
ओडिशा में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी
अंतिम वोटर लिस्ट से करीब 20 लाख मतदाताओं के नाम हटे
राज्य में अब मतदाताओं की संख्या 3.16 करोड़
ओडिशा में 30 मई से दो चरणों में शुरु की गई मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया सोमवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ पूरी हो गई।प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची से करीब 20 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एस. गोपालन ने बताया कि अब राज्य में दर्ज कुल मतदाताओं की संख्या 3.16 करोड़ हैं। उन्होंने बताया कि 30 मई से दो चरणों में शुरु की गई एसआईआर प्रक्रिया सोमवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ पूरी हुई। एसआईआर से पहले राज्य में करीब 3.34 करोड़ मतदाता थे। पांच जुलाई को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद मतदाताओं की संख्या घटकर 3.13 करोड़ रह गई थी।
गोपालन ने बताया कि गणना चरण में बूथ स्तर के अधिकारियों के जरिए मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए गए। कुल 3,13,87,034 प्रपत्र भरे गए जो कुल मतदाताओं का 93.97 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि जिन 20,12,557 मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए उनके नाम मसौदा मतदाता सूची से बाहर हो गए।
इसे भी पढ़ेंः नगालैंड: SIR के बाद मसौदा मतदाता सूची में 11.99 लाख मतदाता बरकरार, 1.59 लाख नाम हटे
उन्होंने बताया कि मसौदा मतदाता सूची में शामिल 3.13 करोड़ मतदाताओं में से तीन करोड़ का स्वयं या उनके वंशज के रूप में मिलान हो गया जबकि 12.98 लाख मतदाताओं का मिलान नहीं हो सका। निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए। इसके अलावा प्रविष्टियों में तार्किक विसंगतियां पाए जाने पर 45.37 लाख मतदाताओं को भी नोटिस जारी किये गए। गोपालन ने कहा कि दावों और आपत्तियों की सुनवाई के दौरान 44,777 मतदाता अपात्र पाए गए और उनके नाम हटा दिए गए। वहीं, 2.90 लाख मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली SIR: चुनाव आयुक्त संधु, विदेश मंत्री जयशंकर, विदेश सचिव मिसरी, सेबी चीफ और आडवाणी समेत कई अफसरों को EC का नोटिस
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए