हालात

मध्य प्रदेश: श्योपुर में आंधी-बारिश का भारी कहर, भीषण हादसों में 4 लोगों की मौत, 1 घायल

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में तेज आंधी और प्री-मानसून बारिश ने भारी तबाही मचाई। जिले में दो अलग-अलग हादसों में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी और प्री-मानसून बारिश ने भारी तबाही मचाई। जिले में दो अलग-अलग हादसों में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

Published: undefined

सबसे दर्दनाक हादसा आवदा थाना क्षेत्र के सुसवाड़ा गांव में हुआ, जहां तेज आंधी के दौरान एक अस्थायी टिन शेड गिरने से तीन खेत मजदूरों की मौत हो गई। आवदा थाना प्रभारी धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि चार सदस्यीय परिवार राजपुरा गांव में मूंग की फसल की रखवाली कर रहा था। अचानक मौसम खराब होने पर सभी लोग बचाव के लिए टिन शेड में चले गए।

इसी दौरान तेज हवाओं के कारण शेड से सटी कंक्रीट की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे टिन शेड भी ढह गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में भीमा आदिवासी (40), उनकी पत्नी सीमा आदिवासी (38) और बहू रजवती आदिवासी (21) की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया। उसे इलाज के लिए राजस्थान के केलवाड़ा अस्पताल भेजा गया है।

Published: undefined

सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे से सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

वहीं, एक अन्य घटना में सालपुरा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ा एक ऑटो रिक्शा तेज आंधी के कारण पलट गया। इसकी चपेट में आने से पास खड़ी 80 वर्षीय भरोसी बाई वैष्णव की मौके पर ही मौत हो गई।

Published: undefined

आंधी और बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा, बिजली की लाइनें टूट गईं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात भी कई घंटों तक प्रभावित रहा।

हालांकि, बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, श्योपुर में अधिकतम तापमान इस सप्ताह 41 डिग्री सेल्सियस से घटकर शुक्रवार को लगभग 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान श्योपुर और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined