
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराए गए कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को देखने पहुंचे उनके भाई डीके सुरेश और कर्नाटक के पूर्व सीएम एस सिद्धारमैया को ईडी ने उनसे मिलने की इजाजत नहीं दी। शिवकुमार इन दिनों ईडी की हिरासत में हैं और आज दोपहर तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
समाजवादी पार्टी ने पूर्व पार्टी नेता शिवपाल यादव की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है। पार्टी ने शिवपाल की विधानसभा सदस्यता दल-बदल कानून के तहत रद्द करने की सिफारिश की है।
एक सितंबर से दिल्ली के साथ इससे सटे राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में नया मोटर व्हीकल एक्ट 2019 लागू होने के बाद भारी-भरकम चालान ने लोगों के साथ इन राज्यों की सरकारों को भी परेशान करके रख दिया है। दिल्ली पुलिस ने अभी तक का सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और ट्रक ड्राइवर को 2 लाख रुपए से ज्यादा का चालान थमाया है।
कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम ऐसा संदेश देने के लिए बेंगलुरु आए जैसे कि वह खुद चंद्रयान-2 को लैंड करा रहे थे, वैज्ञानिकों ने 10-12 साल तक कड़ी मेहनत की, लेकिन वह सिर्फ प्रचार के लिए आए थे। जब उन्होंने इसरो केंद्र में कदम रखा, तो मुझे लगा कि यह वैज्ञानिकों के लिए दुर्भाग्य बन गया।
हरियाणा पुलिस सड़क सुरक्षा मानदंडों और संशोधित मोटर वाहन अधिनियम 2019 के तहत उनके अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए 13 से 15 सितंबर तक राज्य भर में तीन दिवसीय जागरूकता अभियान चलाएगी।
पाकिस्तान का नया ड्रामा जारी है। भारत-पाकिस्तान के बीच मतभेदों के बीच करतापुर कॉरिडोर का काम निरंतर जारी है। हालांकि पाकिस्तान समय-समय पर अपनी नापाक हरकत दिखाने से बाज नहीं आता है।
अब पाकिस्तान ने एक बार फिर से करतारपुर कॉरिडोर के संबंध में एक बयान जारी कर कहा है कि करतारपुर कॉरिडोर के जरिए यात्रा करने वाले हर श्रद्धालु से सुविधा शुल्क लिया जाएगा। यह रकम 20 अमरीकी डॉलर यानी (1400 रुपये) होगी।
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने श्रीनगर में सेब के लिए स्पॉट मार्केट इंटरवेंटिव स्कीम लॉन्च की।
ईडी की हिरासत में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिवकुमार 13 सितंबर तक के लिए ईडी की हिरासत में हैं।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी पाकिस्तानी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कश्मीर मुद्दे का जिक्र किया। उन्होंने इमरान खान की तारीफ करते हुए कहा कि पाकिस्तान सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाए जाने के फैसले का विरोध किया। उनके संबोधन का विरोध करते हुए विपक्षी पार्टियों जोरदार हंगामा किया।
वित्त मंत्रालय के केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, महंगाई दर अगस्त में बढ़कर 3.21 प्रतिशत पहुंच गई। यह 10 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे ज्यादा 3.38 प्रतिशत अक्टूबर 2018 में थी। अगस्त में खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से महंगाई दर पर असर पड़ा है। फूड बास्केट की महंगाई दर 2.99 प्रतिशत पहुंच गई। जुलाई में 2.36 प्रतिशत थी। सांख्यिकी विभाग ने गुरुवार को आंकड़े जारी किए। खुदरा महंगाई दर इस साल जुलाई में 3.15 प्रतिशत थी।
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने का कि एमएस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर कोई अपडेट नहीं, जो खबरें आ रही हैं वह गलत हैं।
दिल्ली की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी के विधायक सोम दत्त को छह महीने के लिए तिहाड़ जेल भेजा दिया है और मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा उन्हें दोषी ठहराए जाने की अपील को खारिज कर दिया। उन्हें 2015 के एक मामले में 6 महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले तीन टेस्ट मैचौं के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा को ओपनर बल्लेबाज के तौर पर मौका दिया जाएगा।
टीम इस प्रकार है:
विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे( उपकप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा और शुभमन गिल.
पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह ने आर्थिक मंदी को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला है। मनमोहन सिंह ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की हाल बेहत ही खतरनाक और गंभीर है। स्थिति खराब से बेहद खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार इसे मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को अभी खतरे का एहसास नहीं है। मनमोहन सिंह ने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाने की जरूरत है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कोलकता में एनआरसी के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। ममता ने कहा कि एनआरसी की अंतिम सूची से 19 लाख लोगों को बाहर करदिया गया, जिसमें हिंदू, मुसलमान और बौद्ध सभी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के 76 साल बाद भी हमें अपनी पहचान साबित करनी पड़ रही है। क्यों?
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में कांग्रेस ने फैसला किया है कि गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को कांग्रेस के सभी नेता पद यात्रा करेंगे। इस पद यात्रा में कांग्रेस के सभी बड़े नेता शामिल होंगे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पर ही नहीं जमीन पर उतकर प्रदर्शन करने की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी आर्थिक मंदी के मुद्दे पर 15 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करेगी।
खबर है कि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज शाम 7 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। कहा जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में धोनी कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर लोग ट्वीट कर बता रहे हैं कि एमएस धोनी अपने संन्यास के ऐलान को लेकर शाम 7 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में एनआरसी के खिलाफ विरोध मार्च निकाला।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि, "अगला एजेंडा पीओके को फिर से हासिल कर उसे भारत का हिस्सा बनाना है।” सेना प्रमुख बिपिन रावत ने कहा है कि इन ऐसे मामलों में सरकार फैसला लेती है। उन्होंने कहा कि देश की संस्थानें सरकार के आदेश के मुताबिक काम करती हैं।सेना प्रमुख ने कहा कि सेना हमेशा तैयार है।
कांग्रेस ने कहा कि आर्थिक मंदी और गलतियों को स्वीकार करने के बजाय, सरकार हमेशा की तरह अपनी गलतियों को किसी और पर थोपने में लगी हुई है। बीजेपी को मौजूदा हालात को स्वीकार कर अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कमद उठाने चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। सोनिया गांधी ने कहा, ‘आज लोकतंत्र खतरे में है। बेहद खतरनाक तरीके से जनादेश का दुरुपयोग किया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों और गांधी, पटेल, अंबेडकर जैसे नेताओं के सच्चे संदेशों का गलत इस्तेमाल कर वो अपना नापाक एजेंडा पूरा करना चाहते हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘आर्थिक स्थिति बहुत गंभीर है। नुकसान बढ़ रहे हैं। सामान्य आत्मविश्वास हिल गया है और सरकार जो कुछ भी कर रही है वह बढ़ते नुकसान से ध्यान हटाने के लिए अभूतपूर्व प्रतिशोध की राजनीति में शामिल है।’
पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव को दूसरी बार राजनयिक मदद देने से इंकार कर दिया है। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ मोहम्मद फैसल ने कहा कि कुलभूषण जाधव को दूसरी बार राजनयिक मदद नहीं मिलेगी।
खेल मंत्रालय के सूत्रों को मुताबिक पद्म विभूषण के लिए एमसी मैरीकॉम को और पद्म भूषण के लिए श्टलर पीवी सिंधु का नामांकन किया गया है। पहलवान विनेश फोगट, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर को भी पद्म श्री पुरस्कारों के लिए नामांकन किया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था के मसले पर मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत को प्रोपेगेंडा, भ्रामक खबरों और मूर्खतापूर्ण सिद्धांतों की नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए एक ठोस योजान की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर हम ये मान लेंगे कि परेशानी है तो हम एक अच्छी शुरुआत कर सकते हैं।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के महमूद मदनी ने कहा कि हमने आज एक प्रस्ताव पारित किया है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। हमारे देश की सुरक्षा और अखंडता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। भारत हमारा देश है और हम इसके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर ये प्रोजेक्ट करने की कोशिश कर रहा है कि भारत के मुसलमान भारत के खिलाफ हैं, हम पाकिस्तान की इस हरकत की निंदा करते हैं।
प्रियंका गांधी ने अर्थव्यवस्था के मसले पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने पूछा कि बीजेपी सरकार अर्थव्यवस्था के मामले में इतनी कन्फ्यूज क्यों है? उन्होंने कहा, “चुनाव के पहले बोला गया कि Ola-Uber ने रोजगार बढ़ाए हैं। अब बोला जा रहा है कि Ola-Uber की वजह से आटो सेक्टर में मंदी आ गई है। बीेजेपी सरकार अर्थव्यव्स्था के मामले में इतनी confused क्यों है?”
जम्मू-कश्मीर के कठुआ से पुलिस ने तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आतंकियों के पास से 4 एके-56 और 2 एके-47 के हथियार बरामद किए गए हैं। इन आतंकियों को पंजाब-जम्मू-कश्मीर बॉर्डर के लखनपुर से गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षाबलों को इनपुट मिला था कि एक ट्रक से हथियार ले जाया जा रहा है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने ट्रक को पकड़ा और तीन आतंकियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया।
आईएनएक्स मीडिया मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने पी चिदंबरम की बेल याचिका पर सीबीआई को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। इस मामले की अगली सुनवाई 23 सितबंर को होगी।
मध्य प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने नए मोटर व्हीकल एक्ट को तुगलकी फरमान बताया है। उन्होंने कहा कि, “केंद्र सरकार का मोटर व्हीकल एक्ट 'तुगलकी फरमान' है। जुर्माने की अधिकतर रकमें ऐसी हैं, जिन्हें चुकाना आम आदमी के बस से बाहर है। मैं इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगा, और ज़रूरत के हिसाब से बोझ को कम करने की कोशिश करूंगा।”
सुप्रीम कोर्ट ने मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड की पीड़ित लड़कियों में से आठ को उनके माता-पिता को सौंपने का आदेश दिया है। कुल 44 लड़कियों में से 28 के बारे में टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल स्टडीज़ ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपी थी, जिसके मुताबिक 44 में से 8 लड़कियों को उनके परिवार को सौंपा जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने 17 पूर्व विधायकों की अर्जियों को लिस्ट किए जाने को लेकर आदेश जारी करने से इंकार कर दिया है। इस अर्जी में कर्नाटक विधानसभा स्पीकर द्वारा इस्तीफे नामंजूर करने के 25 जुलाई के फैसले को रद्द करने का आग्रह किया गया है।
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी, गुलाम नबी आजाद समेत कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद हैं।
जमायत उलेमा-ए-हिन्द ने दिल्ली में हुई आम परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित कर दोहराया है कि 'कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है, और सभी कश्मीरी हमारे अपने देश के हैं। जमायत उलेमा-ए-हिन्द ने कहा है कि कोई भी अलगाववादी आंदोलन सिर्फ देश के लिए नहीं, कश्मीर के लोगों के लिए भी नुकसानदायक होगा।
सुप्रीम कोर्ट की देश के प्रधान न्यायाधीश (CJI) रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच-सदस्यीय संविधान पीठ में अयोध्या भूमि विवाद में रोजाना की जा रही सुनवाई शुरू हो गई है। आज सुनवाई का 22वां दिन है।
बिहार के यातायात विभागने कहा कि राज्य में सिर्फ 38 प्रतिशत लोग हेल्मेट पहनते हैं और तुरंत इस प्रतिशत को बढ़ाए जाने की जरूरत है, इसलिए इस सप्ताह हेल्मेट की चेकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने भूषण स्टील के पूर्व CFO और डायरेक्टर नितिन जौहरी की जमानत को रद्द कर दिया है। नितिन जौहरी को दिल्ली हाईकोर्ट ने जमानत दी थी।
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री (गृह मंत्री) ब्रिगेडियर एजाज अहमद शाह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के मसले पर लोग हमारी बात का विश्वास नहीं कर रहे हैं, हम कहते हैं कि भारत ने कश्मीर में कर्फ्यू लगाया है और वहां जुल्म किया जा रहा है। लेकिन कोई हमारी बात मानने को तैयार नहीं है और हर कोई भारत की बात पर ही विश्वास कर रहा है।
दिल्ली में रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सैन्य सहयोग बैठक में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल शामिल नहीं हुआ। रक्षा अधिकारियों का कहना है, चूंकि पाकिस्तान एससीओ का सदस्य है, इसलिए उसे इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था।
अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान और दंगल गर्ल फेम बबीता फोगाट ने हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया। माना जा रहा है कि बबीता हरियाणा की बाढड़ा या चरखी दादरी सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
इन दिनों यूपी की बीजेपी सरकार पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है। सरकार के खिलाफ खबरें दिखाए जाने से नाराज योगी सरकार ने कई पत्रकारों पर केस तक दर्ज करा दिया है। कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार के इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, “पत्रकार केवल आंख पर पट्टी बांध कर वाहवाही के लिए नहीं होते। उनका काम होता है जनता के मुद्दों पर खबरें बनाना और सरकार से जवाब लेना। लेकिन यूपी बीजेपी सरकार ऐसे पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है।” प्रिंयका गांधी ने पूछा, “क्या बीजेपी को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है।”
पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर सतारा के पास एक बस ट्रक से टकरा गई। इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 10 घायल हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 8:30 बजे से शुरू हो गया है। डूसू चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और आईसा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। नतीजे 13 सितंबर को आएंगे।
पाकिस्तान के साथ-साथ चीन भी भारत के साथ चालबाजी कर रहा है। खबर है कि बुधवार को सीमा पर चीनी सैनिक भारतीय सैनिकों से भिड़ गए। सूत्रों के मुताबिक, भारती और चीनी सैनिकों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। यह घटना 134 किलोमीटर लंबी पैंगोंग झील के उत्तरी किनारे पर हुई, जिसके एक तिहाई हिस्से पर चीन का नियंत्रण है।
एक सूत्र ने बताया, 'भारतीय सैनिक पट्रोलिंग पर थे और इसी दौरान उनका आमना-सामना चीन के पीपल्स लिब्रेशन आर्मी के सैनिकों के साथ हो गया। चीनी सैनिकों ने इलाके में भारतीय सैनिकों की मौजूदगी का विरोध किया इसके बाद दोनों ओर के सैनिकों में धक्का-मुक्की होने लगी। दोनों पक्षों ने इलाके में अपने सैनिकों की संख्या बढ़ा दी, देर शाम तक यह संघर्ष जारी था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 Sep 2019, 7:08 AM IST