हालात

धमकी भरे ईमेल्स से हड़कंप: गुजरात CMO, अहमदाबाद नगर निगम और RSS के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली

अधिकारियों ने बताया कि सरकारी आईडी पर प्राप्त इस ईमेल में दावा किया गया है कि निश्चित समय पर विस्फोट किए जाएंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

‘‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’’ के नाम से कथित तौर पर भेजे गये एक इमेल में गांधीनगर स्थित गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), अहमदाबाद नगर निगम और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद बुधवार को तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सरकारी आईडी पर प्राप्त इस ईमेल में दावा किया गया है कि निश्चित समय पर विस्फोट किए जाएंगे।

Published: undefined

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को अपराह्न 1:11 बजे, अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) मुख्यालय को अपराह्न 3:11 बजे तथा शहर के मणिनगर क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय को शाम 5:11 बजे निशाना बनाने की बात ईमेल में कही गई है।

उन्होंने बताया कि धमकी के बाद दानापीठ स्थित एएमसी मुख्यालय को खाली करा लिया गया, जबकि अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन दल के कर्मियों को घटनास्थलों पर भेजा गया और उन्होंने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

Published: undefined

पुलिस महानिदेशक और अहमदाबाद के प्रभारी पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने कहा कि जांचकर्ता ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं। मलिक ने कहा, ‘‘इस ईमेल को भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया है। गांधीनगर और अहमदाबाद पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही हैं।’’

मुख्य सचिव एमके दास ने धमकी भरा ईमेल मिलने की पुष्टि की और कहा कि अधिकारी सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठा रहे हैं।

दास ने गांधीनगर स्थित स्वर्णिम संकुल-1 के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

Published: undefined

एएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष कमलेश पटेल ने कहा कि ईमेल प्राप्त होने के बाद पुलिस और अग्निशमन दल ने नगर निकाय के मुख्यालय का निरीक्षण किया।

पटेल ने कहा, ‘‘जैसे ही ईमेल प्राप्त हुआ, तुरंत जांच की गई और भवन परिसर को खाली करा लिया गया। यह ईमेल किसने भेजा है, इसकी जांच की जाएगी। ऐसे ईमेल लोगों में दहशत फैलाने के लिए भेजे जाते हैं।’’

अहमदाबाद और गांधीनगर के पुलिस नियंत्रण कक्षों के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थान पर अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined