हालात

पंजाब: बीजेपी-अकाली फिर आए साथ, अकाली खोई जमीन हासिल करने को बेचैन, बीजेपी को लगता है जड़ें जमाने का मौका

पंजाब में फिलहाल तो दोनों पार्टियों का कोई खास वजूद नहीं है। 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में इनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। 2027 में अपनी अहमियत बनाए रखने के लिए इन्हें एक-दूसरे की जरूरत है, हालांकि इनका असली मकसद सत्ता हासिल करना है।

फोटो : आईएएनएस
फोटो : आईएएनएस 

  • विवादित कृषि कानूनों के मुद्दे पर एनडीए से अलग होने के 6 साल बाद शिरोमणि अकाली दल ने घर वापसी करते हुए पंजाब में बीजेपी से हाथ मिलाया

  • पिछले विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 117 में से सिर्फ तीन और बीजेपी ने सिर्फ दो सीटें जीती थीं।

  • 2024 के लोकसभा चुनावों में दोनों दलों ने मिलकर सिर्फ एक सीट जीती थी

  • हाल के महीनों में बीजेपी ने पंजाब में अकाली दल, आप और कांग्रेस के कई नेताओं को अपने पाले में लिया है

बिहार और बंगाल में चुनावी जीत के बाद बीजेपी की नजर अब पंजाब पर है। पंजाब ऐसा अकेला बड़ा राज्य बचा है जहां अभी तक बीजेपी की दाल नहीं गली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर 2021 को तीन विवादित कृषि कानूनों को रद्द करने का  ऐलान किया था। लेकिन इससे पहले ही अकाली दल 2020 में एनडीए से नाता तोड़ बीजेपी से अलग हो चुका था।

अब 6 साल बाद 24 नवंबर 2026 को बीजेपी और अकाली दल ने ऐलान किया है कि दोनों दल एक बार फिर चुनावी गठबंधन में आ रहे हैं। इस बात की घोषणा दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में की गई, और इसके लिए गुरु नानक देवी जी के प्रकाश पर्व के अवसर को चुना गया।

दोनों ही पार्टिया नवंबर 1996 से एक दूसरे के साथ गठबंधन में रही थीं, जो 2020 में टूट गया था। पंजाब में बीजेपी हमेशा से अकाली दल की जूनियर पार्टनर के तौर पर शामिल रही और 117 सीटों वाली विधानसभा में उसके हिस्से सिर्फ 23 सीटें ही चुनाव लड़ने के लिए मिली थीं। बाकी 94 सीटों पर अकाली दल ने चुनाव लड़ा था। 1997, 2007 और 2012 में दोनों पार्टियों ने मिलकर पंजाब में सरकार बनाई थी।

हालांकि अभी दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे की जानकारी साझा नहीं की गई है, और न ही मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान किया गया है।

बता दें कि इसी तरह 2018 में चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी ने भी एनडीए से नाता तोड़ लिया था, लेकिन 2024 में टीडीपी ने फिर से एनडीए में वापसी की। ऐसे ही महाराष्ट्र में शिवसेना एक सीनियर पार्टनर के तौर पर बीजेपी की साझीदार रही लेकिन वह गठबंधन भी वादाखिलाफी के चलते टूट गया। तथ्य हैं कि बीजेपी का साथ भले किसी भी क्षेत्रीय दल के लिए सुहावना सा लगता हो, लेकिन सहयोगी दलों ने हमेशा इस गठबंधन में घुटन ही महसूस की है। 1996 में बीजेपी को पंजाब में पांव जमाने के लिए अकाली दल की जरूरत थी, जबकि अकाली दल को पंजाब में खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए बीजेपी की। और गठबंधन की असली बात यही है।

कभी पंजाब विधानसभा में 75 सीट के साथ राज करने वाला अकाली दल 2917 में महज 15 सीटों पर सिमट गया था और 2022 में तो उसके हिस्से सिर्फ 3 ही सीटें आई थीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में तो उसके हिस्से सिर्फ भटिंडा सीट ही आई थी और उसे 13.42 फीसदी वोट मिले थे। इस सबके बाद अकाली दल से निकले कई नेताओं को बीजेपी ने अपने यहां जगह दी। इनमें मनजिंदर सिंह सिरसा, अमरपाल बोनी, रविकरन कहलों आदि के नाम प्रमुख हैं। 2022 में सिर्फ 6.6 फीसदी वोट हासिल करने वाली बीजेपी का वोट शेयर 2024 लोकसभा चुनाव में बढ़कर 18.56 फीसदी हो गया था। इसके अलावा उसने कम से कम 23 विधानसभा क्षेत्रों में अच्छी बढ़त बनाई थी। 2024 में बीजेपी और अकाली दल ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था और उनके हिस्से सिर्फ एक सीटआई थी। दोनों का संयुक्त वोट शेयर 32 फीसदी था।

तब से हुए उपचुनावों और स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे भी कुछ ऐसे ही रहे हैं। नवंबर 2025 में 'पंथिक' गढ़ माने जाने वाले तरनतारन में हुए उपचुनाव में, आम आदमी पार्टी को 42,649 वोट, अकाली दल को 30,558 वोट मिले, जबकि बीजेपी को केवल 6,239 वोट मिले और उसकी जमानत जब्त हो गई। इसके एक महीने बाद हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में, आप ने 1,531 समिति क्षेत्रों में जीत हासिल की, कांग्रेस ने 612, अकाली दल ने 445 और BJP ने केवल 73 सीटों पर जीत दर्ज की।

सीमित सामाजिक आधार, विश्वसनीय नेतृत्व की कमी और कमजोर संगठनात्मक ढांचे के कारण, बीजेपी गांवों में अपनी जड़ें जमाने में नाकाम रही है। दूसरी तरफ, अकाली दल शहरों से लगभग गायब हो गया है, जहां हिंदू मतदाता बीजेपी, कांग्रेस और आप को पसंद करता है।

इन हालात में अकाली दल के लिए 94 और बीजेपी के लिए 23 सीटों वाला पुराना फॉर्मूला अब खत्म हो चुका है। ऐसी खबरें हैं कि बीजेपी 40 से 55 सीटों की मांग कर रही है। पार्टी का तर्क है कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन होने के कारण, उसे लगभग बराबर सीटें मिलनी चाहिए। इस बीच रिपोर्ट्स बताती है कि बीजेपी कार्यकर्ता हतोत्साहित हैं और पार्टी के पुराने नेताओं को डर है कि उन्हें किनारे कर दिया जाएगा। सिख युवा अकाली दल (बादल) से बिल्कुल भी नहीं जुड़ पा रहे हैं। सुखबीर का 'वाइब पंजाब दी' (Vibe Punjab Di) कैंपेन, जो नई पीढ़ी (Gen Z) को लुभाने के लिए है, भले ही ट्रेंडी लगे, लेकिन जिस पीढ़ी के सामने 22.3 प्रतिशत युवा बेरोजगारी (राष्ट्रीय स्तर पर 15.9 प्रतिशत के मुकाबले) की समस्या है, उसे 'वाइब्स' नहीं, बल्कि नौकरियां चाहिए।

नीट पेपर लीक को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (Gen Z का आंदोलन), केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, और विपक्ष द्वारा 'वोट चोरी' को लेकर चलाए जा रहे लगातार अभियान ने बीजेपी को पहले ही काफी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा पंजाब में, बीजेपी पर अभी भी किसान-विरोधी और सिख-विरोधी होने का ठप्पा लगा हुआ है।

1996 में बीजेपी को अकाली दल की ज़रूरत थी। आज अकाली दल, जो अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रहा है, गठबंधन के लिए ज़्यादा बेताब है और बीजेपी यह बात अच्छी तरह जानती है। 19 नवंबर को, जब दोनों पक्ष गठबंधन को अंतिम रूप दे रहे थे, उसी समय बीजेपी ने अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरिंदर सिंह चौहान, प्रदेश सचिव जसविंदर कौर सोहल और कई युवा अकाली नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। ठीक 18 महीने पहले, तलवंडी साबो में, सुखबीर बादल ने बीजेपी पर आरोप लगाया था कि वह जत्थेदारों के साथ मिलकर उनकी पार्टी को कमज़ोर करने की साज़िश रच रही है।

(हरजेश्वर पाल सिंह चंडीगढ़ के एसजीजीएस कॉलेज में इतिहास पढ़ाते हैं। वे 'पंजाब थिंक्स' पत्रिका का संपादन भी करते हैं।)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए