
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि आज के चुनाव की खासियत ये रही कि दो चीजें शांति से निपट गईं, एक तो चुनाव और दूसरी बीजेपी।
मिजोरम में शाम 5 बजे तक 75 फीसदी मतदान हुआ। अभी भी कई मतदान केंद्रों पर मतदाता लाइनों में लगे हुए हैं।
मध्य प्रदेश में आज हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतदान का काम पूरा हो गया है। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक 74.61 फीसदी लोगों ने मतदान किया।
मध्य प्रदेश में मतदान का समय खत्म हो गया है। सिर्फ लाइन में लगे मतदाता वोट डाल रहे हैं। अभी भी कई जगहों पर वोट डालने के लिए मतदाता लाइन में खड़े हैं।
मध्य प्रदेश के सतना-चित्रकूट विधानसभा के रईया-बाल्हा गांव में मतदान के लिए दबाव बना रहे तहसीलदार को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया है। बताया जा रहा है कि गांव का सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बिहष्कार कर दिया था। खबरों के मुताबिक, गांव में पहुंचे तहसीलदार प्रशासन का धौंस दिखाकर ग्रामीणों पर मतदान के लिए दबाव बना रहे थे। इसी दौरान ग्रामीण भड़क गए और तहसीलदार को बंधक बना दिया। तहसीलदार के बंधक होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है।
मध्य प्रदेश की 227 सीटों पर मतदान जारी है। अब तक 50 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है। वहीं नक्सल प्रभावित बालाघाट समेत 3 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है।
भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर 1545 वीवीपैट मशीनों के साथ 383 कंट्रोल यूनिट और 563 बैलेट यूनिट बदली गईं है। उन्होंने यह भी बताया कि मॉकपोल के दौरान 732 वीवीपैट बदली गईं थीं।
मध्य प्रदेश के दतिया जिले में कि मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीनें खराब होने से करीब 1 घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। दतिया के होलीपुरा स्कूल, सेवढ़ा विधान विधानसभा के बूथ नंबर 142 और 150 पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ है।
मध्य प्रदेश की 230 और मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर 3 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। मध्य प्रदेश में 3 बजे तक 50 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं मिजोरम में 3 बजे तक 58 फीसदी वोटिंग हुई है।
मध्य प्रदेश में मतदान के बीच मुरैना में बवाल हुआ है। न्यूज़ 18 के मुताबिक, सुमावली विधानसभा क्षेत्र के चौरी गांव में कुछ लोगों ने फायरिंग की है। बताया जा रहा है कि फायरिंग के ये लोग फरार हो गए।
मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर दोपहर 2 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। 2 बजे तक 34.99 फीसदी मतदान हुआ है।
मध्य प्रदेश के मुरैना-दिमनी विधानसभा के जोहा गांव में एक मतदाता पर कुल्हाड़ी से हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि मतदाता पर बीजेपी के पोलिंग एजेंट पर हमला किया है। मतदाता को गंम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर 1 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। यहां पर 1 बजे तक 49 फीसदी मतदान हुआ है।
वहीं मध्य प्रदेश में 1 बजे तक 28 फीसदी मतदान की खबर है। खबरों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 70 जगहों पर ईवीएम में खराबी की वजह से मशीनें बदली गई हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओपी रावत ने कांग्रेस द्वारा की गई शिकायत पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जिन मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की शिकायत आई है उन मतदान केंद्रों पर मौजूद अधिकारी समयसीमा बढ़ाने को लेकर फैसला लेंगे।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायत आई है। ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायत के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इस बात की शिकायत की थी, साथ ही मतदान की समयसीमा बढ़ाने की मांग की थी। कांग्रेस की इसी मांग पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रतिक्रिया दी है।
मध्य प्रदेश के भिंड में मतदान केंद्र पर फिर बवाल हुआ है। खबरों के मुताबिक, ईवीएम को लेकर दो पक्षों में हुई झड़प में पोलिंग एजेंट घायल हो गया है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी-कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्राम एडवारा में कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता भिड़ गए हैं। कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
मध्य प्रदेश के लहार में 2 मतदान केंद्रों पर उपद्रवियों ने कब्जा कर लिया है। न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक, बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने ईवीएम में तोड़फोड़ के साथ और तहसीलदार की गाड़ी में तोड़फोड़ की है। वहीं भिंड में मतदान बूथ पर कब्जे की कोशिश साथ ही ईवीएम को तोड़े जाने की खबर है।
मध्य प्रदेश में ईवीएम की खराबी की खबर के बाद इस पर राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जहां ईवीएम खराब हुई है वहां दोबारा चुनाव कराया जाए।
मध्य प्रदेश में सुबह 11 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। विधानसभा की 230 सीटों पर 11 बजे तक 21 फीसदी मतदान मतदान दर्ज किया गया है।
मध्य प्रदेश में कई जगहों पर ईवीएम की खराबी की खबर के बाद इसे लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। कांग्रेस ने पत्र में चुनाव आयोग से मांग की है कि जिन जगहों पर ईवीएम में खराबी हाने से मतदान प्रभावित हुआ है उन जगहों पर मतदान का समय बढ़ाया जाए।
मध्य प्रदेश के भिंड विधानसभा के मतदान केंद्र 120, 122 के सामने फायरिंग की गई है। न्यूज़ 18 की खबर के मुताबिक, मतदान को प्रभावित करने के मकसद से यह फायरिंग की गई है। फायरिंग करने के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। फिलहाल मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंच गए हैं।
मध्य प्रदेश के साथ मिजोरम में भी मतदान जारी है। बड़ी संख्या में मतदाता घरों से निकल कर मतदान केंद्रों का रुख कर रहे हैं। मिजोरम में सुबह 11 बजे तक का मतदान प्रतिशत आ गया है। सुबह 11 बजे तक यहा 29 फीसदी मतदान हुआ है।
मध्य प्रदेश में मतदान के दौरान 100 ईवीएम मशीनें खराब होने की खबर है। वहीं खराब ईवीएम मशीनों को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है।
मध्य प्रदेश में मतदान के दौरान जिन तीन चुनाव अधिकारियों की मौत हुई, उनके परिजनों के लिए चुनाव आयोग ने मुआवजे का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, अधिकारियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 9.32 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मतदान कर दिया है। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं आपको यह आश्वस करना चाहता हूं कि 11 दिसंबर जनता के आर्शीवाद से कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है।”
ग्वालियर में वोट डालने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य के लोगों से ज्यादा-ज्यादा मतदान की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मध्य प्रदेश के सुनहरे भविष्य के लिए मैंने अपना मत डाल दिया है। आप भी जरूर डाले- आपका वोट आपकी आवाज है।”
मध्य प्रदेश में कई जगहों पर ईवीएम खराब होने की खबर के बाद कांग्रेस ने विरोध जताया है। ईवीएम खराब होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में प्रदर्शन किया है। ईवीएम और वीवीपैट में खराबी के बाद राज्य में कई जगहों पर ईवीएम और वीवीपैट की मशीनें बदली भी गई हैं।
मध्य प्रदेश में मतदान के दौरान चुनाव ड्यूटी पर लगे 3 अधिकारियों की हार्ट अटैक की वजह से मौत है। इनमें एक अधिकारी गुना में और दो अधिकारी इंदौर में चुनावी ड्यूटी पर लगे हुए थे।
मध्य प्रदेश के भोपाल में बीजेपी के पोलिंग एजेंट के पास से पुलिस ने प्रचार सामग्री जब्त की है।पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। भोपाल के सेंट मैरी पोलिंग बूथ के पास बीजेपी का पोलिंग बूथ एजेंट प्रचार सामग्री लेकर घूम रहा था। पोलिंग एजेंट प्रचार सामग्री के साथ मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में था।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के डबरा के पोलिंग बूथ नंबर 178 पर दोबारा मतदान शुरू हो गया है। यहां पर ईवीएम आई खराबी की वजह से मतदान रुका हुआ था।
मध्य प्रदेश में कई जगहों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के खराब होने की खबर के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इन मशीनों पर संदेह जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “जो मशीन खराब होती है और जो उसके स्थान पर बदली जाती है उनके नम्बर जरूर नोट कर लें। जो नई मशीन आती है उसे वोटिंग चालू करने के पूर्व 50-100 वोट डाल कर चेक जरूर करें।”
मध्य प्रदेश में कई जगहों पर ईवीएम वीवीपैट में खराबी आने के बाद उन्हें बदला गया है। उज्जैन में 2 ईवीएम, अलीराजपुर में 11 वीवीपैट और बुरहानपुर में 5 वीवीपैट महीने बदली गई हैं।
मध्य प्रदेश में मतदान जारी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य के लोगों से मतदान की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मध्य प्रदेश के मतदाताओं से विनम्र आग्रह। वोट प्रजातंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। आज अपना वोट जरूर डालें क्योंकि, ‘वक्त है बदलाव का’। आइये, सच को स्वीकारें, नफरत को नकारें, वादा निभाएं, हाथ बढ़ाएं, हर घर खुशहाली लाएं, मध्य प्रदेश में लोगों की सरकार बनाएं।”
राहुल गांधी ने मिजरोम के मतदाताओं से भी घर से निकल ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है।
मध्य प्रदेश के बुधनी के जैत गांव में परिवार के साथ शिवराज सिंह चौहान ने मतदान कर दिया है। मतदान के बाद उन्होंने ट्वीट कर कहा, “सबसे पहले मतदान, फिर दूसरे काम। हमने अपने पैतृक गांव जैत में सुबह ही मताधिकार का उपयोग कर लिया। आप लोग भी अपने परिजनों, मित्रों और पड़ोसियों के साथ निकलें और मतदान करें। दूसरों को मतदान के लिए प्रेरित भी करें।”
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में यशोधरा राजे सिंधिया ने मतदान कर दिया है। वे यहां से बीजेपी की प्रत्याशी हैं। शिवराज सिंह चौहान की मौजूदा सरकार में वे मंत्री भी हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में डबरा के पोलिंग बूथ नंबर 178 पर ईवीएम में खराबी आ गई है। यहां पर ईवीएम काम नहीं कर रहा है।
मिजोरम के मामित जिले के कन्हमुन में मतदान के केंद्र के बाहर वोटिंग के लिए बड़ी संख्या में लाइन में मतदाता खड़े हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
मिजोरम की 40 सीटों पर मतदान जारी है। आइजोल में मतदान के बाद पोलिंग बूथ के बाहर मतदाता।
मध्य प्रदेश में मतदान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी की जीत पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि हमें राज्य के लोगों पर पूरा भरोसा है। राज्य के सरल और निर्दोष लोग हैं, जिन्हें सम्बे समय से ठगा गया है।
मध्य प्रदेश विधानसभा की 227 सीटों पर भी सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया है। 227 सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। वहीं जिन नक्सल प्रभावित तीन सीटों पर सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हुई थी, उन सीटों पर दोपहर 3 बजे तक ही वोटिंग होगी। इसके अलावा मिजोरम की कुल 40 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। यहां पर शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी।
मतदान से पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी के साथ बुधनी में नर्माद के घाट पर पूजा-अर्चना की।
मध्य प्रदेश और मिजोरम में विधानसभा के लिए आज मतदान है। मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों में से नक्सल प्रभावित तीन सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। तीनों सीटों पर दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। 227 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। राज्य में मतदान के लिए 65 हजार 341 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
वहीं मिजोरम की 40 सीटों पर भी सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। यहां पर शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों पर 2907 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 1102 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। मतदाताओं की बात करे तो प्रदेश में कुल 5 करोड़ 4 लाख 95 हजार मतदाता हैं। इनमें 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार पुरूष और 2 करोड़ 41 लाख 30 हजार 390 महिलाएं शामिल हैं। इनके अलावा 1 हजार 389 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। इसके साथ ही इसमें 62,172 सेवारत मतदाता हैं, जो कि डाक मतपत्र से मतदान कर सकते हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) वीएल कांता राव ने कहा कि चुनाव कार्य के लिए राज्य में कुल 3,00,782 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए गए हैं। जबकि सुरक्षाबलों की 650 कंपनियों की तैनाती की गई है। इनमें 45,904 महिला कर्मचारी शामिल हैं। पोलिंग बूथों पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 1.80 लाख सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ-साथ 160 मतदान केंद्रों पर सिर्फ दिव्यांग कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये बूथ पूरी तरह से दिव्यांग कर्मचारी के जिम्मे है। इसके अलाव 3046 मतदान केंद्र सिर्फ महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किया जाएगा। जबकि 17 हजार मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
मध्य प्रदेश चुनाव में प्रमुख सीटें जिस पर सबकी नजर है:
मिजोरम विधानसभा की सभी 40 सीटों पर राज्य के 7.70 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 1987 में एक पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद से मिजोरम में कांग्रेस और मिजोरम नेशनल पार्टी (एमएनएफ) सत्ता में है। दिलचस्प यह है कि तब से लेकर आज तक कोई भी पार्टी राज्य में दो बार से अधिक सरकार नहीं बना सकी है।
मिजोर में कांग्रेस और मुख्य विपक्षी एमएनएफ ने 40-40 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किये हैं, जबकि बीजेपी 39 सीटों पर मैदान में है। 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 34 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि मुख्य विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के खाते में पांच और मिजोरम पीपुल्स कांफ्रेंस की झोली में एक सीट आई थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Nov 2018, 7:17 AM IST