
पेगासस जासूसी कांड पर ताजा खुलासों के बाद मोदी सरकार चौतरफा घिरती नजर आ रही है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने आज से शुरू संसद के बजट सत्र में सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। कांग्रेस के बाद अब तृणमूल कांग्रेस ने भी पेगासस मामले में सरकार पर सदन और सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।
Published: undefined
तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत राय ने पेगासस मामले में सदन को गुमराह करने के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी खबर का हवाला देते हुए तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत राय ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पर सदन के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने और देश के लोगों से झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
Published: undefined
पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी खबर में दावा किया गया था कि मोदी सरकार ने 2017 में इजरायल के साथ एक डील के तहत पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर खरीदा था। इस खुलासे के बाद भारतीय राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है और सरकार पर देश के विपक्षी राजनेताओं, नौकरशाहों, न्यायाधीशों समेत अपने ही कई नेताओं की जासूसी कराने के आरोपों को बल मिला है।
Published: undefined
गौरतलब है कि पिछले साल आई एक रिपोर्ट में पेगासस स्पाइवेयर का इस्तेमाल कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन की जासूसी करने का आरोप लगा था। इसके साथ ही रिपोर्ट में देश के कई विपक्षी नेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश समेत कई जजों के और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं की इस सॉफ्टवेयर से जासूसी करने की बात सामने आई थी। कांग्रेस, टीएमसी समेत कई विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सदन से लेकर सड़क तक सरकार को घेरा था। इसके बाद इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने एक जांच समिति बनाई थी।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined