हालात

महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई-पुणे में भूस्खलन, कई लोग मलबे में फंसे, सड़क-रेल यातायात ठप

महाराष्ट्र में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, जलभराव और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे ज्यादा असर मुंबई, पुणे, रायगढ़, ठाणे और लोनावला क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, जलभराव और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पुणे के पाटन गांव में भूस्खलन, घर मलबे में दबा

सोमवार सुबह पुणे जिले के पाटन के एक छोटे और सुदूर गांव में भारी बारिश के बीच भूस्खलन हो गया। हादसे में एक मकान मलबे में दब गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर में रहने वाला पूरा परिवार मलबे के नीचे फंसा हो सकता है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जिला सूचना कार्यालय के मुताबिक अभी तक किसी भी व्यक्ति की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Published: undefined

एनडीआरएफ की टीम बचाव अभियान में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुणे स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को मौके पर भेजा गया है। कई सदस्यीय टीम, जिसमें अधिकारी और प्रशिक्षित जवान शामिल हैं, मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटी हुई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर दो जगह भूस्खलन, कई ट्रेनें रद्द

लगातार बारिश के कारण करजत-लोनावला के बीच भोेर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे मध्य रेलवे की तीनों रेल लाइनें प्रभावित हो गईं। इसके चलते मुंबई और पुणे के बीच रेल सेवाएं बुरी तरह बाधित हो गई हैं। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द किया है, कई का मार्ग बदला गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की अपील की गई है।

Published: undefined

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना हाईवे बंद

भारी बारिश और पहाड़ियों से मलबा गिरने के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। सड़क साफ करने और यातायात बहाल करने का काम लगातार जारी है।

कई जिलों में जलभराव, स्कूल-कॉलेज बंद

लगातार बारिश के चलते मुंबई, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई और रायगढ़ सहित कई जिलों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। कई निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रखने और कुछ विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया गया है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक कई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही यात्रियों को सड़क और रेल यात्रा से पहले आधिकारिक अपडेट जरूर देखने की सलाह दी गई है। बचाव एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined