
झारखंड में राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय आम चुनाव की घोषणा कर दी है। लंबे इंतजार के बाद अब प्रदेश की नगरपालिकाओं में जनता अपने प्रतिनिधि चुनेगी। आयोग के मुताबिक, 23 फरवरी 2026 को मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी 2026 को मतगणना कराई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड में कुल 48 नगरपालिकाओं में आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इनमें
09 नगर निगम,
20 नगर परिषद,
19 नगर पंचायत शामिल हैं।
इनमें से 42 नगरपालिकाओं का कार्यकाल पूरा हो चुका है, जबकि 06 नवगठित नगरपालिकाओं में पहली बार चुनाव कराए जाएंगे।
चुनाव जिन प्रमुख नगर निगमों में होंगे, उनमें शामिल हैं-
मेदिनीनगर, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, चास, रांची, आदित्यपुर और मानगो।
इन नगर निगमों को आयोग ने अलग-अलग वर्ग (ख और क) में वर्गीकृत किया है।
नगर परिषद स्तर पर गढ़वा, विश्रामपुर, चतरा, झुमरीतिलैया, मधुपुर, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, चिरकुंडा, फुसरो, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, चक्रधरपुर, चाईबासा, कपाली और जुगसलाई में चुनाव कराए जाएंगे।
वहीं, श्रीबंशीधरनगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छत्तरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़कीसरैया, धनवार, महागामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, खूंटी, बुंडू, सरायकेला और चाकुलिया नगर पंचायतों में भी जनता मतदान करेगी।
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार होगी-
28 जनवरी 2026: निर्वाचन सूचना का प्रकाशन
29 जनवरी से 4 फरवरी: नामांकन दाखिल करने की अवधि
5 फरवरी: नामांकन पत्रों की जांच
6 फरवरी: नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
7 फरवरी: चुनाव चिन्हों का आवंटन
23 फरवरी: मतदान (सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक)
27 फरवरी: मतगणना (सुबह 8 बजे से)
चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) को निर्देश दिए गए हैं कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए