
दिल्ली के मुंडका अग्निकांड मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी और इमारत के मालिक मनीष लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही बिल्डिंग का मालिक मनीष लाकड़ा फरार है, जो इसी इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर रह रहा था।
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इलाके में एक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित इमारत में 13 मई को भीषण आग लग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी और 12 लोग घायल हो गए थे। आग इतनी भीषण थी कि इमारत के अंदर की दीवारें भी ढह गईं, जिससे बचाव अभियान और भी मुश्किल हो गया। इसके अलावा, बहुत सारे धुएं और आग की वजह से पैदा हुई गर्मी ने दमकलकर्मियों की मुश्किलें बढ़ा दी थी।
इमारत के ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल पर एक ही कंपनी संचालित थी, जिसके मालिक हरीश गोयल और वरुण गोयल को पुलिस ने पहले गिरफ्तार कर लिया था। घटना के वक्त ज्यादातर लोग इमारत की दूसरी मंजिल पर मौजूद थे।
आग पहले पहली मंजिल पर लगी थी, जिसमें एक सीसीटीवी और राउटर बनाने वाली कंपनी संचालित थी और बाद में आग दूसरी मंजिलों में फैल गई। घटना के समय दूसरी मंजिल पर एक मोटिवेशनल स्पीच (प्रेरक भाषण) इंवेट कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था जहां 100 से अधिक लोग मौजूद थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 15 May 2022, 11:12 AM IST