भारत में प्रतीकों के साथ छेड़छाड़ और उनको मिटाने का अभियान जारी है। एक हफ्ते पहले तुगलक रोड की एक इमारत को मंदिर में बदल दिया गया था। अब इंडिया गेट के बगल में अकबर रोड के साइन बोर्ड के साथ छेड़छाड़ की गई। रातों रात अकबर रोड के साइन बोर्ड पर महाराणा प्रताप रोड के स्टिकर चिपका दिए गए। अकबर रोड पर कांग्रेस पार्टी का मुख्यालय भी है। इससे पहले सरकार ने भी दिल्ली के औरंगजेब रोड का नाम को बदकर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम रखा था।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के यूनियन हाल में लगी पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर हटाने को लेकर विवाद अभी थमा नहीं था कि दिल्ली में अकबर रोड के साइन बोर्ड को महाराणा प्रताप रोड के नाम से बदल दिया गया।
नाम बदलने को लेकर एनडीएमसी अधिकारी महेंद्र सेहरावत ने कहा कि इस तरह का कोई भी प्रस्ताव नहीं आया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी जगह का नाम बदला जाता है तो सबसे पहले रिनेमिंग काउंसिल के पास प्रस्ताव जाता है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं है।
लेकिन मामला तूल पकड़ने पर पुलिस और एनडीएमसी ने आनन-फानन इन स्टिकर को हटवा दिया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 May 2018, 12:37 PM IST