
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आखिरकार बिहार में दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 11 जून 2026 को मॉनसून बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच गया। इसकी शुरुआत पूर्वी बिहार के पूर्णिया और किशनगंज जैसे इलाकों से हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक परिस्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी, जिससे मॉनसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले सात दिनों के भीतर पूरे बिहार को कवर कर सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, 15 जून तक पटना समेत राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस बार मॉनसून समय पर बिहार पहुंचा है, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि बिहार के अन्य हिस्सों में भी मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
Published: undefined
IMD के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून झारखंड के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। गुरुवार को रांची समेत झारखंड के उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ प्री-मॉनसून बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 10 जून है, लेकिन 2010 के बाद अधिकांश वर्षों में यह 12 से 25 जून के बीच पहुंचा है।
मौसम विभाग ने झारखंड के 18 जिलों के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से अगले 24 घंटे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। 13 जून को भी राज्य के 14 जिलों में यही अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Published: undefined
उत्तर प्रदेश में अभी मॉनसून की औपचारिक एंट्री नहीं हुई है, लेकिन इसकी प्रगति लगातार जारी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे क्षेत्रों में 18 से 22 जून के बीच मॉनसून पहुंच सकता है। इसके बाद मध्य उत्तर प्रदेश के लखनऊ और कानपुर में 22 से 25 जून के बीच मॉनसून के दस्तक देने की संभावना है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ जैसे इलाकों में 25 से 30 जून के आसपास मॉनसून पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है।
Published: undefined
IMD के ताजा मॉनसून प्रोग्रेस अपडेट के मुताबिक, वर्ष 2026 का पूरा मॉनसून सीजन सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है और इसके दीर्घकालिक औसत वर्षा (LPA) के लगभग 90 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हालांकि शुरुआती चरण में मॉनसून की गतिविधियां अच्छी बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने कहा है कि मॉनसून के आगे बढ़ने के साथ बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। विभाग के बुलेटिन के अनुसार, बिहार के और अधिक हिस्सों और उत्तर प्रदेश में मॉनसून के विस्तार के लिए परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined