
पश्चिम बंगाल के नदिया में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर बुधवार को एक बार फिर हमला हुआ। जिले के तेहट्टा इलाके के दौरे के दौरान कुछ लोगों ने नारे लगाते हुए मोइत्रा की गाड़ी को घेर लिया और उनपर अंडे फेंके। मोइत्रा ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में उन पर अंडे फेंके।
घटना नदिया जिले के तेहट्टा इलाके की है, जहां प्रदर्शनकारियों ने महुआ को पार्टी की एक बैठक से निकलते समय काले झंडे दिखाए और “वापस जाओ” के नारे लगाए। बैठक स्थल से निकलते समय महुआ पर अंडे फेंके गए, जिससे इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र से दो बार की सांसद महुआ पुलिस को सूचना देने के बाद पार्टी की एक बैठक में शामिल होने के लिए तेहट्टा गई थीं, जहां यह घटना हुई।
महुआ ने ‘एक्स’ पर घटना का वीडियो जारी किया है। महुआ को वीडियो में यह कहते हुए सुना गया, “हम तेहट्टा पार्टी कार्यालय में हैं। आप देख सकते हैं कि हम पुलिस सुरक्षा में हैं और अदालत ने कहा है कि कोई भी अंडे नहीं फेंकेगा। वे पुलिस के ठीक सामने अंडे लेकर आए। आप सभी इसे देखिए। पुलिस के सामने ही क्या हो रहा है? पुलिस मौजूद है और पुलिस के सामने ही वे अंडे फेंकने की कोशिश कर रहे हैं। यह उच्च न्यायालय की अवमानना है।”
वीडियो में महुआ के चेहरे पर अंडे के टूटे हुए छिलके दिखाई दे रहे हैं। तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि स्थानीय मंडल अध्यक्ष, पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत सात से 10 बीजेपी नेता और कार्यकर्ता उस स्थान पर आए, जहां उनका कार्यक्रम आयोजित हो रहा था और उन्होंने अंडे फेंकना शुरू कर दिया।
महुआ ने आरोप लगाया कि “अदालत के निर्देश के अनुसार, मेरे साथ चार पुलिसकर्मी तैनात थे। हमले के दौरान और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के बजाय उन्होंने मुझे जबरन कार में बैठा दिया। पश्चिम बंगाल में यही हो रहा है। उच्च न्यायालय कह रहा है कि ऐसा नहीं होना चाहिए।”
महुआ ने टकराव के दौरान ‘फेसबुक’ पर लाइव भी किया और सवाल उठाया कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उन पर अंडे कैसे फेंके जा सकते हैं। तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे फेंकते समय “जय श्री राम” के नारे भी लगाए।
इसे भी पढ़ेंः बंगालः टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर नादिया में अंडे और पत्थर से हमला, बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
बाद में महुआ ने अंडे फेंके जाने की उनकी आशंका पर उच्चतम न्यायालय की एक हालिया टिप्पणी का हवाला दिया और ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “माननीय न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता को बहुत-बहुत धन्यवाद! मिलॉर्ड, मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक बैठक के लिए गई थी और इसकी जानकारी पश्चिम बंगाल पुलिस को दी थी। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी मदद से मुझ पर अंडे फेंके। आपकी सलाह के अनुरूप मैंने उनका सामना उसी तरह किया, जैसे एक स्वतंत्रता सेनानी गोलियों का सामना करता था।
महुआ पर इससे पहले भी दो बार, 13 जून को कृष्णनगर कोर्ट के बाहर पेशी के दौरान और 1 जुलाई को कालीगंज में विधायक आवास के बाहर अंडे फेंके जा चुके हैं। महुआ ने उन घटनाओं के लिए भी बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया था।
इसे भी पढ़ेंः महुआ मोइत्रा को रात में ‘सर्किट हाउस’ खाली करने का आदेश, बाहर हंगामा करती भीड़, TMC सांसद ने वीडियो शेयर कर सुनाई आपबीती