हालात

राहुल गांधी ने की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत, 5 महीने तक पैदल चलेगा देश जोड़ने का अभियान

यात्रा की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा का मकसद सांप्रदायिकता के खिलाफ और धर्मनिरपेक्ष भावना के लिए देश के लोगों को जोड़ना, करोड़ों भारतीयों की आवाज को बुलंद करना, देश में मौजूदा समस्याओं के बारे में सीधे जनता से संवाद स्थापित करना है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की औपचारिक शुरूआत हो गई है। राहुल गांधी ने तिरंगा हाथ में लेकर इस यात्रा का आगाज किया। 5 महीने तक चलने वाली यह यात्रा 3570 किलोमीटर के सफर में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए कश्मीर पहुंचेगी। यात्रा की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश आज मुश्किल दौर से गुजर रहा है। आज सबको जोड़ने की जरूरत है। इस यात्रा का मकसद सांप्रदायिकता के खिलाफ और धर्मनिरपेक्ष भावना के लिए देश के लोगों को जोड़ना, करोड़ों भारतीयों की आवाज को बुलंद करना, देश में मौजूदा समस्याओं के बारे में सीधे जनता से संवाद स्थापित करना है।

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यात्रा के मकसद के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को भारत के लोगों की आवाज़ को सुनने के लिए डिजाइन किया गया है। हम आरएसएस और बीजेपी की तरह भारत के लोगों की आवाज़ को दबाना नहीं चाहते, हम भारत के लोगों को सुनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारी हर संस्था पर बीजेपी और आरएसएस के हमले हो रहे हैं। उन्हें लगता है कि तिरंगा उनकी निजी संपत्ति है और वे अकेले ही इस देश और सभी राज्यों के लोगों का भविष्य निर्धारित कर सकते हैं। भारत अपने लोगों पर एक विचार थोपने का नाम नहीं है। हर एक व्यक्ति का इतिहास, भाषा और संस्कृति है भारत।

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

राहुल गांधी ने कहा कि देश में ऐसा क्या हो रहा है कि इतने सारे लोग, लाखों-करोड़ों लोग महसूस करते हैं कि भारत को एक साथ लाने के लिए कार्रवाई करने की आवश्यकता है? आज भारत अपने सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। बेरोजगारी का उच्चतम स्तर जो हमने कभी नहीं देखा है। दुर्भाग्य से, मीडिया के हमारे दोस्त पूरी तरह से नियंत्रित हैं। इसे हर कोई समझता है लेकिन टेलीविजन पर आप कभी बेरोजगारी या महंगाई नहीं देखेंगे। आप केवल प्रधानमंत्री की छवि देखेंगे। बीजेपी सरकार ने इस देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व मध्यम व्यवसायों पर व्यवस्थित हमला किया है। मुट्ठी भर बड़े कारोबारी आज पूरे देश को नियंत्रित करते हैं। हर एक उद्योग को मुट्ठी भर उद्योगपतियों द्वारा नियंत्रित किया जाता है।

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी सेहत की वजह से यात्रा में शामिल नहीं हो सकीं। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत पर मौजूद नहीं रहने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने खेद जताते हुए एक पत्र के जरिये अपना संदेश भेजा, जिसे सभा में पढ़ा गया। सोनिया गांधी ने कहा कि मेडिकल चेकअप के कारण मैं ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाई, इसके लिए मुझे खेद है। कांग्रेस के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है। यह भारतीय राजनीति में एक परिवर्तनकारी क्षण भी है। उन्होंने कहा कि मैं हर दिन भारत जोड़ो यात्रा में विचार और भावना से भाग लूंगी। मैं निश्चित रूप से इसे लाइव देखूंगी। तो आइए हम अपने संकल्प में एकजुट और दृढ़ रहें। जय हिन्द।

इसे भी पढ़ेंः सोनिया गांधी का संदेश- भावना से हर दिन रहूंगी भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा, भारतीय राजनीति में यह एक परिवर्तनकारी क्षण

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि 7 सितंबर 2022 एक ऐसा दिन जब देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगी। आज का दिन एक शांत चिंतन और नए सिरे से संकल्प का दिन है। भारतीय राजनीति में यह एक टर्निंग पॉइंट है। एक नई शुरुआत का प्रतीक है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत की एकता के लिए लड़ने का संकल्प लिया है। भारत जोड़ो यात्रा आज कन्याकुमारी से शुरू होगी। देश को एकजुट करने और शांति और सद्भाव का संदेश फैलाने के लिए 12 राज्यों में 3,570 किमी मार्च किया जाएगा। आइए हाथ मिलाएं और एक साथ मार्च करें।

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत से पहले कन्याकुमारी पहुंचे राहुल गांधी सुबह 7 बजे तमिलनाडु के श्रीपेरुमबुदुर शहर में अपने पिता राजीव गांधी के शहीद स्मारक पर गए और प्रार्थना सभा में शामिल हुए। यहीं राजीव गांधी की हत्या हुई थी। यहां राहुल गांधी ने कहा, नफरत और बंटवारे की राजनीति में मैंने अपने पिता को खो दिया। मैं अपने प्यारे देश को इसमें नहीं खोऊंगा। प्यार नफरत को जीत लेगा। आशा डर को हरा देगी। हम सब मिलकर मात देंगे।

इसे भी पढ़ेंः भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी का भावुक संदेश, 'नफरत-बंटवारे की राजनीति में मैंने पिता को खो दिया, देश को नहीं खोऊंगा'

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

आज से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के लिए 119 नेताओं के नामों की सूची तैयार की गई है, जो शुरू से लेकर अंत तक पदयात्रा करेंगे। इस अस्थायी सूची में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा और पंजाब के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का भी नाम है। लिस्ट में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव चंद्र यादव और उत्तराखंड कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के अलावा कई महिला कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं।

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 07 Sep 2022, 7:55 PM IST