हालात

छात्रों पर बर्बरता के खिलाफ प्रियंका गांधी का धरना, इंडिया गेट से बोलीं- ये देश की आत्मा पर हमला

जामिया और एमएमयू में छात्रों के साथ हुई बर्बरता के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गई हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं।

फोटोः @INCIndia
फोटोः @INCIndia 

बीती रात जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय और अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी के छात्रों पर पुलिस बर्बरता के खिलाफ महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता इंडिया गेट पर धरने पर बैठे हैं। छात्रों पर पुलिस बर्बरता के खिलाफ यह एक सांकेतिक धरना है। प्रियंका गांधी के साथ इंडिया गेट पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये देश गुंडों की जागीर नहीं है। उन्होंने कहा कि “सरकार ने संविधान को बहुत बड़ा झटका दिया है। यह राष्ट्र की आत्मा पर हमला है, क्योंकि युवा राष्ट्र की आत्मा हैं। विरोध करना छात्रों का अधिकार है।”

Published: 16 Dec 2019, 6:09 PM IST

प्रियंका गांधी ने कहा, “मैं भी एक मां हूं। आपने उनकी लाइब्रेरी में प्रवेश किया, उन्हें खींचकर बाहर निकाला और उनकी बेरहमी से पिटाई की। यह घोर अत्याचार है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस अत्याचार के खिलाफ लड़ेगा और छात्रों के साथ खड़ा होगा।”

Published: 16 Dec 2019, 6:09 PM IST

इंडिया गेट पर प्रियंका गांधी के साथ संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, अहमद पटेल, अंबीका सोनी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बी समेत पार्टी के कई बड़े नेता भी धरने पर बैठे हैं। इस बीच इंडिया गेट पर लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आसपास के तीन मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो ने एक बयान जारी कर बताया है कि लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन मेट्रो की एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। इनमें पटेल चौक और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो का ठहराव नहीं होगा।

Published: 16 Dec 2019, 6:09 PM IST

इससे पहले धरने की जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय और एमएमयू के छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रियंका गांधी दो घंटे के लिए इंडिया गेट पर धरने पर बैठेंगी। इसके अलावा प्रियंका गांधी का यह धरना महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर भी है। बीती रात जामिया में पुलिस कार्रवाई में कई छात्राएं भी घायल हुई हैं, जिनका आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उनपर बर्बरतापूर्वक हमला किया और इस दौरान उनके साथ काफी बदसलूकी भी की।

Published: 16 Dec 2019, 6:09 PM IST

गौरतलब है कि रविवार को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जामिया इलाके में प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के बाद पुलिस ने जामिया विश्वविद्यालय के अंदर घुसकर लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्रों-छात्राओं को बर्बरतापूर्वक पीटा। पुलिस की इस बेरहमी में कई छात्र और छात्राएं घायल हुए हैं। इस दौरान पुलिस ने लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे कई छात्रों को हिरासत में भी लिया था। लेकिन देर रात जेएनयू छात्र संघ, सिविल सोसायटी और कांग्रेस नेताओं द्वारा दिल्ली पुलिस मुख्यालय के घेराव के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।

Published: 16 Dec 2019, 6:09 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 16 Dec 2019, 6:09 PM IST