
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एयरपोर्ट पर रेडियो एक्टिव एलिमेंट के लीक होने की खबर सामने आई है। लखनऊ में सरोजनीनगर एयरपोर्ट के कार्गो डिपार्टमेंट में गैस के रिसाव से एयरपोर्ट पर भगदड़ जैसा माहौल हो गया। आनन-फानन में मौके से लोगों को बाहर निकाला गया।
खबर है कि एयरपोर्ट के दो कर्मचारी बेहोश हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस फोर्स और दमकलकर्मी वहां पहुंच चुके हैं। NDRF और SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। सभी लोगों को एयरपोर्ट के कार्गो एरिया से दूर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के अंदर 1.5 किलोमीटर का इलाका खाली करवाया जा रहा है। खबरों के मुताबिक अमौसी एयरपोर्ट से गुवाहाटी जाने वाली उड़ान से कैंसररोधी दवाओं के कंटेनर को भेजा जाना था। एयरपोर्ट के डोमेस्टिक कार्गो टर्मिनल वाली साइड में कंटेनर की स्कैनिंग हो रही थी। इसी बीच मशीन ने बीप किया। जिससे कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने कंटेनर को खोला जिसमें कैंसर रोधी दवाएं थीं। इन दवाओं में रेडियो एक्टिव एलिमेंट का इस्तेमाल किया जाता है। कंटेनर लीक कर रहा था जिससे निकलने वाली गैस से कर्मियों के बेहोश होने की बात सामने आई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए