
राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को भीषण आग लग गई, जिससे राज्य से दिल्ली तक हड़कंप मच गया। दरअसल एक दिन बाद 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार आग रिफाइनरी के 'क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट' में लगी। अधिकारियों ने कहा कि रिफाइनरी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई लेकिन किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। दमकल की गाड़ियों ने करीब दो घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभी और जानकारी का इंतजार है एवं नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Published: undefined
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस रिफाइनरी का लोकार्पण कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है और नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आग रिफाइनरी की कच्चे तेल की डिस्टिलेशन इकाई के पास लगी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, आपातकालीन टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ घंटे में स्थिति पर काबू पा लिया। इस घटना के चलते राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सोमवार का प्रस्तावित रिफाइनरी दौरा भी रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Published: undefined
इस बीच, विपक्षी दल कांग्रेस ने इस घटना को 'सुरक्षा में चूक' का संकेत बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी की सुरक्षा की कामना की। अशोक गहलोत ने घटना को “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और कहा, “पचपदरा रिफाइनरी सभी राजस्थानवासियों के लिए गर्व का विषय है। इस समय पर ऐसी घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं सभी की सुरक्षा की कामना करता हूं।”
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को 'गंभीर और चिंताजनक' बताते हुए कार्यक्रम से पहले राज्य सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजन की जल्दबाजी में सुरक्षा मानकों से समझौता किया गया और परियोजना के क्रियान्वयन में देरी भी हुई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
Published: undefined
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को इस रिफाइनरी का लोकार्पण करने वाले थे। उनका बालोतरा के पचपदरा में स्थित भारत के पहले नए एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोरसायन परिसर राष्ट्र को समर्पित करने का कार्यक्रम था। एक आधिकारिक बयान में कहा गया था कि 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली यह परियोजना देश के ऊर्जा और पेट्रोरसायन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित की गई है। इसकी सालाना क्षमता 90 लाख टन होगी।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined