हालात

‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ चैप्टर वाली NCERT की किताब की बिक्री पर रोक, चीफ जस्टिस के कड़े रुख के बाद फैसला

चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने बुधवार को एनसीईआरटी के कक्षा आठ के पाठ्यक्रम में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पर एक अध्याय को शामिल करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस धरती पर किसी को भी न्यायपालिका को बदनाम करने और उसकी शुचिता को धूमिल नहीं करने दिया जाएगा।

‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ चैप्टर वाली NCERT की किताब की बिक्री पर रोक, चीफ जस्टिस के कड़े रुख के बाद फैसला
‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’ चैप्टर वाली NCERT की किताब की बिक्री पर रोक, चीफ जस्टिस के कड़े रुख के बाद फैसला फोटोः सोशल मीडिया

भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की नाराजगी के बाद 'ज्यूडीशियल करप्शन’ चैप्टर वाली एनसीईआरटी की किताब की बिक्री पर रोक लग गई है। चीफ जस्टिस के कड़े रुख के बाद एनसीईआरटी ने ये फैसला लिया है। इससे पहले आज इस मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा था कि किसी को भी न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

Published: undefined

एनसीईआरटी की 8वीं क्लास की सोशल साइंस का पार्ट 2 किताब इसी हफ्ते जारी हुई थी। चीफ जस्टिस की टिप्‍पणी के बाद ये किताब एनसीईआरटी की वेबसाइट पर उपलब्‍ध नहीं है। एक न्‍यूज रिपोर्ट के मुताबिक, किताबों की ऑफलाइन बिक्री भी मंगलवार 24 फरवरी से बंद कर दी गई है। हालांकि अब तक एनसीईआरटी की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Published: undefined

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने बुधवार को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के कक्षा आठ के पाठ्यक्रम में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार पर एक अध्याय को शामिल करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इस धरती पर किसी को भी न्यायपालिका को बदनाम करने और उसकी शुचिता को धूमिल नहीं करने दिया जाएगा।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की तीन न्यायाधीशों की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और अभिषेक सिंघवी द्वारा मामले को तत्काल विचार के लिए उल्लेखित किये जाने के बाद एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों में न्यायपालिका के बारे में "आपत्तिजनक" बयानों का स्वतः संज्ञान लिया।

ये भी पढ़ें : 'मैं किसी को भी संस्था को बदनाम करने की अनुमति नहीं दूंगा', NCERT की किताब में न्यायपालिका पर सामग्री से CJI नाराज

Published: undefined

कक्षा आठ के लिए एनसीईआरटी की समाज विज्ञान की नयी पाठ्यपुस्तक के अनुसार, भ्रष्टाचार, लंबित मामलों का भारी बोझ और न्यायाधीशों की पर्याप्त संख्या की कमी न्यायिक प्रणाली के समक्ष उत्पन्न ‘‘चुनौतियों’’ में शामिल हैं। नई पुस्तक के ‘‘न्यायपालिका में भ्रष्टाचार’’ खंड में कहा गया है कि न्यायाधीश एक आचार संहिता से बंधे होते हैं जो न केवल अदालत में उनके व्यवहार को नियंत्रित करती है बल्कि अदालत के बाहर उनके आचरण को भी नियंत्रित करती है।

कपिल सिब्बल ने मामले को उठाते हुए कहा, ‘‘इस संस्था के सदस्य होने के नाते, हमें यह जानकर बहुत दुख हुआ है कि कक्षा आठ के बच्चों को न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के बारे में पढ़ाया जा रहा है। यह एनसीईआरटी की पुस्तक का हिस्सा है। संस्था से हमारा गहरा जुड़ाव है... यह (अध्याय) पूरी तरह से निंदनीय है। हमारे पास किताब की प्रतियां हैं।’’

Published: undefined

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैं आप सभी को आश्वस्त कर सकता हूं कि मुझे इसकी पूरी जानकारी है।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें कई फोन और संदेश मिले हैं और कई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ‘‘चिंतित’’ हैं। जब सिब्बल ने उम्मीद जतायी कि पीठ स्वतः संज्ञान लेगी, तो प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘एक दिन इंतजार कीजिए। यह निश्चित रूप से पूरी संस्था के लिए चिंता का विषय है। बार और पीठ दोनों परेशान हैं। व्यवस्था से जुड़े हर हितधारक वास्तव में परेशान हैं। मुझे बहुत सारे फोन और संदेश मिल रहे हैं। उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश भी परेशान हैं।’’

प्रधान न्यायाधीश ने सिब्बल को बताया कि उन्होंने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पहले ही आदेश पारित कर दिया है। नाराज दिख रहे सीजेआई ने कहा, ‘‘मैं धरती पर किसी को भी संस्था की गरिमा को धूमिल करने और संस्था को बदनाम करने नहीं दूंगा। किसी भी कीमत पर मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा। कोई कितना भी बड़े पद या प्रभाव वाला क्यों ना हो, कानून अपना काम करेगा। मुझे पता है इससे कैसे निपटना है।’’

Published: undefined

वहीं अभिषेक मनु सिंघवी ने एनसीईआरटी द्वारा अपनाए गए चयनात्मक दृष्टिकोण का मुद्दा उठाया और कहा कि एनसीईआरटी ने यह मान लिया कि "अन्यत्र भ्रष्टाचार नहीं है। नौकरशाही, राजनीति, सार्वजनिक जीवन और अन्य संस्थानों में भ्रष्टाचार का कोई उल्लेख नहीं है।" प्रधान न्यायाधीश ने कहा और इस मुद्दे को उठाने के लिए वकीलों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि यह एक सोची-समझी साजिश है...हम इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहते... मुझे इसकी जानकारी है और मैंने अपना कर्तव्य निभाया है।’’

बता दें कि एनसीईआरटी ने नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क यानी एनसीएफ और एनईपी-2020 के तहत सभी कक्षाओं की नई किताबें तैयार की हैं। कोरोना महामारी के बाद पुरानी किताबों के टॉपिक्‍स बदलकर नए टॉपिक्‍स जोड़े जा रहे हैं। पहली से 8वीं क्लास तक की नई किताबें 2025 में ही पब्लिश की जा चुकी हैं। इसमें एनसीईआरटी ने पहली बार 8वीं के बच्चों को ज्यूडीशियरी में करप्शन के बारे में पढ़ाने का फैसला लिया था। यह पिछले एडिशन के मुकाबले बड़ा बदलाव था। पिछले चैप्टर में ज्यादातर कोर्ट के स्ट्रक्चर और रोल पर फोकस किया गया था। बदले हुए चैप्टर का नाम ‘हमारे समाज में ज्यूडिशियरी की भूमिका’ रखा गया। इसी बदलाव पर विवाद खड़ा हुआ है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined