
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार वैक्सीन की 100 करोड़ खुराक पूरी होने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण देश भर में 100 विरासत स्मारकों को तिरंगे के प्रकाश से रोशन करने की योजना बना रहा है, जो स्वास्थ्य पेशेवरों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, वैज्ञानिकों, वैक्सीन निर्माताओं, नागरिकों को श्रद्धांजलि होगी।
भारत ने हाल ही में संपन्न दूसरे संयुक्त राष्ट्र सतत परिवहन समेलन में चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव और चीन पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर का कड़ा विरोध किया। लेकिन इस दौरान जब भारतीय राजनयिक चीन की आलोचना कर रही थीं, तभी अचानक माइक बंद हो गया। इस पर सवाल उठने लगे हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के चाट विक्रेता सौरभ गुप्ता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हमशक्ल के रूप में लोकप्रिय हैं। वह कहते हैं, "मुझे राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है, चाट विक्रेता बनकर खुश हूं लेकिन किसी दिन केजरीवाल जी से मिलना चाहूंगा।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और राज्य मंत्री धन सिंह रावत के साथ नैनीताल जिले में बारिश से प्रभावित रामगढ़ का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस जगह से सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हम जल्द से जल्द संपर्क बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं। बादल फटने से मरने वालों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने धनबाद में जज की हत्या मामले में झारखंड की अदालत में चार्जशीट दायर कर दी है। चार्जशीट आईपीसी की धारा 302, 201 और 34 के तहत दाखिल की गई है। सीबीआई ने कहा है कि आगे की जांच अभी जारी है।
उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश के बीच लमखागा दर्रे पर 11 ट्रेकर्स का एक दल लापता है। आज किए गए हेली-सर्वे के बाद कल खोज और बचाव अभियान चलाया जाएगा।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि खबर आ रही है कि मेरे साथ ली गई तस्वीर से योगी जी इतने व्यथित हो गए कि इन महिला पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही करना चाहते हैं। अगर मेरे साथ तस्वीर लेना गुनाह है तो इसकी सजा भी मुझे मिले, इन कर्मठ और निष्ठावान पुलिसकर्मियों का कैरियर ख़राब करना सरकार को शोभा नहीं देता।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा के निर्देश पर बुधवार को लखबीर सिंह की बहन के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। लखबीर की निहंग सिखों ने सिंघु बॉर्डर पर हत्या की थी। एसआईटी का गठन एडीजीपी और ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के डायरेक्टर वरिंदर कुमार की अध्यक्षता में किया गया है। डीआईजी फिरोजपुर रेंज इंदरबीर सिंह और एसएसपी तरनतारन हरविंदर सिंह विर्क इसके सदस्य हैं।
इस साल भी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां सीबीएसई ने अपनी बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है, वहीं आईसीएसई और आईएससी ने कक्षा 10वीं और 12वीं के पहले चरण की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। आईसीएसई का कहना है कि अपरिहार्य कारणों एवं कुछ मौजूदा परिस्थितियों के कारण यह निर्णय लेना पड़ा है। बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए भी लिया है। आईसीएसई 10वीं और आईएससी 12वीं बोर्ड की टर्म वन की परीक्षा को स्थगित किया है।
सितंबर माह में सीआईएससीई ने 10वीं और आईएससी 12वीं बोर्ड के पहले चरण की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत 10वीं और 12वीं बोर्ड के पहले चरण की परीक्षा 15 नवंबर, 2021 से शुरू होनी थी।
टी-20 विश्व कप से पहले अपने वार्मअप मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया। 154 रन का पीछा करने उतरी भारत की टीम ने 1 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आगरा जाने की अनुमति मिल गई है। प्रियंका अब 4 लोगों के साथ आगरा में पुलिस हिरासत में मरने वाले सफाई कर्मी के परिजनों से मिलने जा रही हैं। इससे पहले उन्हें लखनऊ पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
भारत का सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) 23 अक्टूबर को यहां राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर एक दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन कर कर्तव्य के दौरान अपने वीरों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करेगा। बल के अधिकारियों के अनुसार, सुबह के सत्र में, बीएसएफ कर्मियों के अधिकारी और परिवार शहीदों के परिवारों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनपीएम) में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उसके बाद परिजनों को सम्मानित करेंगे।
शाम के सत्र में कार्यक्रम स्थल पर भव्य शहीद सम्मान परेड का आयोजन किया जाएगा और इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा मुख्य अतिथि होंगे।
मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में आर्यन खान के वकीलों ने सेशंस कोर्ट के फैसले के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। आज सेशंस कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आगरा में पुलिस हिरासत में मरने वाले सफाई कर्मी के परिजनों से वह मिलने जा रहीं थी। पुलिस का कहना है, यहां धारा 144 लागू है। पुलिस के मुताबिक, प्रियंका गांधी को पुलिस लाइंस ले जाया जा रहा है। उन्हें आगरा नहीं जाने दिया जाएगा।
वहीं, एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण ने कहा कि मुकदमा पहले ही कायम हो चुका है, इसकी निष्पक्ष विवेचना के लिए जांच जिले से बाहर की जाएगी। थाना जगदीशपुरा की जांच टीम में 5 सदस्य शामिल थे, उनको आरोपों के मद्देनजर निलंबित कर दिया गया है, इसकी जांच एक गजेटेड ऑफिसर द्वारा की जाएगी।
आगरा में 19 अक्टूबर को मालखाने से 25 लाख रुपये की चोरी के मामले में आरोपी सफाई कर्मचारी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। सफाई कर्मचारी की मौत से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों की मांग है कि मृतक के परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जाए।
एडीजी ने कहा, “शासन द्वारा मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। इससे पहले इसी से जुड़े दूसरे मुद्दे में थाने पर मालखाने से सामान चोरी के चलते लापरवाही के मद्देनजर तत्कालीन एसएचओ सहित 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।”
कांग्रेस ने ट्वीट करके कहा कि बीजेपी की तानाशाही हुकूमत की पुलिस द्वारा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लेना निंदनीय है, संवैधानिक अधिकारों का हनन है। हम अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई को जारी रखेंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा कि अरुण वाल्मीकि की मृत्यु पुलिस हिरासत में हुई। उनका परिवार न्याय मांग रहा है। मैं परिवार से मिलने जाना चाहती हूं। यूपी सरकार को डर किस बात का है? क्यों मुझे रोका जा रहा है। आज भगवान वाल्मीकि जयंती है, पीएम ने महात्मा बुद्ध पर बड़ी बातें की, लेकिन उनके संदेशों पर हमला कर रहे हैं।
बाल्मीकि जयंती के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बाल्मीकि जी के विचारधारा पर आक्रमण किया जा रहा है। गरीबों और दलितों पर अत्याचार किया जा रहा है, कांग्रेस पार्टी इस आक्रमण को रोकेगी इसको नहीं होने देगी।
राहुल गांधी ने आगे कहा, आज जब हम हिंदुस्तान को देखते है। जो बात बाल्मीकि जी ने कही थी, वहीं हिंदुस्तान के संविधान में है। जिसे आज खत्म किया जा रहा है। बाल्मीकि जी की विचारधारा पर, संविधान पर आक्रमण किया जा रहा है। गरीबों और दलितों पर कैसे अत्याचार किया जा रहा है कांग्रेस पार्टी इस आक्रमण को रोकेगी इसको नहीं होने देगी। जितना ये देश को तोड़ेंगे उतना ही हम देश को जोड़ेंगे। ये कोई नई बात नहीं है, ये हिंदुस्तान की संस्कृति है। जिसे बचाना है।
आगरा जाने से रोके जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि पुलिस की खुद स्थिति यह हो गई है कि वे कुछ कह नहीं पा रहे हैं। उनके अधिकारी भी जानते हैं कि ये गलत है इसके पीछे कुछ कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं है। हर जगह कहते हैं कि धारा-144 है।
आगरा में 19 अक्टूबर को पुलिस हिरासत में हुई सफाई कर्मचारी की मौत के बाद उसके परिवार से मिलने जा रही कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी के काफ़िले को पुलिस ने लखनऊ में रोका।
काफिले को रोकने पर प्रियंका गांधी ने कहा, “वो कहते हैं कि मैं आगरा नहीं जा सकती। मैं जहां भी जाती हूं वो मुझे रोकते हैं। क्या मुझे रेस्टोरेंट में बैठे रहना चाहिए? सिर्फ इसलिए कि यह उनके लिए राजनीतिक रूप से सुविधाजनक है? मुझे उनसे मिलना है, कौन सी बड़ी बात है?”
मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की याचिका एक बार फिर कोर्ट से खारिज हो गई है। स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट ने आर्यन खान के साथ ही अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत अर्जी भी खारिज कर दी है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में 17 अक्टूबर को मालखाने से 25 लाख रुपये की चोरी के मामले में आरोपी सफाई कर्मचारी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। सफाई कर्मचारी की मौत से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों की मांग है कि मृतक के परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जाए।
उत्तराखंड के चमोली के कर्णप्रयाग तहसील के डूंगरी गांव में बीती रात भूस्खलन की घटना के बाद से दो लोगों के लापता होने की खबर है।
मुंबई पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सायन इलाके से 21 करोड़ 60 लाख रुपये की ड्रग्स बरामद किया है। मुंबई पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल की घाटकोपर यूनिट ने यह कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में 7 किलो 200 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है। साथ ही एक महिला ड्रग्स पेडलर को गिरफ्तार किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, “राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 102.4 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 10.78 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध है।”
दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “आज संविधान, वाल्मीकि जी की विचारधारा और खासतौर पर हमारे गरीब दलित भाई-बहनों पर आक्रमण हो रहा है और ये सबको दिखाई दे रहा है। कांग्रेस पार्टी ये आक्रमण नहीं होने देगी, ये देश को जितना तोड़ेंगे, हम उतना जोड़ेंगे।”
उन्होंने कहा, “भारत के लोगों ने संविधान में वाल्मीकि जी द्वारा प्रचारित विचारधारा का इस्तेमाल किया। आज हम उनकी विचारधारा और गरीब दलित भाइयों और बहनों पर हमले देखते हैं। इसे हर कोई देख सकता है। पूरा देश जानता है कि दलितों और कमजोरों पर हमले हो रहे हैं। मैं दलित भाइयों और बहनों को एक संदेश देना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी इन हमलों को रोकेगी। जितना वो देश को तोड़ेंगे उतना ही हम देश को जोड़ेंगे। जितना वे नफरत फैलाएंगे, उतना ही हम प्यार और भाईचारे की बात करेंगे।”
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तराखंड बाढ़ पीड़ितों को मेरी शोक संवेदनाएं। स्तिथि अब भी गंभीर है। सुरक्षा नियमों का पालन करें। कांग्रेस साथियों से अपील है कि राहत कार्य में हर संभव सहयोग दें।”
लखीमपुर खीरी हिंसा मामले पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने में देरी पर सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार को फटकार लगाई है। मामले की सुनवाई के दौरान सीजेआई एनवी रमन्ना ने कहा, हम कल रात 1 बजे तक इंतजार करते रहे। आपकी स्टेटस रिपोर्ट हमें अभी मिली है। पिछली सुनवाई के दौरान हमने आपको साफ कहा था कि कम से कम 1 दिन पहले स्टेटस रिपोर्ट मिल जाए।
मामले में कड़ी फटकार लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा, लखीमपुर खीरी घटना की जांच से यूपी सरकार अपने पैर खींच रही है। अदालत ने पूछा कि आपने कहा कि चार गवाहों के बयान लिए गए है। बाकी गवाहों के क्यों नहीं लिए? सिर्फ 4 आरोपी पुलिस हिरासत में जबकि अन्य न्यायिक हिरासत में क्यों हैं? क्या उनसे पूछताछ की जरूरत नहीं है? इसके साथ ही कोर्ट ने मामले की सुनवाई 26 अक्टूबर तक टाल दी है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैंने आदेश जारी किया है कि जिन किसानों की फसल बर्बाद हो गई है, उन्हें 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जाएगा। सभी एसडीएम-डीएम सर्वेक्षण कर रहे हैं, मुझे उम्मीद है कि यह 2 हफ्ते के भीतर पूरा हो जाएगा जिसके बाद आपको 1.5-2 महीने में बैंक खातों में अपना मुआवजा मिल जाएगा।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “किसी को पुलिस कस्टडी में पीट-पीटकर मार देना कहां का न्याय है? आगरा पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उप्र सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। उच्चस्तरीय जांच व पुलिस वालों पर कार्रवाई हो व पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडनगर और अन्य स्थलों की खुदाई से प्राप्त अजंता भित्ति चित्र, बौद्ध सूत्र हस्तलिपि और बौद्ध कलाकृतियों की प्रदर्शनी देखी।
उत्तराखंड में हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन के बाद नैनीताल में कई पर्यटक फंस गए हैं। एक पर्यटक ने बताया, “प्रशासन की तरफ से हमको किसी भी तरह की मदद नहीं मिली। बिजली-पानी न होने से हमें 3 दिनों से काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पैसे भी हमने घर से मेगाए थे।”
हल्द्वानी में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “बारिश धीमी हो गई है। भारी नुकसान हुआ है। सामान्य स्थिति में लौटने में समय लगेगा - सड़कें बह गईं, भूस्खलन हुए, नदियों ने अपने मार्ग बदल दिए, गांव प्रभावित हुए, पुल ढह गए।”
उन्होंने कहा, “हमारे पास अभी तक जो आधिकारिक सूचना है, उसके अनुसार 11 लोग लापता हैं और कुछ घायल भी हैं, जिनकी संख्या 46 हो गई है।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री दावा करते थे कि गुंडे-बदमाश प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। यहां तो गुंडे-बदमाश कोर्ट में घुसकर वकील की हत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर की घटना ने फिर एक बार स्थापित कर दिया कि भाजपा राज में कोई आमजन सुरक्षित नहीं है और सरकार कानून व्यवस्था सुधारने की बजाय केवल झूठ का ढोल बजाने में व्यस्त है।
भारतीय सेना के कैप्टन सरिया अब्बासी अरुणाचल प्रदेश में तवांग क्षेत्र के पास वास्तविक नियंत्रण रेखा के साथ अग्रिम स्थान पर तैनात उन्नत एल -70 वायु रक्षा तोपों के बारे में जानकारी देते हुए।
उत्तराखंड के DGP अशोक कुमार ने कहा, “नैनीताल का कालाढूंगी वाला रास्ता खुल गया है और वहां फंसे हुए पर्यटकों को निकाला गया है। हल्द्वानी से अल्मोड़ा का मुख्य मार्ग बाधित है। अभी उसमें समय लगेगा क्योंकि वह कई जगह से टूटा हुआ है। गढ़वाल में मौसम खुल चुका है और चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि आपदा से प्रभावित लोगों को खाने-पीने की व्यवस्था कराई जाए। राज्य सरकार आपदा में मारे गए परिवारजनों को 4 लाख रुपए का मुआवज़ा देगी। आपदा और राहत कार्य के लिए हर जिलाधिकारी को 10 करोड़ की राशि स्वीकृत की है।”
हवाई सर्वेक्षण द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नुकसान का आकलन करेंगे। अभी तक 46 लोगों के हताहत होने की खबर आई है जिसमें से 11 लोग लापता और कुछ घायल हैं। राहत और बचाव कार्य में सेना, NDRF, SDRF, ITBP, BRO और NGO के लोग लगे हुए हैं।
बिहार के नालंदा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 50 लाख रुपये की फिरौती नहीं मिलने पर अपहरणकर्ताओं ने 20 साल के युवक को जिंदा जलाकर मार डाला। 16 अक्टूबर को बिहार थाना क्षेत्र से उर्मिला देवी ने पुलिस थाने अपने बेटे के अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में स्कूल संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्रूज ड्रग्स मामले में मुंबई एनसीबी का कहना है कि उसने आर्यन खान की व्हाट्सएप चैट कोर्ट में जमा कर दी है। पुलिस को ड्रग से संबंधित व्हाट्सएप चैट मिली है जो कथित तौर पर आर्यन खान और एक डेब्यू एक्ट्रेस के बीच है।
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 14,623 नए मामले आए और 197 मौतें हुईं, जिसमें केरल में कल आए कोरोना वायरस के 7,643 मामले और 77 मौतें शामिल हैं।
गृह मंत्री अमित शाह आज शाम उत्तराखंड जाएंगे। गृह मंत्री समीक्षा बैठक करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। वह कल उत्तराखंड में हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे।
उत्तर प्रदेश में सब्जियों के दाम बढ़ने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। साहिबाबाद सब्जी मंड़ी से दृश्य। सब्जी विक्रेता ने कहा, “पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से सब्जियों के दाम बढ़े हैं। महंगाई की वजह से लोग भी सब्ज़ी खरीदने से डर रहे हैं। काशीफल छोड़कर कोई सब्जी सस्ती नहीं है।”
गुजरात में कोविड महामारी के चलते भारत के आभूषण निर्यात में कमी आई थी, लेकिन इस साल आभूषणों का निर्यात बढ़ा है। GJEPC गुजरात के अध्यक्ष दिनेश नवादिया ने बताया, “अगर हम 2019 से तुलना करें तो निर्यात में 7.14% यानी करीब 1.09 बिलियन डॉलर की उछाल आई है।”
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के मद्देनजर कुशीनगर में तैयारियां चल रही हैं।
जनता को फिर महंगाई का झटका लगा है। देश में एक बार फिर तेल के दाम बढ़ गए हैं। पेट्रोल और डीजल 35 पैसे प्रति लीटर और महंगा हो गया है। देशभर में तेल के दाम नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं।
दिल्ली में पेट्रोल 106.19 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 112.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, मुंबई में डीजल अब 102.89 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। दिल्ली में डीजल का रेट 94.92 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 20 Oct 2021, 7:59 AM IST