हालात

पंजाब चुनावः बीजेपी-अकाली गठबंधन पर सचिन पायलट का वार- क्या ड्रग्स और काले कृषि कानूनों का मुद्दा खत्म हो गया?

पायलट ने कहा कि सवाल उठता है कि किन बातों से दोनों का गठबंधन टूटा था और अब ऐसा कौन सा बदलाव हुआ कि ये फिर से गठबंधन करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक पहले मजबूरन एक-दूसरे का दामन थाम रहे हैं, क्योंकि दोनों ही पंजाब में अपनी जमीन तलाश रहे हैं।

पंजाब चुनावः बीजेपी-अकाली गठबंधन पर सचिन पायलट का वार- क्या ड्रग्स और काले कृषि कानूनों का मुद्दा खत्म हो गया?
पंजाब चुनावः बीजेपी-अकाली गठबंधन पर सचिन पायलट का वार- क्या ड्रग्स और काले कृषि कानूनों का मुद्दा खत्म हो गया? फोटोः IANS

सचिन पायलट ने पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के साथ आने पर हमला बोला

पायलट ने कहा कि जिन कारणों से गठबंधन टूटा था, क्या वे कारण अब खत्म हो गए

दोनों पार्टियां अब चुनाव से ठीक पहले मजबूरी में एक-दूसरे का दामन थाम रही हैं

दोनों पार्टियां अस्तित्व के लिए पंजाब में अपनी जमीन तलाश रही हैं

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के फिर से एक साथ आने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोनों दलों पर तीखा हमला बोला। पायलट ने कहा कि जिन कारणों से दोनों का गठबंधन टूटा था, क्या वे कारण अब खत्म हो गए हैं? साढ़े पांच साल तक एक-दूसरे पर ड्रग्स और तीन काले कानूनों को लेकर हमला बोलने वाली दोनों पार्टियां अब चुनाव से ठीक पहले मजबूरी में एक-दूसरे का दामन थाम रही हैं, क्योंकि पंजाब में दोनों अपनी जमीन तलाश रही हैं।

किस मजबूरी में साथ आ रहे बीजेपी-अकाली

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "बीजेपी हारने जा रही है। अभी राजस्थान में जो पंचायत चुनाव हुए हैं, वहां लोगों ने एकतरफा वोट डाला है। एकतरफा वोट कांग्रेस को मिला है, इसलिए बीजेपी का जाना तय है। मजबूरी में यह उनकी एक तरह की बेताब कोशिश है। अब वे अपने गठबंधन सहयोगी ढूंढ रहे हैं।"

बीजेपी-अकाली दल गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि जिस अकाली दल को उन्होंने गठबंधन तोड़ते समय क्या-क्या नहीं कहा और जब किसानों के खिलाफ तीन काले कानून बनाए गए थे तो इसी अकाली दल ने भी बीजेपी को क्या-क्या नहीं कहा था। आज ऐसी क्या मजबूरी है कि दोनों फिर वापस एक होने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि जनता के सामने जाकर चुनाव लड़ सकें। पंजाब की जनता जानती है कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार को जाना है, तो उसके विकल्प में अगर कोई दल है, जो पंजाब में अपने दम पर मजबूती से खड़ा है, तो वह कांग्रेस है।

दोनों ही पार्टी पंजाब में अपनी जमीन तलाश रही हैं

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब इनका आपस में समझौता खत्म हुआ तो बीजेपी ने कई सारी बातें बोलीं। जिन कारणों से दोनों पार्टी का गठबंधन टूटा, क्या वो सारे कारण अब खत्म हो गए। मीडिया में खबर आ रही है कि बीजेपी और अकाली दल गठबंधन करने जा रहे हैं। ऐसे में सवाल ये उठता है कि किन बातों से ये गठबंधन टूटा था और अब ऐसा कौन सा बदलाव हुआ कि ये फिर से गठबंधन करने जा रहे हैं।

सचिन पायलट ने कहा कि दोनों ही पार्टी पंजाब में अपनी जमीन तलाश रही हैं। चुनाव से ठीक पहले मजबूरन एक-दूसरे का दामन थाम रहे हैं। जनता समझती है कि आप साढे़ पांच साल तो अलग-अलग रहे और क्या-क्या बातें बोलीं, ड्रग्स को लेकर, तीन काले कानून बने, उसको लेकर। दोनों पार्टी को जवाब देना चाहिए कि वो किन कारणों से आज साथ आ रहे हैं।

बीजेपी के डबल इंजन फेल हो चुके हैं

सचिन पायलट ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने 4 नवंबर को संगरूर में घोषणा की थी कि पंजाब के लोगों को इंसाफ चाहिए। इंसाफ की मांग को लेकर हमारे तमाम नेता लगातार यात्राएं, रैलियां और कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। चाहे वह बस यात्रा हो, साइकिल यात्रा हो या पदयात्रा, पंजाब के लोगों को इंसाफ दिलाना हमारी पार्टी का संकल्प है।

पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश के बाद सभी लोग इस अभियान में पूरी तरह लगे हुए हैं। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि दो दिन पहले राजस्थान के लोगों ने भी अपनी राय दे दी है कि अब चिंतन करो। घमंड और अहंकार से काम नहीं चलेगा। बीजेपी के डबल इंजन फेल हो चुके हैं। हम लोग बहुमत के साथ पंजाब में सरकार बनाएंगे।