
कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उद्योग जगत में भय और धमकी का वातावरण पैदा करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें अपनी सरकार के कामकाज और नीतियों को लेकर आत्मचिंतन करना चाहिए।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री के फिक्की में दिए संबोधन का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि मोदी को इस बात का एहसास हो गया है कि वह जल्द ही ‘‘निवर्तमान प्रधानमंत्री’’ बनने वाले हैं और ‘‘झोला उठाकर जाते समय’’ वह सबको बदनाम करना चाहते हैं।
रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण देश में वेतन और रोजगार की वृद्धि प्रभावित हुई है तथा निजी निवेश और आर्थिक विषमताओं से जुड़ी चुनौतियां बढ़ी हैं।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के संबोधन से साफ है कि वह बौखलाए हुए, निराश और घबराए हुए हैं।
रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के घोषणापत्र (न्याय पत्र) में देश की आर्थिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई थी। उस समय कांग्रेस ने कहा था कि 2014 के बाद वेतन और रोजगार में वृद्धि नहीं हुई, जबकि निजी निवेश और आर्थिक विषमताओं में बढ़ोतरी हुई है।’’
रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के घोषणापत्र की आलोचना करते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी ने धन का सृजन करने वालों का अपमान किया है।
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को फिक्की को संबोधित किया। उनके संबोधन में जिस तरह की बातें सामने आईं, उससे साफ है कि वह बौखलाए हुए, निराश और घबराए हुए हैं।''
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पहले कांग्रेस के न्याय पत्र को लेकर पार्टी पर शहरी नक्सल होने का आरोप लगाया था और अब उसी सोच के तहत उन्होंने उद्योगपतियों पर शब्दों के जरिए हमला किया है। उन्होंने कहा, ''हमारे उद्योगपति इससे चौंक गए होंगे कि प्रधानमंत्री की ओर से उन पर किस तरह के इल्जाम लगाए जा रहे हैं।''
रमेश ने कहा कि देश में मौजूदा आर्थिक स्थिति प्रधानमंत्री के कामकाज और उनकी नीतियों के कारण पैदा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी नीतियों और फैसलों पर आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत में भय और धमकी का वातावरण पैदा किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को उद्योग जगत से सवाल किया था कि सरकार की ओर से करों में रियायत दिए जाने के बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन में उसी अनुपात में वृद्धि क्यों नहीं की ? उन्होंने उद्योगों से लोगों की बढ़ी हुई क्रय शक्ति को अधिक रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में बदलने का आह्वान किया था।
यहां उद्योग मंडल फिक्की की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा था कि सरकार ने कारोबार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें 2014 में मूल कॉरपोरेट कर की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत करना, आयकर रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया सरल बनाना तथा कई उत्पादों पर जीएसटी की दरें कम करना शामिल है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए