हालात

मुंबई में भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, नालासोपारा-दादर-कुर्ला में जलभराव, येलो अलर्ट जारी

मुंबई में लगातार हो रही तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। नालासोपारा, दादर और कुर्ला में लोगों को परेशानी हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालासोपारा, दादर और कुर्ला समेत कई जगहों पर बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है।

नालासोपारा में सड़कों पर भरा पानी

शनिवार रात से जारी तेज बारिश के चलते नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में जलभराव हो गया है। इसके बावजूद यात्री पानी के बीच से गुजरकर अपने गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हैं। स्टेशन परिसर में भी यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है।

वसई-विरार शहर में भी बीती रात से तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण नालासोपारा के सेंटर पार्क, तुलिंज ब्रिज समेत कई सड़कों पर पानी भर गया है। सुबह के समय जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई।

दादर और कुर्ला में भी बारिश का असर

दादर इलाके में भी तेज बारिश जारी है। इसके चलते यहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लगातार बारिश के कारण कुर्ला स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर भी पानी भर गया है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर एक-दो बार तेज बारिश भी हो सकती है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भी रविवार के मौसम को लेकर 'एक्स' पर पोस्ट किया है। बीएमसी ने कहा कि आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए