
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। कड़ाके की सर्दी में भी घंटाघर पर महिलाएं डंटी हुई है। उनका विरोध प्रदर्शन जारी है। लखनऊ के घंटाघर पर प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। धारा 147 के उल्लंघन को लेकर 18 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में तीन एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इनमें 18 लोगों को नामजद बनाया गया है। नामजद लोगों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, एफआईआर में मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटियों के भी नाम हैं। ठाकुरगंज में में सीएए, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शमिल हो रही हैं। इनकी मांग है कि केंद्र की मोदी सरकार नागरिकता संशोधन कानून को वापस ले।
इससे पहले रविवार को लखनऊ के घंटाघर पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं से पुलिस ने कंबल और खाने के सामान छीन लिए थे। कड़ाके की सर्दी के बीच रविवार सुबह घंटाघर से कंबल ले जाते हुए की तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे। घंटाघर पर शांतिपूर्ण तरीके से महिलाएं प्रदर्शन कर रही थीं। आरोप है कि अचानक पुलिस मौके पर पहुंची और उसने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने महिलाओं से कंबल और खाने के सामान छीन लिए।
इसे भी पढ़ें: वीडियो: ये है योगी की ‘बहादुर’ पुलिस? कड़ाके की सर्दी में CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं से छीन ले गई कंबल
घंटाघर पर सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं से कंबल छीनने पर पुलिस ने सफाई दी थी। पुलिस ने कहा, “घंटाघर में प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग वहां पर रस्सी और डंडे से घेरा बनाकर शीट लगा रहे थे, जिसे लगाने से मना किया गया। कुछ संगठनों के लोग पार्क में कंबल बांट कर रहे थे। आस-पास के लोग कंबल लेने आ रहे थे, जो धरने में शामिल नहीं थे। पुलिस ने कंबल और उन संगठन के लोगों को हटाया और कंबलों को कानूनी तरीके से कब्जे में लिया।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 21 Jan 2020, 10:07 AM IST