हालात

दिल्ली-NCR में अगले 3 दिन बारिश, मॉनसून की विदाई के बीच मौसम में बदलाव, जानें आगे का हाल

दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 4 सितंबर तक बारिश के बाद 5 से 7 सितंबर के बीच मौसम साफ रहने की संभावना है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

मॉनसून की विदाई के बीच दिल्ली-NCR में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार शाम हुई अचानक बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। ज्यादातर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 100 से नीचे रहा, जिससे फिलहाल दिल्ली-NCR की हवा संतोषजनक श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में किसी गंभीर मौसम चेतावनी की बात नहीं कही है।

2 से 4 सितंबर तक ऐसा रहेगा मौसम

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2 सितंबर को दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। इस दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान है। 3 सितंबर को तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और अधिकतम 33 डिग्री तथा न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहेगा। इस दिन सामान्य बादलों के बीच हल्की बारिश हो सकती है। 4 सितंबर को तापमान में मामूली गिरावट के साथ अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है।

इसके बाद 5 से 7 सितंबर के बीच मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। इन दिनों आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दिनों में भी किसी गंभीर चेतावनी का पूर्वानुमान नहीं दिया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह बारिश मानसून की विदाई के अंतिम दौर का हिस्सा है और इससे गर्मी तथा उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

बारिश के बाद दिल्ली-NCR की हवा में सुधार

मंगलवार शाम एनसीआर के कई हिस्सों में अचानक हुई बारिश के बाद प्रदूषण के कण धुल गए और हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। दिल्ली के आया नगर में AQI 62, DPCC चांदनी चौक में 96, अशोक विहार में 111, बवाना में 81, बुराड़ी क्रॉसिंग में 106 और कैंटोनमेंट एरिया में 48 दर्ज किया गया। कैंटोनमेंट एरिया का AQI इन स्टेशनों में सबसे कम रहा।

दिल्ली के ITM CRRI मथुरा रोड पर AQI 98, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज पर 87 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर 83 रहा। नोएडा में सेक्टर-116 का AQI 124, सेक्टर-125 का 94, सेक्टर-62 का 85 और सेक्टर-1 का 98 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के वसुंधरा में 107, लोनी में 87, वेद विहार-लोनी में 94, इंदिरापुरम में 58, संजय नगर में 52 और गोविंदपुरम में 46 AQI दर्ज हुआ।

दिल्ली-NCR के अधिकांश स्टेशनों पर AQI 100 से नीचे रहने से हवा संतोषजनक श्रेणी में बनी हुई है। बारिश से हवा में मौजूद प्रदूषण के कण कम होने से वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों की बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। संतोषजनक AQI के चलते सांस संबंधी मरीजों को भी फिलहाल राहत मिलने की बात कही गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए