हालात

राजस्थान मौसम अपडेट: प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में 10 और 11 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। सात जिलों में ऑरेंज और 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

राजस्थान में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है और अगले दो दिनों में दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का जोर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त को कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर 13 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।

रविवार को हुई बारिश का असर भी कई इलाकों में दिखाई दिया। जयपुर का कानोता बांध ओवरफ्लो हो गया, जबकि बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सड़कें पानी से भर गईं। कई गलियों में बारिश का पानी नदियों की तरह बहता नजर आया। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भी भारी बारिश हुई। बारां के शाहबाद में करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई।

दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में सबसे ज्यादा असर

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से सटे इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही मॉनसून ट्रफ भी उत्तर से दक्षिण की ओर खिसककर अपनी सामान्य स्थिति में लौट आया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून ट्रफ इस समय बीकानेर, ग्वालियर, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पुरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से 10 और 11 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की भी संभावना है।

कई जिलों में जलभराव, तापमान में भी बदलाव

बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। रविवार को नागौर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, झुंझुनू, अलवर और चूरू सहित कुछ जिलों में तापमान बढ़ा। पूरे राजस्थान में रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि बाड़मेर में राज्य का सबसे अधिक तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का दौर 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना है, जबकि पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में 15 अगस्त से कमी आने का अनुमान है। यानी अगले दो दिन दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के लिए सबसे अहम रहने वाले हैं, जहां भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए