हालात

मुंबई में महंगाई का ट्रिपल झटका, CNG के दाम बढ़े, दूध और ऑटो-टैक्सी का किराया भी महंगा

मुंबई में CNG 2 रुपये महंगी होकर 88 रुपये किलो हो गई है। बढ़ोतरी के विरोध में 3 सितंबर को प्रदर्शन का ऐलान हुआ है, जबकि दूध, PNG और ऑटो-टैक्सी किराया भी बढ़ गया है।

AI Generated फोटो
AI Generated फोटो 

मुंबई में आज से महंगाई ने आम आदमी की परेशानी बढ़ा दी है। CNG और घरेलू PNG के दाम बढ़ने के साथ ऑटो-टैक्सी का किराया और तबेले के दूध की कीमत भी बढ़ गई है। CNG की कीमत में बढ़ोतरी के विरोध में 3 सितंबर को प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया है। यानी महीने की शुरुआत ही मुंबई के लोगों के लिए बढ़े हुए खर्च और विरोध के माहौल के साथ हुई है।

CNG महंगी, 13 लाख वाहन मालिकों पर सीधा असर

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी है। अब CNG 88 रुपये प्रति किलो मिलेगी। घरेलू PNG की कीमत में भी 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 1 सितंबर की आधी रात से लागू हो गई हैं।

कंपनी के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतें बढ़ी हैं। इसका असर गैस खरीदने की लागत पर पड़ा है। MGL को महंगे दाम पर स्पॉट RLNG आयात करनी पड़ रही है, इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी जरूरी हो गई। इस फैसले का असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव और कर्नाटक के चित्रदुर्ग-दावणगेरे में करीब 13 लाख CNG वाहन मालिकों पर पड़ेगा। वहीं घरेलू PNG इस्तेमाल करने वाले करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को भी अब ज्यादा भुगतान करना होगा। CNG के दाम बढ़ाए जाने के विरोध में 3 सितंबर को प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इससे पहले दिल्ली में भी इंद्रप्रस्थ गैस ने CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 86.98 रुपये कर दी थी।

ऑटो-टैक्सी से सफर भी हुआ महंगा

मुंबई में बढ़ती महंगाई का दूसरा असर रोजाना सफर करने वालों पर पड़ा है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटो और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब ऑटो का न्यूनतम किराया 27 रुपये और काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये होगा।

टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो गया है, जबकि ऑटो का किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। टैक्सी से पहले 1.5 किलोमीटर के लिए 31 रुपये लगते थे, अब 33 रुपये देने होंगे। ड्राइवरों को मीटर नई दरों के हिसाब से कैलिब्रेट कराने के लिए नवंबर के अंत तक का समय दिया गया है। तय समय तक मीटर कैलिब्रेट नहीं कराने पर जुर्माना भरना पड़ सकता है।

मुंबई में साढ़े चार लाख से ज्यादा ऑटो और 50 हजार से अधिक टैक्सियां चलती हैं। इससे पहले किराए में बढ़ोतरी फरवरी 2025 में हुई थी। यानी करीब 18 महीने बाद ऑटो-टैक्सी के किराए में फिर इजाफा किया गया है।

तबेले का दूध भी 102 रुपये लीटर

इन बढ़ी हुई दरों के बीच मुंबई में तबेले के दूध की कीमत भी 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है। अब 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला दूध 102 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। नई कीमत अगले साल 28 फरवरी तक लागू रहेगी।

दूध उत्पादकों का कहना है कि पशु आहार की लागत बढ़ने से यह फैसला लेना पड़ा है। अनाज, तूर चुनी और चना चुनी जैसी चीजों की कीमतें 25 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं। ऐसे में बढ़ी लागत का असर अब दूध की कीमत पर दिखाई दे रहा है।

इस तरह मुंबई में सितंबर की शुरुआत CNG, PNG, सार्वजनिक परिवहन और दूध, चारों मोर्चों पर बढ़े खर्च के साथ हुई है। खास तौर पर CNG की कीमत बढ़ने से वाहन मालिकों और रोजाना सफर करने वालों पर सीधा असर पड़ा है, जबकि इसके विरोध में 3 सितंबर को प्रस्तावित प्रदर्शन अब इस बढ़ोतरी को लेकर बढ़ती नाराजगी का अहम संकेत बन गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए