित किया। लेकिन उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जनता सब देख रही है, जैसे जनता ने 2021 के बंगाल चुनाव में उन्हें गुड बाय किया है वैसे ही 2024 में देश की जनता उन्हें गुड बाय करेगी।”
दिल्ली हाईकोर्ट ने नागरिकता संशोधन अधिनियम और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित भड़काऊ और भड़काने वाले भाषणों से संबंधित एक मामले में शरजील इमाम की जमानत याचिका पर राज्य को नोटिस जारी किया। मामले में अगली सुनवाई फरवरी में होगी।
तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने कहा, “12 निलंबित सांसदों को माफी मांगने को कहा गया है लेकिन मुझे नहीं लगता कि विपक्ष माफी मांगेगा। 12 सांसद में 2 सांसद तृणमूल के भी हैं, तृणमूल माफी मांगने के ख़िलाफ है। तृणमूल के दोनों सांसद गांधी मूर्ति के समक्ष धरने पर बैठें हैं और ये धरना जारी रहेगा।”
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “हम राज्यसभा के 12 विपक्षी सदस्यों का निलंबन रद्द करने की मांग कर रहे हैं। हम एक बैठक करेंगे और भविष्य की कार्रवाई तय करेंगे।”
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, “50-55 हजार मुकदमें जो आंदोलन के दौरान दर्ज हुए हैं वे वापस लिए जाएं, एमएसपी गारंटी कानून बनें, जिन किसानों ने जान गंवाई है उन्हें मुआवजा मिले, जो ट्रैक्टर बंद हैं उन्हें ट्रैक्टर दिए जाएं। अब ये हमारे मुख्य मुद्दे हैं। सरकार को बातचीत करनी चाहिए।”
राज्यसभा के 12 सांसदों के निलंबन को लेकर विपक्षी नेताओं ने संसद में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड सरकार द्वारा देवस्थानम बोर्ड को भंग करने फैसले पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा, “मैं सरकार का साधुवाद करता हूं और इस फैसले का स्वागत करूंगा। जब देवस्थानम बोर्ड बना था तब वहां के पंडा समाज, तीर्थ पुरोहित, हक हकूक धारी सभी का कहना था कि ये नहीं होना चाहिए।”
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने खाद्यान्न, तेल, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी पर चर्चा के लिए सदन में स्थगन प्रस्ताव दिया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी आज दोपहर मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगी।
हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक मोटर्स की एक पॉलिसी को मंजूरी प्रदान की गई है। हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिसिटी पर आधारित वाहन चलें, इसमें किस प्रकार की छूट मिलेगी, चार्जिंग स्टेशन बनें, इसके लिए पॉलिसी को मंजूरी प्रदान की है।
कश्मीर के निर्माण श्रमिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पुलवामा ज़िले की सहायक श्रम आयुक्त हफ्सा कयूम ने बताया, "असंगठित श्रमिक अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पोर्टल से उन पर सामाजिक सुरक्षा योजनाएं अपने आप लागू हो जाएंगी।"
गुजरात के सूरत के हीरा कारोबारियों का कहना है कि पॉलिशड डायमंड की मांग बढ़ी है। GJEPC गुजरात के अध्यक्ष दिनेश नवादिया ने बताया, "दिवाली के बाद पॉलिशड डायमंड की अच्छी मांग हुई जिससे इसके दाम में 15% की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि रफ डायमंड की तुलना में दाम ज़्यादा नहीं बढ़े हैं।"
दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही पेट्रोलियम कंपनियों ने आम आदमी को महंगाई का झटका दे दिया है। देश में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 100 रुपये तक की भारी बढ़त कर दी गई है। ऐसे में रेस्टोरेंट का खाना-पीना महंगा हो सकता है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Dec 2021, 8:10 AM IST