हालात

दिल्ली में बढ़ेगा लॉकडाउन? नहीं सुधर रहे हालात, कोरोना से मचा हाहाकार!

दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 24,103 नए मामले सामने आए और रिकॉर्ड 357 लोगों की मौत हो गई। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 32.27 फीसदी हो गया है।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस ने कोहराम मचा रखा है। राजधानी में हालात सुधर नहीं रहे हैं। खबरों के मुताबिक, हालात नहीं सुधरने पर दिल्ली में लॉकडाउन को बढ़ाया जा सकता है। ऐसी खबरें है कि राजधानी में एक हफ्ते का लॉकडाउन और बढ़ाया जा सकता है। हालांकि अभी इस पर केजरीवाल सरकार को फैसला लेना है। जल्दी ही सरकार इस पर आधिकारिक बयान जारी कर सकती है।

इससे पहले 6 दिन के लॉकडाउन की घोषणा करते समय केजरीवाल सरकार ने कहा था कि इससे संक्रमण के मामलों में कमी आएगी और स्वास्थ्य संसाधनों को तैयार करने का मौका मिलेगा। 6 दिन के लॉकडाउन के बाद भी दिल्ली में कोरोना के मामले कम होते दिखाई नहीं दे रहे हैं। संसाधन जुटाने के मामले में भी सरकार पीछे दिखाई दे रही है। आलम यह है कि ऑक्सीजन और बेड की कमी से अब तक दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को बीते 24 घंटे में कोरोना के 24,103 नए मामले सामने आए और रिकॉर्ड 357 लोगों की मौत हो गई। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 32.27 फीसदी हो गया है। 93,080 मरीजों का इलाज चल रहा है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीते शनिवार को देश के सभी राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की अपील की थी। सीएम केजरीवाल ने अपने पत्र लिखा था कि अगर किसी राज्य सरकार के पास अतिरिक्त ऑक्सीजन है, तो दिल्ली को उपलब्ध कराएं। पिछले कई दिनों में कोरोना के गंभीर मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। यही वजह है कि दिल्ली के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत हो रही है। केजरीवाल ने कहा था कि केंद्र सरकार दिल्ली की काफी मदद कर रही है, लेकिन कोरोना की गंभीरता ऐसी है कि सभी उपलब्ध संसाधन नाकाफी साबित हो रहे हैं।

Published: 25 Apr 2021, 8:41 AM IST

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 25 Apr 2021, 8:41 AM IST