हालात

यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल! न्याय के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे योगी सरकार के मंत्री

संजय निषाद ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मामले में कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की मांग की।

यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल! न्याय के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे योगी सरकार के मंत्री
यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल! न्याय के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे योगी सरकार के मंत्री फोटो: सोशल मीडिया

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के नेता और मंत्री भी सवाल खड़े कर रहे हैं। इसी बीच यूपी के गोंडा में बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने किंग जार्ज मेडिकल कालेज के पोस्टमार्टम हाउस में धरना दिया। उसके बाद संजय निषाद ने शुक्रवार को गोंडा में भी सैकड़ों लोगों के साथ धरना दिया।

मंत्री ने आरोप लगाया कि उनकी भी नहीं सुनी जा रही। मंत्री निषाद शुक्रवार को गोंडा पहुंचे तो सर्किट हाउस के चारों तरफ पुलिस तैनात कर दी गई। मंत्री ने इस पर आपत्ति भी की। 

लखनऊ में योगी के मंत्री का धरना

विनोद साहनी की हत्या के विरोध में लखनऊ स्थित KGMU की मर्चुरी के बाहर निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, समाजवादी पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजपाल कश्यप और वीआईपी पार्टी के मुकेश साहनी धरने पर बैठ गए।

अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े ये तीनों नेता एक साथ धरने पर बैठे नजर आए। नेताओं ने मामले में सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

मंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा कोई आपत्तिजनक या गलत बात लिखे जाने पर लोकतांत्रिक और कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। किसी लिखे हुए बयान के कारण हत्या होना गलत है और मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

संजय निषाद ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मामले में कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से कार्रवाई शुरू हो चुकी है और कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। साथ ही उन्होंने उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की, जिन पर लापरवाही या भूमिका के आरोप हैं।

परिवार के लिए आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी की मांग

संजय निषाद ने विनोद साहनी को निषाद पार्टी का संस्थापक सदस्य, प्रचारक और विचारक बताते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि साहनी समाज और पार्टी के मुद्दों को मजबूती से उठाते थे और गलत को गलत कहने में कभी संकोच नहीं करते थे। विनोद साहनी का एक प्रमुख सपना निषाद समाज को संवैधानिक सुरक्षा दिलाना था। उनके अधूरे सपनों को निषाद पार्टी आगे बढ़ाएगी।

मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी सुविधाएं और आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद आश्रित को सरकारी नौकरी मिलना उसका हक है। निषाद ने कहा कि मेरे लिए समाज पहले है और मंत्री पद बाद में। जहां भी निषाद समाज के लोगों के साथ अन्याय होगा, वह सड़क से सदन तक उनकी आवाज उठाते रहेंगे।

क्या है पूरा मामला

मामला गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर धनोवा इलाके का है। 45 वर्षीय विनोद कुमार साहनी बर्तन की दुकान चलाते थे। बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि पहले विनोद के साथ मारपीट की गई और इसके बाद धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया गया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

परसपुर CHC में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने विनोद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ भेज दिया था।

विनोद को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में भर्ती कराया गया था। यहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए