हालात

कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के चुनाव में फिर रूडी का दबदबा, संजीव बालियान को हराया, शाह-नड्डा, सोनिया ने पहली बार डाले वोट

चुनाव नतीजों में राजीव प्रताप रूडी को 391 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी को 291 वोट हासिल हुए। जीत के बाद रूडी ने कहा- मैं 100 से अधिक वोटों से जीता हूं। अगर इसे 1000 मतदाताओं से गुणा करें तो यह 1 लाख के बराबर है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद के लिए हुए हाई-प्रोफाइल चुनाव में एक बार फिर BJP सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बाजी मार ली। उन्होंने अपनी ही पार्टी के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को हराकर इस पद पर करीब ढाई दशक से जारी अपना वर्चस्व कायम रखा। यह चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक रहा।

पहली बार बड़े पैमाने पर डाक मत का इस्तेमाल हुआ और मतदान में BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित अनेक बड़ी सियासी हस्तियों ने भाग लिया। क्लब के अन्य पदों पर चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी- खेल सचिव के पद पर राजीव शुक्ला, संस्कृति सचिव के पद पर तिरुचि शिवा और कोषाध्यक्ष के पद पर जितेंद्र रेड्डी निर्विरोध चुने गए।

रूडी के सामने चुनौती तब बनी जब उनकी ही पार्टी के संजीव बालियान ने नामांकन किया। इसके बाद दोनों पक्षों में पार्टी लाइन से परे जाकर खेमेबंदी हुई और मुकाबला बेहद रोचक बन गया। चुनाव 13 अगस्त की सुबह 4 बजे संपन्न हुए। कुल 1295 मतदाताओं में से 707 ने वोट डाले, जो लगभग 52% मतदान रहा। इनमें से 38 मत डाक से और 669 मत स्थल पर डाले गए। मतदान करने वालों में मौजूदा और पूर्व सांसदों की बड़ी संख्या मौजूद थी।

चुनाव नतीजों में रूडी को 391 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी को 291 वोट हासिल हुए। जीत के बाद रूडी ने कहा- मैं 100 से अधिक वोटों से जीता हूं। अगर इसे 1000 मतदाताओं से गुणा करें तो यह 1 लाख के बराबर है। यह मेरे पैनल की जीत है, जिसमें कांग्रेस, सपा, टीएमसी और निर्दलीय सांसद भी शामिल थे। यह मेरे दो दशकों की मेहनत का नतीजा है।

गौरतलब है कि कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में सचिव पद के लिए अब तक चार बार चुनाव हुए हैं। पहले तीन चुनावों में औसतन 100 के करीब वोट पड़े थे, लेकिन इस बार हाई-प्रोफाइल माहौल के कारण रिकॉर्ड 707 वोट पड़े, जिसने इसे सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल कर दिया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • ट्रंप ने माना- लोगों को ईरान युद्ध पसंद नहीं आया, पेट्रोल की कीमतें बढ़ना भी चुनाव में हार की बड़ी वजह

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: वायु प्रदूषण को लेकर मुंबई में 25 नवंबर तक रॉकेट और हवाई आतिशबाजी पर बैन, BMC का आदेश

  • ,
  • महाराष्ट्र: गोकुल विवाद पर कोल्हापुर में किसानों का प्रदर्शन, सरकार के अध्यादेश के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर

  • ,
  • इंटरव्यू: ‘झारखंड में उर्दू की स्थिति चिंताजनक, लेकिन अस्तित्व बचाने का संघर्ष भी जारी’, मो. अनज़र

  • ,
  • दुनिया की खबरें: डेमोक्रेट्स की जांच की तैयारी, ट्रंप-न्याय मंत्रालय के सख्त रुख से बढ़ा तनाव, होर्मुज खोलने का प्लान बरकरार