हालात

दतिया उपचुनाव में EVM सुरक्षा पर सवाल, स्ट्रांग रूम के बाहर लैपटॉप मिलने पर कांग्रेस का विरोध, जांच की मांग

दतिया उपचुनाव की मतगणना से पहले स्ट्रांग रूम के बाहर लैपटॉप मिलने पर कांग्रेस ने EVM सुरक्षा पर सवाल उठाए। प्रशासन ने छेड़छाड़ से इनकार किया।

फोटोः प्रतीकात्मक
फोटोः प्रतीकात्मक 

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के मतदान के बाद अब 3 अगस्त को मतगणना होनी है। इससे पहले मतगणना केंद्र के स्ट्रांग रूम के बाहर लैपटॉप मिलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस ने दो लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में लैपटॉप के साथ देखने का दावा करते हुए ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच की मांग की। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईवीएम से छेड़छाड़ या हैकिंग की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस ने लैपटॉप के साथ मिले दो लोगों पर जताया संदेह

शनिवार को निगरानी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो व्यक्तियों को लैपटॉप के साथ संदिग्ध स्थिति में देखा। कांग्रेस का आरोप है कि धर्मेंद्र धाकड़ नाम का एक व्यक्ति लैपटॉप चला रहा था, जबकि दिल्ली की एक आईटी कंपनी से जुड़े बताए जा रहे दूसरे युवक के बैग में भी एक लैपटॉप मिला।

इसकी जानकारी तुरंत कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों को दी गई। इसके बाद वे स्ट्रांग रूम परिसर पहुंचे और जिला प्रशासन के सामने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। कांग्रेस ने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

प्रशासन ने लैपटॉप हटवाए, EVM से छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं

कांग्रेस की आपत्ति के बाद डिप्टी कलेक्टर संतोष तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों व्यक्तियों के लैपटॉप मतगणना परिसर से हटवाने के निर्देश दिए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।

प्रशासन के अनुसार स्ट्रांग रूम की सुरक्षा निर्वाचन आयोग के तय प्रोटोकॉल के अनुसार, की जा रही है और ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं।

EVM की CCTV और LED से हो रही निगरानी

मतगणना दतिया के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी। मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मशीनों की 24 घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव फुटेज लगातार दिखाई जा रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए