हालात

महाराष्ट्र: 'बीफ' के शक में बुजुर्ग पर हमला करने के मामले में तीनों आरोपियों को फिर गिरफ्तार करेगी पुलिस

उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले के 72 वर्षीय पीड़ित अशरफ अली सैयद हुसैन पर 28 अगस्त को धुले-मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस में ‘बीफ’ ले जाने के संदेह में एक समूह ने हमला किया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

महाराष्ट्र के नासिक में एक एक्सप्रेस ट्रेन में ‘बीफ’ ले जाने के संदेह में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार तीन व्यक्तियों की जमानत अदालत द्वारा रद्द किए जाने के बाद, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने उन्हें फिर गिरफ्तार करने के लिए अभियान शुरू किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ डकैती और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप जोड़े जाने के बाद अदालत ने सोमवार को उनकी जमानत रद्द कर दी।

उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले के 72 वर्षीय पीड़ित अशरफ अली सैयद हुसैन पर 28 अगस्त को धुले-मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस में ‘बीफ’ ले जाने के संदेह में एक समूह ने हमला किया था। साथ ही बुजुर्ग का मोबालइल छीनकर कर वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था और पुलिस ने 31 अगस्त को धुले से तीन लोगों - आकाश अव्हाड (30), नितेश अहिरे (30) और जयेश मोहिते (21) को गिरफ्तार किया था। उन्हें अगले दिन अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

एक अधिकारी ने बताया कि जमानत मिलने के बाद जीआरपी उन्हें अपनी हिरासत में नहीं रख सकी, इसलिए आरोपियों को घर जाने की इजाजत दे दी गई। उन्होंने बताया कि घटना के समय तीनों पुलिस भर्ती अभियान में भाग लेने के लिए मुंबई जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई अतिरिक्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में डकैती और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप जोड़े और जमानत रद्द करने के लिए आवेदन भी किया। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसी अदालत ने पुलिस की याचिका स्वीकार कर ली और तीनों आरोपियों को सोमवार को दी गई जमानत रद्द कर दी, जिससे उनकी फिर से गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के धुले स्थित अपने घरों में लौटने की संभावना को देखते हुए उनके घरों के बाहर सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था, लेकिन तीनों वहां नहीं मिले।

अधिकारी ने बताया कि इसके परिणामस्वरूप जीआरपी ने तीनों आरोपियों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। अधिकारी ने बताया कि जीआरपी मामले में शामिल सभी व्यक्तियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बांग्लादेश छोड़ने के बाद शेख हसीना का पहला लाइव संबोधन, कहा- छात्र आंदोलन राजनीत‍िक साज‍िश, स्वदेश लौटूंगी

  • ,
  • दुनिया की खबरें: लाल सागर में सऊदी जहाजों पर हमला तेज करेगा हूती समूह, तेल टैंकर पर मिसाइल अटैक की ली जिम्मेदारी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- प्रदर्शनकारी छात्रों का उत्पीड़न हुआ, ये भारत के भविष्य के लिए लड़े

  • ,
  • झारखंड में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 43.62 लाख नाम कटे, पात्र मतदाता 4 सितंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद और रुपया हुआ मजबूत