हालात

मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने खंगाला पूरा परिसर

मुंबई के सीएसएमटी रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला, आरोपी की तलाश जारी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

  • बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।

  • पुलिस कंट्रोल रूम को शनिवार शाम डायल 112 के जरिए धमकी भरा फोन आया था। रात करीब 9:30 बजे तलाशी अभियान पूरा हुआ।

  • इससे पहले 12 नवंबर को बीएमसी कार्यालय और पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था, जिसे जांच में फर्जी पाया गया।

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं हैं। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे तक चले इस अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम 6 बजकर 50 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की बात कही और स्टेशन को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया।

बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने की तलाशी

धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत स्टेशन पहुंचीं। इसके बाद पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान शनिवार रात 9 बजकर 30 मिनट पर पूरा हुआ। इस दौरान स्टेशन परिसर में कहीं भी विस्फोटक या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दे दी है। फिलहाल धमकी भरा फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

BMC कार्यालय और पीएनबी को भी मिली थी बम की धमकी

मुंबई में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब इससे पहले 12 नवंबर को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कार्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। दोनों संस्थानों के आधिकारिक ईमेल पर सुबह करीब 9 बजे एक ही पैटर्न के धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।

ईमेल मिलने के बाद संबंधित विभागों ने पुलिस को सूचना दी थी। जांच के बाद पुलिस ने दोनों धमकियों को फर्जी बताया। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत केस दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दोनों संस्थानों में स्थिति सामान्य है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए