
लोकसभा चुनाव 2019 में दिल्ली सहित 7 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर आज शाम मतदान संपन्न हो गया। 7 बजे तक 61.14 प्रतिशत मतदान हुआ है।वहीं पश्चिम बंगाल में 80.16 फीसदी, दिल्ली में 56.11 फीसदी, हरियाणा में 62.91 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 53.37 फीसदी, बिहार में 59.29 फीसदी, झारखंड में 64.46 फीसदी और मध्य प्रदेश में 60.40 फीसदी मतदान हुआ है।
बेतिया से बीजेपी प्रत्याशी संजय जायसवाल को पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में लाठी-डंडे से लैस असमाजिक तत्वों ने घेरा लिया। जिसके बाद पुलिस ने संजय जायसवाल को घेरे में लिया। बूथ संख्या- 162 की घटना की घटना है। मीडिया से बातचीत में संजय जायसवाल ने कहा कि साजिश के तहत मेरी हत्या की कोशिश की गयी।
देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान खत्म हो गई है। 6 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 6 बजे तक 59.70 प्रतिशत मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल में 80.13 फीसदी, दिल्ली में 55.44 फीसदी, हरियाणा में 62.14 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 50.82 फीसदी, बिहार में 55.04 फीसदी, झारखंड में 64.46 फीसदी और मध्य प्रदेश में 60.12 फीसदी मतदान हुआ है।
छठे चरण की वोटिंग के बीच हरियाणा के रोहतक में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ पोलिंग बूथ के अंदर गैंगस्टर रमेश लोहार नजर आया। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। ये शायद देश में पहला वाकया है जब एक गैंगस्टर को पोलिंग बूथ से गिरफ्तार किया गया है।
देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। 4 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 4 बजे तक 50.77 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बिहार की 8 सीटों पर 44.40%, मध्य प्रदेश की 8 सीटों पर 52.78%, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 43.26%, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर 70.51%, झारखंड की 4 सीटों पर 58.08%, दिल्ली की 7 सीटों पर 45.24% और हरियाणा की 10 सीटों पर 51.86% मतदान हुआ है।
देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। 3 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 3 बजे तक 46.52 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बिहार की 8 सीटों पर 43.86%, मध्य प्रदेश की 8 सीटों पर 48.53%, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 40.96%, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर 63.09%, झारखंड की 4 सीटों पर 54.09%, दिल्ली की 7 सीटों पर 36.73% और हरियाणा की 10 सीटों पर 47.57% मतदान हुआ है।
दिल्ली के संगम विहार इलाके में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राघव चड्ढा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि संगम विभार में एक व्यक्ति ने चार बार वोट दिया। उन्होंने कहा कि 8 से 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया है।
देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। 1 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 1 बजे तक 40 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बिहार की 8 सीटों पर 35.22%, मध्य प्रदेश की 8 सीटों पर 42.14%, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 34.30%, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर 55.58%, झारखंड की 4 सीटों पर 47.16%, दिल्ली की 7 सीटों पर 32.98% और हरियाणा की 10 सीटों पर 38.69% मतदान हुआ है।
दिल्ली के संचार भवन स्थित मतदान केंद्र पर सीपीएम के वरिष्ठ नेता प्रकाश करात ने अपना वोट डाल दिया है।
दिल्ली में मतदान के बाद प्रियंका गांधी ने कहा, “यह चुनाव बेहद अहम है, क्योंकि हम लोकत्रंत को बचाने के लिए लड़ रहे हैं, अपने देश के लिए, और इस बात को ध्यान में रखकर मैंने अपना वोट डाला।”
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में कई जगहों पर ईवीएम में खराबी सामने आई है। इसे लेकर समाजवादी पार्टीन ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा, “आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में हो रहे मतदान में बड़ी संख्या में सामने आ रही ईवीएम गड़बड़ी, पीठासीन अधिकारियों की मनमानी एवं बीजेपी नेताओं की दबंगई पर तत्काल कार्रवाई कर निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करें।”
दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपना वोट डाला दिया है। प्रियंका गांधी पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ लोधी स्टेट में सरदार पलेट विद्यालय पर पहुंची और उन्होंने मतदान किया।
देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। 11 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 11 बजे तक 25 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है।
बिहार की 8 सीटों पर 20.70%, मध्य प्रदेश की 8 सीटों पर 27.64%, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 21.75%, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर 38.08%, झारखंड की 4 सीटों पर 31.27%, दिल्ली की 7 सीटों पर 19.49% और हरियाणा की 10 सीटों पर 23.03% मतदान हुआ है।
दिल्ली के निर्माण भवन के पोलिंग बूथ में यूपीए अध्यक्ष सेनिया गांधी अपना वोट डाल दिया है। इस दौरान उनके साथ दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित भी मौजूद थीं।
उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। अंबेडकर नगर लोकसभा क्षेत्र में महिलओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं पोलिंग बूथों पर मतदान के लिए रुख कर रही हैं।
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी औरंगजेब लेन में एनपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाल दिया है। वोट डालने के बाद राहुल गांधी ने कहा, “यह चुनाव नोटबंदी, किसानों की समस्याओं, ‘गब्बर सिंह टैक्स’ और राफेल में भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर लड़ा जा रहा है। नरेंद्र मोदी ने नफरत के साथ चुनाव प्रचार किया और हमने प्यार से चुनाव प्रचार किया। मुझे विश्वास है कि प्यार की जीत होगी।”
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी औरंगजेब लेन में एनपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंच गए हैं।
पूर्वी दिल्ली से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी आतिशी ने अपना वोट जंगपुरा में डाल दिया है।
देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 9 बजे तक सिर्फ 6.17 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बिहार की 8 सीटों पर 9.03%, मध्य प्रदेश की 8 सीटों पर 4.01%, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 6.86%, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर 6.58%, झारखंड की 4 सीटों पर 12.45%, दिल्ली की 7 सीटों पर 3.74% और हरियाणा की 10 सीटों पर 3.74% मतदान हुआ है।
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में मतदान किया। मतदान के बाद खट्टर ने केंद्र में बीजेपी की जीत का दावा किया। राज्य की सभी 10 सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं।
मतदान के बीच यूपी के सुलतानपुर में उम्मीदवारों के बीच बहस हुई है। बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी ने गठबंधन के प्रत्याशी सोनू सिंह से कहा कि दबंगई नहीं चलेगी।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “वोट डालने जरूर जाना। जिसने आपके काम किए उनको वोट देना। नफरत और जहर फैलाने वालों को और दिल्ली के काम रोकने वालों को वोट मत देना। आपका वोट देश बदल सकता है।”
दिल्ली में कई जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायत आई है। दिल्ली के सिविल लाइंस, मटिया महल, यमुना विहार इलाके में ईवीएम में खराबी की शिकायत आ आई है। कुछ पोलिंग बूथों पर मतदान शुरू नहीं हो पाया है। मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराबी की वजह से कुछ लोग बगैर वोट दिए घर वापस लौट गए हैं। वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी ने मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में ईवीएम के साथ गड़बड़ी की है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने अपना वोट डाल दिया है। वे उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपना वोट डाल दिया है। भोपाल से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह प्रज्ञा ठाकुर को चुनौती दे रहै हैं।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। 979 उम्मीदार चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 10 करोड़ 17 लाख मतदाता करेंगे।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए देश के 7 राज्यों की 59 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है। 979 उम्मीदार चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 10 करोड़ 17 लाख मतदाता करेंगे। उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, बिहार की 8, पश्चिम बंगाल की 8, मध्य प्रदेश की 8, दिल्ली की 7 और झारखंड की 4 सीटें पर वोटिंग होगी।
छठे चरण में इन 59 सीटों पर हो रहा है मतदान:
उत्तर प्रदेश:
उत्तर प्रदेश की 14 सीटों में सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही की सीट शामिल है।
बिहार:
छठे चरण में बिहार की 8 सीटों में वाल्मीकिनगर, गोपालगंज, सीवान, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, महाराजगंज और वैशाली शामिल है।
मध्य प्रदेश:
मध्य प्रदेश की 8 सीटों में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ सीट शामिल है।
पश्चिम बंगाल:
छठे चरण में पश्चिम बंगाल की 8 सीटों में तामलुक, कांठी, घाटल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा और बिष्णुपुर शामिल है।
झारखंड:
झारखंड की चार सीटों में गिरिध, धनबाद, जमशेदपुर और सिंहभूम शामिल है।
छठे चरण में हरियाणा की सभी 10 सीटों और दिल्ली की सभी 7 सीटों पर मतदान हो रहा है।
59 सीटों में से कितनी सीटें किसके पास है:
2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इन 59 सीटों में 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अपना दल को 1, तृणमूल कांग्रेस को 8, कांग्रेस को 2 और समाजवादी पार्टी और एलजेपी को एक-एक सीट पर जीत मिली थी, और दो सीटें इनेलो के खाते में गई थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 12 May 2019, 6:39 AM IST