हालात

राहुल गांधी दिल्ली की झुग्गी पहुंचे, बोले- ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, उनसे यह करवाने वाले ‘सिस्टम’ का भी हिसाब होगा

राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह एसआईआर नहीं, यह वोट चोरी का तरीका है। जिनके पास पहले ही सबसे कम है, उनसे उनकी इकलौती ताकत छीनी जा रही है।

राहुल गांधी दिल्ली की झुग्गी पहुंचे, बोले- ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, उनसे यह करवाने वाले ‘सिस्टम’ का भी हिसाब होगा
राहुल गांधी दिल्ली की झुग्गी पहुंचे, बोले- ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, उनसे यह करवाने वाले ‘सिस्टम’ का भी हिसाब होगा फोटोः @INCIndia

राहुल गांधी ने दिल्ली की झुग्गी बस्ती का दौरा किया

एसआईआर में झुग्गी के 728 में से 727 लोगों के नाम कटे

राहुल गांधी ने आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा

ज्ञानेश कुमार को जाना पड़ेगा, पर सिस्टम का भी हिसाब होगा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं को लेकर सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि ज्ञानेश कुमार को तो जाना ही पड़ेगा, लेकिन उस ‘‘सिस्टम’’ का भी हिसाब होगा, जिसने उनसे यह सब करवाया है।

राहुल गांधी ने दिल्ली की झुग्गी ‘बेला एस्टेट’ का दौरा किया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के यमुना किनारे स्थित झुग्गी बस्ती ‘बेला एस्टेट’ में जाकर कई ऐसे लोगों से मुलाकात की जिनके नाम एसआईआर के दौरान मसौदा मतदता सूची से हटा दिए गए थे। उन्होंने कहा कि इस इलाके में रहने वाले 728 वयस्क लोगों में से 727 लोगों के नाम काट दिए गए। उन्होंने लोगों से मुलाकात का एक वीडियो भी ‘एक्स’ पर साझा किया, जिसमें वह क्षेत्र के एसडीएम से फोन पर बात करते भी नजर आ रहे हैं।

बेला एस्टेट के 728 में से 727 लोगों के नाम कटे

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘यमुना किनारे बेला एस्टेट में 728 लोग रहते हैं। एसआईआर के बाद (मसौदा) मतदाता सूची में सिर्फ़ एक नाम बचा- बाकी 727 नाम काट दिए गए।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘ये लोग दशकों से वहां रह रहे हैं और उन्होंने 2024 के लोकसभा और 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में मतदान किया था। वर्ष 2023 में उनके घर तोड़ दिए गए थे, लेकिन वे वहां से गए नहीं और अब भी उसी इलाके में रह रहे हैं।’’

इसे भी पढ़ेंः एसआईआर प्रक्रिया धीरे-धीरे एक धोखाधड़ी के रूप में उजागर हो रही है, चुनाव आयोग पूरी तरह दोषीः पी चिदंबरम

ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे, पर सिस्टम का भी हिसाब होगा

नेता विपक्ष ने पोस्ट में कहा, ‘‘एसडीएम से फोन पर मैंने यही कहा- मकान होने या न होने का वोट के अधिकार से कोई रिश्ता नहीं है। खुद सीईसी ज्ञानेश कुमार कह चुके हैं कि "हाउस नंबर 0" बेघरों के लिए है। फिर भी 727 लोगों के नाम काट दिए गए।’’

राहुल गांधी फोन पर इलाके के एसडीएम से झुग्गी के 727 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने का कारण पूछते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर से बार-बार गोलमोल जवाब देने पर उन्होंने कहा कि वह बाद में उनसे दूसरे माध्यम से इस मुद्दे पर बात करेंगे।

इसे भी पढ़ेंः मायावती ने ईवीएम पर उठाए सवाल, बीजेपी पर धांधली करके नगीना से चंद्रशेखर को जितवाने का लगाया आरोप

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘यह एसआईआर नहीं, यह वोट चोरी का तरीक़ा है। जिनके पास पहले ही सबसे कम है, उनसे उनकी इकलौती ताकत छीनी जा रही है।’’ उन्होंने अंत में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे। पर जिस सिस्टम ने उनसे यह करवाया, उसका हिसाब भी होगा।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए