
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार और आरएसएस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार की वजह से ऑपरेशन कमल जारी है। यह पहले भी 2008 में येदियुरप्पा द्वारा किया जा चुका है और अब फिर से हो रहा है। यह बीजेपी के ही दिमाग की उपज है।”
उन्होंने आगे कहा, “कर्नाटक में बीजेपी और आरएसएस केंद्रीय ताकतों का प्रयोग करते हुए सरकार को अस्थिर करना चाह रही है। बीजेपी चुनाव के पहले किसी भी तरह राज्यपाल शासन लाने का प्रयास कर रही है। लेकिन बीजेपी जो चाह रही है, वह हो नहीं पाएगा।” उन्होंने एक तरह से चेतावनी दी कि कितना भी गिराने की कोशिश कर ले भाजपा, लेकिन इधर से एक जाएंगे, तो उधर से 10 आएंगे।
दूसरी ओर खड़गे ने कर्नाटक के सिद्धगंगा मठ के मठाधीश शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न सम्मान नहीं मिलने पर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा, “सरकार ने उनका काम देखा था। इसके बावजूद बीजेपी सरकार ने उन्हें यह सम्मान नहीं दिया। यह दुखद है।”
खड़गे ने कहा, “एक गायक और एक ऐसे व्यक्ति को जिसने आरएसएस की विचारधारा का प्रचार किया, उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान दिया गया। अगर आप इन सभी में तुलना करें तो शिवकुमार स्वामी जी को यह सम्मान जरूर मिलना चाहिए था।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न सम्मान दिया जाएगा, मैं इसका स्वागत करता हूं लेकिन शिवकुमार स्वामी जी ने शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम किया। उन्होंने अनाथ बच्चों को पढ़ाने और कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने भारत रत्न अवॉर्ड दिया जाना चाहिए था। हमें इसकी उम्मीद थी।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 26 Jan 2019, 8:26 PM IST