
बिहार में भारत बंद के दौरान अलग-अलग जगहों पर हुई हिंसक घटनाओं में 12 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ के साथ आगजनी भी की है।
भारत बंद के दौरान बिहार के गया में पथराव के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई है। पुलिस ने लाठीचार्ज कर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
भारत बंद के दौरान पंजाब के फिरोजपुर में दो गुट भिड़ गए। इस दौरान हुए पथराव में कई लोग घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में भी तोड़फोड़ की है।
भारत बंद के दौरान मध्य प्रदेश के बडवानी जिले में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। हालांकि जिले में बंद का असर नहीं देखा जा रहा है। जिले में पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है।
भारत बंद के दौरान मध्य प्रदेश के भोपाल में धारा 144 लागू है। इस बीच शहर की दुकानें बंद है। शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
भारत बंद के दौरान प्रदर्शन की वजह से पटना-कोलकाता रेलखंड का परिचालन ठप हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने बरौनी पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया है। रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शनकारियों ने जाम लगा दिया है।
भारत बंद के दौरान बिहार के छपरा से तोड़फोड़ की खबर आ रही है। खबरों के मुताबिक, मुफसिल थाना इलाके के फकुली में बंद का समर्थन कर रहे लोगों ने तोड़फोड़ की है। यही नहीं प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला भी किया है।
आरक्षण के खिलाफ भारत बंद के दौरान बिहार के वैशाली में कई जगहों पर प्रदर्शन देखने को मिला है। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर लोगों ने हंगामा भी किया।
पटना के पास बिहटा में प्रदर्शनकारियों ने जाम लगा दिया है। पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया।
आरक्षण के खिलाफ भारत बंद के दौरान बिहार के गया में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। खबरों के मुताबिक, बंद का समर्थन कर रहे लोगों ने पथराव किया है। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
राजस्थान के अलवर में भारत बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। जिले के कई कस्बे बंद हैं। इस दौरान जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है, जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल बंद के दौरान हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई है।
भारत बंद के दौरान बिहार के हाजीपुर में केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के साथ बदसलूकी की खबर है। बताया जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा हाजीपुर के शुभाई में जाम में फंस गए थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने उपेंद्र कुशवाहा के साथ बदसलूकी की।
आरक्षण के खिलाफ भारत बंद का पंजाब के फिरोजपुर शहर में भी असर देखा जा रहा है। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर रखी हैं। वहीं बंद के दौरान दुकानें खोलने को लेकर व्यापारियों के बीच बहस भी देखने को मिली।
बिहार में आरा के आनंदनगर इलाके में बंद समर्थकों और बंद का विरोध करने वालों के बीच झड़प के दौरान पत्थरबाजी भी हुई। इसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर दिया। बताया जा रहा है कि इस पत्थरबाजी में एसडीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने कई उपद्रवियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
ओडिशा में भी भारत बंद का असर देखा जा रहा है। यहां भी लोग सड़क पर उतर कर आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
भारत बंद के दौरान बिहार के आरा में दो गुटों में झड़प के बाद धारा 144 लगा दी गई है। खबरों के मुताबिक, आनंदनगर इलाके में बंद समर्थकों और बंद का विरोध करने वालों के बीच झड़प में करीब 6 से 7 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरक्षण के खिलाफ भारत बंद का असर बिहार के आरा, नालंदा, बेगूसराय और कैमूर समेत कई जगहों पर देखा जा रहा है। आगजनी के साथ कई जगहों पर लोगों ने सड़क जाम किया है। लोग सड़क पर उतर कर आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। शहर में धारा 144 लागू है। पूरे शहर में करीब 6 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस विभाग सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहा है।
बिहार के हाजीपुर में भी भारत बंद का असर देखा जा रहा है। यहां लोगों ने सड़कों पर जाम लगा दिया है।
भारत बंद के दौरान लोग स्टेशन पर प्रदर्शन कर रहे हैं। राजगीर से नई दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस को नालंदा में रोक दिया गया है। मेन लाइन क्लियर नहीं होने के कारण ट्रेन को रोका गया है।
आरक्षण के खिलाफ भारत बंद के दौरान बिहार के आरा से दो गुटों के बीच झड़प की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि आनंदनगर इलाके में बंद समर्थकों और बंद का विरोध करने वालों के बीच हिंसक झड़प हुई है। दोनों तरफ से फायरिंग की भी खबर है।
आरक्षण के खिलाफ भारत बंद के चलते बिहार में दरभंगा के ललित नारायण मिश्रा यूनिवर्सिटी में बीए का पेपर टल गया है। बंद की वजह से दरभंगा में कई प्राइवेट स्कूल भी बंद हैं।
एससी-एसटी एक्ट में हुए बदलाव के खिलाफ 2 अप्रैल को दलितों द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान राजस्थान के कई हिस्सों में आगजनी और हिंसक घटनाएं हुई थीं। इसे देखते हुए आज राजस्थान में पुलिस-प्रशासन मस्तैद है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। जयपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है। जयपुर, धौलपुर, करौली, बाड़मेर और अलवर में धारा 144 लागू है।
भारत बंद के दौरान बिहार के भोजपुर में सड़क पर उतरकर लोगों ने आगजनी की और जाम लगाया। बताया जा रहा है कि नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोड़ के पास लोगों ने 84 आरा बक्सर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया है।
बिहार के आरा में सैकड़ों लोगों ने पटना पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया है। रेल पटरी पर उतरकर लोगों ने आरक्षण के खिलाफ नारेबाजी की।
बीते 2 अप्रैल को दलित संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के दौरान मध्य प्रदेश के भिंड, ग्वालियर और मुरैना में कई हिंसक घटनाएं हुई थीं। ऐसे में आज भारत बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही मुस्तैद है। भिंड और ग्वालियर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं राज्य के कई जिलों में धारा 144 लागू है।
दलितों के भारत बंद के विरोध में आज सवर्णों ने भारत बंद बुलाया है। जाति आधारित आरक्षण के खिलाफ विरोध जताया जा रहा है। बंद को लेकर देश के कई शहरों में धारा 144 लगा दी गई है और पुलिस हाईअलर्ट पर है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Apr 2018, 8:55 AM IST